Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Pahalgam Attack: अब भारतीय पति अटारी में, पाकिस्तानी पत्नियां वाघा में; अब तक 574 पाक नागरिक लौटे

    अटारी पर दो भारतीय पति इंतजार करते रहे और वाघा में उनकी पाकिस्तानी पत्नियां रोक दी गईं। हालांकि शनिवार को 335 पाकिस्तानी अपने वतन गए जबकि 75 भारतीय वहां से स्वदेश लौटे हैं। पिछले तीन दिनों में 574 पाकिस्तानी नागरिक अपने वतन गए जबकि 467 भारतीय वापस आए हैं। भारत व पाकिस्तान में तनाव के कारण अटारी व वाघा बॉर्डर पर कई परिवार संकट में हैं।

    By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Sun, 27 Apr 2025 06:54 AM (IST)
    Hero Image
    पहलगाम आतंकी हमले के बाद अटारी बॉर्डर पर पहरा देते जवान (फोटो- एएनआई)

    जागरण संवाददाता, अमृतसर। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत व पाकिस्तान में तनाव के कारण अटारी व वाघा बॉर्डर पर कई परिवार संकट में हैं। शुक्रवार को वाघा में पाकिस्तानी पति इंतजार कर रहे थे तो इधर अटारी में उनकी भारतीय पत्नियां रोक लिए जाने पर रो रही थीं। शनिवार को दृश्य उलट गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दो भारतीय पति करते रह गए अपनी पत्नी का इंतजार

    अटारी पर दो भारतीय पति इंतजार करते रहे और वाघा में उनकी पाकिस्तानी पत्नियां रोक दी गईं। हालांकि शनिवार को 335 पाकिस्तानी अपने वतन गए, जबकि 75 भारतीय वहां से स्वदेश लौटे हैं। पिछले तीन दिनों में 574 पाकिस्तानी नागरिक अपने वतन गए, जबकि 467 भारतीय वापस आए हैं।

    पत्नियों को रिसीव करने अटारी सीमा पर पहुंचे महाराष्ट्र के विक्रम उदासी व ऋषि जेसरानी ने बताया कि उनकी पत्नियां पाकिस्तान से हैं। दोनों अपने माता-पिता से मिलने पाकिस्तान गई थीं पर अब उन्हें पाकिस्तान की ओर से भारत नहीं आने दिया जा रहा।

    भारत में नहीं घुस पा रहे पाकिस्तानी

    उनका फोन आया था कि वे वाघा सीमा पर पहुंच गई हैं पर देर सायं तक वे भारतीय सीमा में नहीं आईं। उनके पास पाकिस्तानी पासपोर्ट है यानी इस समय पाकिस्तानी नागरिक हैं। इसी तरह कराची से अपनी बुआ दौलत का उपचार कराने भारत आए मोहम्मद रफीक को शनिवार को पाकिस्तान लौटना पड़ा।

    आतंकियों के किए की सजा सबको मिल रही है

    अटारी सीमा पर पहुंचे रफीक ने बताया कि उनकी बुआ गंभीर रूप से बीमार हैं। वह जोधपुर में रह रहे थे। बुआ का उपचार करवाने आए थे। वीजा तो डेढ़ माह का था पर अभी दो सप्ताह ही हुए हैं।

    भारत सरकार ने वीजा पर आए पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने का आदेश दिया है। बुआ का उपचार पूरा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि आतंकियों ने पहलगाम में जो किया, वह निंदाजनक है। आतंकियों का कोई धर्म नहीं है। गलती किसी की और सजा सबको मिल रही है।

    जयपुर से परिवार सहित पाक लौटे बलिराम

    जयपुर से आए बलिराम परिवार सहित अटारी सीमा से पाकिस्तान लौट गए। बलिराम ने बताया कि वह 45 दिनों के वीजा पर आए थे पर अभी यहां बीस दिन ही हुए थे कि लौटना पड़ा है। कहा कि आतंकियों ने धर्म के नाम पर जो किया, वह गलत है। पाकिस्तान मेरी जन्मभूमि है और यही चाहता हूं कि दोनों देशों की सरकारें मिल-जुलकर इस मसले का हल निकालें ताकि आम आदमी को परेशानी न हो।

    छह माह की गर्भवती को भारत छोड़ने का आदेश

    गुरदासपुर के सठियाली निवासी सोनू मसीह ने पाकिस्तान के गुजरांवाला की मारिया से दो वर्ष पहले आठ जुलाई 2024 को प्रेम विवाह किया था। मारिया इस समय छह माह की गर्भवती है। अब मारिया को तुरंत भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है।

    इससे चिंतित परिवार ने पंजाब सरकार व भारत सरकार से अपील की कि शादीशुदा पाकिस्तानी लड़कियों को छूट दी जाए। लेकिन, अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में केंद्र के आदेश का पालन के अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं है।

    उप्र से नौ और पाकिस्तानी नागरिक वापस भेजे गए

    उत्तर प्रदेश में प्रयागराज से सात और पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेज दिया गया है। प्रयागराज में कुल 35 पाकिस्तानी नागरिक हैं, जो लघु अवधि और दीर्घकालिक वीजा लेकर रहे रहे हैं। इनमें से आठ पाकिस्तानी भेजे जा चुके हैं। गाजीपुर में कराची से आया पाकिस्तानी तुफैल अहमद गुरुवार को चला गया।

    नौ पाकिस्तानी अभी वाराणसी में

    वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि लांगटर्म, ऑफिशियल और डिप्लोमेटिक वीजा अभी रद नहीं हुआ है, इसीलिए नौ पाकिस्तानी अभी वाराणसी में हैं।

    लांग टर्म वीजा पर दो-दो पाकिस्तानी महिलाएं रह रही

    एक पाकिस्तानी नागरिक शुक्रवार रात शिवगंगा एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हो गया है। आजमगढ़ में भी चार पाकिस्तानी महिलाएं लांग टर्म वीजा पर रह रही हैं। चारों शादी करने के बाद यहां आई थीं। जौनपुर और भदोही में भी लांग टर्म वीजा पर दो-दो पाकिस्तानी महिलाएं रह रही हैं। मऊ में दो और बलिया में तीन पाकिस्तान नागरिक लांग टर्न वीजा वाले हैं।

    यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी शौहर वाघा पर, भारतीय बीवी अटारी पर; सीमा पर एक दर्जन महिलाओं ने किया हंगामा