अमृतसर में स्वास्थ्य विभाग का छापा, भाई लालो जी अस्पताल में मिली एक्सपायर्ड दवाइयां, ओटी और ओपीडी सील
अमृतसर के सुल्तानविंड रोड स्थित अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारकर एक्सपायर्ड दवाइयां बरामद कीं और रिकॉर्ड न मिलने पर ओटी व ओपीडी सील कर दी।

अस्पताल में कार्रवाई करते हुए सेहत विभाग की टीम और सील किया गया ओटी।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। सुल्तानविंड रोड स्थित भाई लालो जी मिशन अस्पताल में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान ओपीडी कक्ष में एक्सपायर्ड दवाइयां मिलीं, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया। वहीं मरीजों का जांच रिकार्ड उपलब्ध न होने के कारण आपरेशन थिएटर ओटी, ओपीडी कक्ष, एक निजी कमरा और एक वार्ड सील कर दिया गया। यह कार्रवाई भाई लालो जी ट्रस्ट के ट्रस्टी की मौजूदगी में की गई।
सिविल सर्जन डाॅ. भारती धवन के निर्देश पर किए गए निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और रिकार्ड की जांच की। टीम में मेडिकल आफिसर डाॅ. पंकज भट्टी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डाॅ. नजमदीप, एनेस्थेटिस्ट डाॅ. कमलप्रीत रियार, बिक्रमजीत कौर और हरभग सिंह शामिल थे।
यह भी पढ़ें- पंजाब में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद, मिलिट्री इंटेलिजेंस इनपुट के बाद फतेहगढ़ साहिब में हुई कार्रवाई
तीसरे दिन भी जांच के लिए आ रहा था मरीज
निरीक्षण के दौरान अल्ट्रासाउंड कक्ष में मशीन उपलब्ध मिली। वहां एक मरीज अल्ट्रासाउंड जांच के लिए मौजूद था। टीम को बताया गया कि मरीज लगातार तीसरे दिन अस्पताल आ रहा था। हालांकि निरीक्षण दल के बार-बार मांगने के बावजूद मरीज की फाइल, इंजेक्शन व दवाइयों का रिकार्ड, ओटी नोट्स और अन्य संबंधित चिकित्सा दस्तावेज सत्यापन के लिए प्रस्तुत नहीं किए गए।
यह भी पढ़ें- रूठे यार को मनाने के लिए नाची और चारों ओर मच गया बवाल, बहुत दिलचस्प है इस पंजाबी-सराइकी लोकगीत की कहानी
मेडिकल वेस्ट निस्तारण के दस्तावेज भी नहीं मिले
सिविल सर्जन के अनुसार अस्पताल में मेडिकल वेस्ट के निपटान से संबंधित दस्तावेज भी निरीक्षण के समय उपलब्ध नहीं करवाए गए। ओपीडी कक्ष की जांच के दौरान एक्सपायर्ड दवाइयां मिलने पर उन्हें जब्त कर लिया गया। निरीक्षण में मिली कमियों को देखते हुए ओटी, ओपीडी कक्ष, एक निजी कमरे और एक वार्ड को सील किया गया है।
