महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रही हैं प्रियंका, गांवों में कैंप लगाकर कर रही हैं सशक्त
अमृतसर की प्रियंका गोयल महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए निस्वार्थ भाव से काम कर रही हैं। वह चिकित्सा शिविर लगाती हैं पोषण प्रोजेक्ट चलाती हैं और सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाती हैं। उनके प्रयासों से कई महिलाओं को स्वास्थ्य लाभ मिला है। वह सर्वाइकल कैंसर के प्रति भी महिलाओं को जागरूक कर रही हैं। पंजाब के कई जिलों में वह जागरूकता सेमिनार कर महिलाओं को सशक्त कर रही हैं।

नितिन धीमान, अमृतसर। आमतौर पर अधिकांश महिलाएं अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग नहीं रहतीं। चाहे वह महावारी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां हों या फिर किसी भी प्रकार की शारीरिक विषमता, महिलाएं खुद से अधिक अपने परिवार की छोटी-छोटी बातों पर ध्यान केंद्रित रखती हैं।
महिला सशक्तीकरण का नारा तो देश भर में गूंजता है पर वास्तव में महिलाओं को सशक्त एवं स्वस्थ बनाने के लिए एक सोच और दृढ़संकल्प की आवश्यकता है। इसी सोच के साथ चल रही हैं अमृतसर की प्रियंका गोयल। लघु उद्योग भारतीय के महिला विंग की अध्यक्ष प्रियंका गोयल उन महिलाओं के लिए निस्वार्थ भाव से काम कर रही हैं जो अपने स्वास्थ्य संबंधी रोगों को नजरअंदाज करती हैं।
अमृतसर के बसंत एवेन्यू में रहने वाली प्रियंका गोयल इंडस्ट्रीलिस्ट हैं। महिलाओं को स्वास्थ्य लाभ दिलाने के लिए अब तक कई चिकित्सा शिविर लगा चुकी हैं। शहरी आबादी के साथ-साथ गांवों में भी कैंप लगाए जा रहे हैं। प्रियंका गोयल पिछले 14 वर्षों से इस काम में निस्वार्थ भाव से जुटी हैं। मेरे पिता स्वराज गोयल शहर के कई प्रमुख ट्रस्टों में चेयर बोर्ड पर्सन काम करते हैं। वह कहते है कि आप पैसे से किसी मदद नहीं कर सकते तो स्वास्थ्य लाभ दें। उनके इस संकल्प को मैं पूरा कर रही हूं। शहर के बड़े अस्पतालों के डाक्टरों के माध्यम से चिकित्सा शिविर लगाए जाते हैं। वहीं प्रशासन के सहयोग से हेल्थ कैंपेन चलाई जा रही है।
पोषण प्रोजेक्ट का कर रही हैं संचालन
प्रियंका गाोयल बातती हैं कि वह पोषण प्रोजेक्ट का संचालन कर रही हैं। इसके माध्यम से बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए गुणवत्तायुक्त आहार दिया जाता है। वहीं उनकी स्वास्थ्य जांच की जाती है। एक मोटीवेशनल स्पीकर होने के नाते मैं स्कूलों व कॉलेजों में लेक्चर देती हूं और विद्यार्थियों को स्वस्थ रहने तथा देश के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वाह करने की अपील करती हूं।
सर्वाइकल कैंसर के प्रति कर रही हैं जागरूक
प्रियंका गोयल ने महिलाओं में होने वाली सर्वाइकल कैंसर के प्रति विस्तृत अभियान फुलकारी ग्रुप ऑफ अमृतसर के सहयोग से शुरू किया है। इसके अंतर्गत वह गांव-गांव जाकर सेमिनार कर रही हैं। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के खतरे, लक्षण, बचाव और वैक्सीन आदि के बारे मेंजानकारी दे रही हैं ताकि समय रहते इसका इलाज करवाया जा सके। पंजाब के कई जिलों में वह जागरूकता सेमिनार कर चुकी हैं।
इन सेमिनारों में वह महिलाओं को बताती हैं कि सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन उपलब्ध है। नौ वर्ष से लेकर 24 वर्ष की आयु तक महिलाएं लगवा लें। कोरोना के दौरान जब लोगों के सामने विषम परिस्थिति उत्पन्न हुई थी तो प्रियंका गोयल ने प्रतिदिन 500 लोगों के खाने का प्रबंध किया। प्रियंका कहती हैं कि महिलाओं को जानकारी होनी चाहिए कि उनके अधिकार क्या हैं। महिलाओं को सशक्त करना है तो हम सब को मिलकर प्रयास करने होंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।