विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब कांग्रेस में ऑल इज वेल! अमृतसर-तरनतारन से नेता एक साथ श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचे, दिखाई एकजुटता

Published: Mon, 28 Sep 2026 12:37 PM (IST)

पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी गुटबाजी को दरकिनार कर अमृतसर और तरनतारन के 15 हलकों के वरिष्ठ नेता एक बस में सवार होकर पवित्र स्थल पर नतमस्तक होने पहुंचे।

श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचे अमृतसर-तरनतार के सीनियर नेता।

श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचे अमृतसर-तरनतार के सीनियर नेता।

HighLights

  1. अमृतसर-तरनतारन के 15 विधानसभा सीटों के नेता एकजुट हुए।

  2. सभी दिग्गज नेता एक बस में श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचे।

  3. आगामी चुनावों से पहले गुटबाजी खत्म करने का प्रयास।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस पार्टी में जगजाहिर अंदरूनी कलह और गुटबाजी को समाप्त करने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में सोमवार को अमृतसर और तरनतारन जिले की 15 विधानसभा सीटों के वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने एक अनूठी पहल की। पार्टी में एकजुटता का संदेश देने के लिए सभी दिग्गज नेता एक ही बस में सवार होकर पवित्र धार्मिक स्थल पर माथा टेकने पहुंचे।

प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी की कमान में सभी बड़े चेहरे एक निजी होटल से बस में सवार होकर एक साथ निकले। इस मौके पर स्थानीय सांसद ने दावा किया कि दोनों जिलों के सभी बड़े नेता पूरी तरह से एकजुट हैं और जनहित के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की ही बनेगी और सभी कार्यकर्ता मिलकर संगठन को मजबूत कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- पंजाब के हर जिले में कल कांग्रेस करेगी प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे कार्यकर्ता

गुटबाजी खत्म करने की पहल

गौरतलब है कि पिछले काफी समय से प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से लेकर जिला और हलका स्तर तक भारी गुटबाजी देखने को मिल रही थी। कई कार्यक्रमों में नेताओं के बीच की दूरियां और एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी खुलकर सामने आई थी।

यहां तक कि कई विधानसभा सीटों पर एक से अधिक दावेदार अपनी-अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। केंद्रीय कमान द्वारा नए प्रभारी की नियुक्ति के बाद अब नेताओं को एक मंच पर लाने के प्रयास शुरू किए गए हैं।

यह भी पढ़ें- सचिन पायलट की मौजूदगी में पंजाब कांग्रेस एकजुट, गैरमौजूदगी में दिखी गुटबाजी; चंडीगढ़ प्रदर्शन में गायब रहे चन्नी

अनुशासन को लेकर हाईकमान हुआ सख्त

इस अनूठे शक्ति प्रदर्शन के दौरान राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री, पूर्व कैबिनेट मंत्री और कई पूर्व विधायक एक साथ नजर आए। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एक बस में सफर कर एकजुटता दिखाने की यह कोशिश धरातल पर कितनी कारगर साबित होती है, यह तो आने वाला चुनाव ही तय करेगा। फिलहाल पार्टी हाईकमान की ओर से अनुशासन बनाने और गुटबाजी खत्म करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ पंजाब कांग्रेस के प्रदर्शन पर चला वॉटर कैनन, राजा वड़िंग हिरासत में, चन्नी नदारदद