तरनतारन उपचुनाव के लिए BJP ने उतारा उम्मीदवार, हरजीत सिंह संधू पहली बार लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तरनतारन उपचुनाव के लिए हरजीत सिंह संधू को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के जिला अध्यक्ष संधू पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। विरोध के बावजूद केंद्रीय हाईकमांड ने सर्वे के आधार पर उनके नाम पर मुहर लगाई। शिअद से भाजपा में आए संधू को अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन इकबाल सिंह लालपुरा की सिफारिश पर टिकट मिला है।

धर्मबीर सिंह मल्हार, तरनतारन। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तरनतारन उप-चुनाव के लिए पार्टी के जिला अध्यक्ष हरजीत सिंह संधू पर सियासी दांव खेला है।
टिकट के दावेदारों में कई नेताओं को सियासी मात देने वाले हरजीत सिंह संधू पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ रहे है। हालांकि पार्टी के एक गुट द्वारा संधू का विरोध किया जा रहा था, लेकिन केंद्रीय हाईकमांड द्वारा करवाए सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर वीरवार की सायं को उनके नाम पर मुहर लगा दी गई।
शिअद से सियासत में कूदे मंजीत सिंह मीयांविंड के करीबियों में हरजीत सिंह संधू का नाम जाना जाता था। 2022 में दोनों ने शिअद छोड़कर भाजपा ज्वाइन की थी। इस दौरान मंजीत सिंह मीयांविंड को पार्टी ने जिला अमृतसर (देहाती) का अध्यक्ष बनाया। जबकि हरजीत सिंह संधू तरनतारन के अध्यक्ष बने।
नौ महीने पहले मिली जिला अध्यक्ष की कमान
पार्टी हाईकमांड द्वारा संधू को दूसरी बार भी जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी करीब नौ माह पहले सौंपी गई थी। हालांकि लोकसभा चुनाव के बाद मीयांविंड व संधू के बीच छत्तीस का आंकड़ा बढ़ गया था। विधानसभा हलका तरनतारन के उप-चुनाव के लिए टिकट के दावेदारों में अमनदीप सिंह संधू रौकी बुर्ज, गुरमुख सिंह घुल्ला बलेर, नवरीत सिंह शफीपुर, तरुण जोशी और रंजीत सिंह ठरू मुख्य तौर पर शामिल थे।
ये सभी नेता पार्टी हाईकमांड समक्ष कई बार हाजिरी भी भर चुके थे। भाजपा की केंद्रीय कमेटी के सदस्य व अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन इकबाल सिंह लालपुरा की सिफारिश पर हरजीत सिंह संधू को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
संधू का अन्य नेताओं ने किया था विरोध
बता दें कि संधू की टिकट में सबसे अधिक अड़चन पूर्व सीपीएस मंजीत सिंह मीयांविंड द्वारा डालने का लगातार प्रयास किया गया, लेकिन पार्टी द्वारा करवाए गए सर्वे के बाद उनके नाम पर मुहर लगा दी गई।
बाक्स: हरजीत सिंह संधू ने पार्टी हाईकमांड का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा ने मुझे बहुत सम्मान दिया है। उप-चुनाव में प्रत्याशी घोषित कर वर्करों की नब्ज को टटोला है।
बतौर अध्यक्ष मैंने तरनतारन जिले में पार्टी का झंडा बुलंद करने में कसर नहीं छोड़ी। उप-चुनाव जीतने के लिए पार्टी पूरी तरह से एकजुट है। टिकट पर दावा जताने वाले विभिन्न नेता मेरे लिए गैर नहीं बल्कि मेरे अपने है। टिकट पर दावा जताना सभी का कर्तव्य है, लेकिन हाईकमांड द्वारा जो फैसला लिया गया है, उसके लिए आभारी हूं।
भाजपा के जिला महामंत्री शिव कुमार सोनी, हरप्रीत सिंह सिंदबाद, सुरजीत सिंह सागर, एडवोकेट जसकरण सिंह तूत, मंडल अध्यक्ष रोहित शर्मा, पवन देवगन, गौरव देवगन, भायुमो के जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी, जिला महामंत्री अमन अरोड़ा, शहरी अध्यक्ष कार्तिक चोपड़ा, निशान सिंह, दीपक शर्मा (कैरों वाले), नेत्रपाल सिंह, अवतार सिंह बंटी, जब्बर सिंह मुरादपुरा और रमेश कुमार ने पार्टी हाईकमांड का आभार जताते हुए संधू की जीत के लिए आश्वासन दिलाया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।