Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अमृतसर: गैंगवार में जग्गू भगवानपुरिया का गुर्गा ढेर, डॉक्टर ने निकाली चार गोली; पकड़ा गया गैंगस्टर

    Updated: Sun, 17 Aug 2025 11:11 PM (IST)

    अमृतसर में जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के सदस्य सुखविंदर सिंह की गैंगवार में मौत हो गई। छेहरटा पुलिस ने गैंगस्टर डोनी बल के गुर्गे निखिल ग्वाला को गिरफ्तार किया है। घनशामपुरा गिरोह ने इस गैंगवार की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में कहा गया कि सुखविंदर जग्गू का आदमी था और उनके भाइयों की रेकी कर रहा था इसलिए मारा गया।

    Hero Image
    गवार में जग्गू भगवानपुरिया गिरोह का सुखविंदर की मौत। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, अमृतसर। डिब्रूगढ़ जेल में बंद कुख्यात गैंग्सटर जग्गू भगवानपुरिया गैंग के सदस्य सुखविंदर सिंह की रविवार सुबह मौत हो गई। सुखविंदर सिंह को शनिवार रात हुई गैंगवार में चार गोलियां लगीं थी। सुबह डाक्टरों की टीम ने सिविल अस्पताल में किए गए पोस्टमार्टम में मृतक के शरीर से चार गोलियां निकालीं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    छेहरटा थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद शर्मा ने बताया कि पकड़ा गया निखिल चाहल उर्फ ग्वाला कुख्यात गैंग्सटर डोनी बल का गुर्गा है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक जग्गू के गुर्गे सुखविंदर सिंह और गैंग्सटर डोनी बल के गुर्गे निखिल ग्वाला में कुछ दिनों से रंजिश चल रही थी।

    निखिल को पता चला था कि सुखविंदर अपने साथी अमृतपाल सिंह के साथ छेहरटा इलाके में घूम रहा है। इसके बाद निखिल साथियों के साथ वहां पहुंच गया। मौका मिलते ही निखिल और सुखविंदर ने एक दूसरे पर पिस्तौल तान दिए, लेकिन निखिल ने तेजी से फायर करने शुरू कर दिए।

    चार गोलियां सुखविंदर के पेट में लगीं और वह जमीन पर गिर गया। जब अमृतपाल सिंह ने अपने साथी सुखविंदर को बचाना चाहा तो एक गोली उसके भी हाथ में जा लगी। इस बीच पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने जब गोलियां चला रहे निखिल को काबू करने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर गोलियां चला दीं।

    जवाबी फायर में पुलिस पार्टी ने पार्क में पीछा करके निखिल को गोली मारकर जख्मी करके दबोच लिया। जबकि उसके अन्य साथी भाग गए। पुलिस ने निखिल और उसके अन्य साथियों पर हत्या और हत्या प्रयास के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। निखिल के खिलाफ लुधियाना और अमृतसर में हत्या प्रयास और डकैती के मामले दर्ज हैं।

    घनशामपुरा गैंग ने ली जिम्मेदारी

    छेहरटा के खंडवाला में हुई गैंगवार की जिम्मेदारी घनशामपुरा गैंग ने ली है। इसी गिरोह को मारा जा चुका गोपी घनशामपुरा का भाई मन घनशामपुरा और डोनी बल आपरेट कर रहे हैं। जिम्मेदारी डोनी और दासूवाल गैंग्स्टरों ने ली है। आरोपितों ने वायरल पोस्ट में बताया कि मारा गया कुख्यात गैंग्सटर जग्गू का आदमी था।

    जग्गू के कहने पर उनके भाइयों (गैंग्सटरों) की रेकी करके नुकसान करना चाहते थे। जग्गू के किसी गुर्गे ने तीन पिस्तौल भी भेजे हैं। धमकाया गया है कि जो उनके दुश्मन की सहायता करेगा उसका यही हाल होगा।

    यह लड़ाई आर पार की लड़ाई है। उनका ध्यान सभी पर है, कोई दूसरे मौके की उम्मीद ना करे। अभी यह शुरु हुआ है। लिस्ट काफी लंबी है। अब सभी तैयार रहें।