करवाचौथ पर सिरसा के 300 स्थानों पर सजे मेहंदी के स्टाल, ब्यूटी पार्लरों में उमड़ी भीड़; राजस्थानी जूड़े की बढ़ी डिमांड
सिरसा में करवा चौथ पर्व को लेकर बाजारों में महिलाओं की भारी भीड़ देखी गई, जहां पति की लंबी उम्र के लिए व्रत की तैयारियों में महिलाएं जुटी रहीं।
-1793185958697_m.webp)
करवाचौथ पर शहर के 300 से अधिक स्थानों पर सजे मेहंदी के स्टाल, ब्यूटी पार्लरों में सजने पहुंच रही महिलाएं।
HighLights
सिरसा में करवा चौथ की तैयारियों में जुटी महिलाएं
शहर में 300 से अधिक मेहंदी स्टॉल सजे
ब्यूटी पार्लरों में मेहंदी, मेकअप की एडवांस बुकिंग
जागरण संवाददाता, सिरसा। करवाचौथ पर्व को लेकर बाजारों में दिनभर महिलाओं भीड़ लगी रही। पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के लिए महिलाएं व्रत की तैयारियों में लगी रही। चूड़ियों, ज्वेलरी, कास्मेटिक और पूजा सामग्री की दुकानों पर आवाजाही लगी रही।
बाजारों में जगह-जगह पर मेहंदी लगाने के लिए स्टाल लगे हुए हैं। शहर में करीब 300 स्थानों पर स्टाल लगे हुए हैं। ब्यूटी पार्लरों में मेहंदी, मेकअप और हेयर स्टाइलिंग के लिए एक सप्ताह पहले से ही एडवांस बुकिंग चल रही हैं।
सुबह नौ बजे से ही महिलाएं स्टालों व ब्यूटी पार्लरों पर मेहंदी लगवाने के लिए पहुंचनी शुरु हो गई थी। महिलाएं हाथों के साथ साथ पैरों पर भी मेहंदी लगाती दिखाई दी। देर रात तक मेहंदी लगवाने के लिए महिलाएं अपनी बारी का इंतजार करती रही।
करवाचौथ पर साड़ी, डिजाइनर सूट व ड्रेस से मैचिंग की चूड़ियां, कंगन, इयररिंग्स और अन्य शृंगार की सामग्री खरीदने के लिए दुकानों पर महिलाओं की दिनभर भीड़ लगी रही। पूजा की थाली, करवा, छलनी और सजावट के सामान की दुकानों पर भी महिलाओं ने खरीदारी की।
मेहंदी और मेकअप के लिए पहले से हो रही बुकिंग
करवाचौथ पर्व पर सोलह शृंगार को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह है। हाथों पर आकर्षक मेहंदी डिजाइन बनवाने के लिए महिलाओं ने एक सप्ताह पहले ही एडवांस बुकिंग करवाई हुई है, ताकि समय पर मेहंदी और मेकअप करवाया जा सकें।
ब्यूटी पार्लरों में मेकअप, फेशियल और हेयर स्टाइलिंग के लिए अलग-अलग पैकेज दिए गए हैं। मेहंदी लगवाने के लिए 200 से 500 रुपये लिए जा रहे हैं। स्पेशल स्टाइल व डिजाइनिंग वाली मेहंदी लगाने के लिए 500 से 2100 रुपये तक का पैकेज दिया जा रहा है।
ब्यूटी पार्लर संचालक डिंपल ने बताया कि इस बार छलनी के साथ महिला की मेहंदी का डिजाइन ज्यादा डिमांड है। इसके साथ ही करवा मेहंदी, स्कीन, फेसियल, वैक्स, हेयर मेहंदी, हेयर स्टाइल भी करवा रही हैं। रात तक बजे तक महिलाएं मेहंदी लगवा रही है।
जयपुरी सामान की मांग बढ़ी
करवाचौथ पर्व पर श्रृंगार के लिए जयपुरी सामान की मांग ज्यादा है। अधिकतर महिलाएं राजस्थानी जूड़ा पसंद कर रही हैं। इसके साथ ही पंजाबी हाफ जूड़ा भी अधिक बिक रहा है।
कश्मीरी चूड़ियों के साथ-साथ बागड़ी राजस्थानी चूड़ियों की भी मांग है। दुकान आशीष ने बताया कि अधिकतर महिलाएं 200 से 500 रुपये के राजस्थानी जूड़े व पंजाबी हाफ जूड़े पसंद कर रही हैं। इस बार साधारण चूड़ियों व जूड़ों की कम मांग है।
पूजा थाली के लिए रही भीड़
बाजारों में दुकानों पर विभिन्न प्रकार की करवा पूजा थाली सैट लेने के लिए भीड़ लगी रही। इस बार हैप्पी करवाचौथ की थाली को अधिक पंसद किया जा रहा है। अधिकतर महिलाएं हैप्पी करवाचौथ लिखी हुई प्लेट वाली हैवी थाली को पसंद कर रही हैं।
जिसमें बड़ी करवा थाली, लौटा, छननी व दीया शामिल है। साधारण करवा सैट 150 रुपये से 200 रुपये तक और सजावटी करवा थाली सैट 300 रुपये से 1200 रुपये तक बिक रहा है।
