खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड अधूरा मिलने पर अमृतसर में दवा दुकानों पर कार्रवाई, प्रेगाबालिन समेत कई दवाइयां जब्त
अमृतसर के वेरका क्षेत्र में ड्रग विभाग और पुलिस टीम ने चार दवा दुकानों की जांच की। इस दौरान रिकॉर्ड अधूरा मिलने पर दवाइयां जब्त की गईं।

ये प्रतीकात्म्क तस्वीर है।
HighLights
अमृतसर के वेरका में दवा दुकानों पर छापेमारी।
खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड में मिली अनियमितताएं।
प्रेगाबालिन सहित कई दवाइयां जब्त की गईं।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। मानसा में परविंदर सिंह झोटा के हत्या के बाद पंजाब सरकार मेडिकल नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। अमृतसर में ड्रग विभाग ने प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री पर निगरानी के लिए वेरका में चार दवा दुकानों की जांच की। इस दौरान तीन दुकानों पर रिकार्ड संबंधी अनियमितताएं मिलीं।
न्यू राणा केमिस्ट शाप से चार प्रकार की दवाइयां जब्त की गईं। दुकान के प्रभारी खरीद बिल प्रस्तुत नहीं कर सके थे। ड्रग कंट्रोल अधिकारी सुखदीप सिंह (अमृतसर-तीन) और ड्रग कंट्रोल अधिकारी बबलीन कौर (अमृतसर-दो) ने थाना वेरका की प्रभारी सुमनप्रीत कौर मान के नेतृत्व वाली पुलिस टीम के साथ यह जांच की।
यह भी पढ़ें- परविंदर झोटा हत्याकांड में इंसाफ तक काली पगड़ी पहनेंगे भाजपा अध्यक्ष केवल ढिल्लों, मानसा मोर्चे को दिया समर्थन
शेड्यूल्ड एच-1 रजिस्टर नहीं कर पाए पेश
जांच के दौरान अजित नगर बाजार स्थित न्यू राणा केमिस्ट शाप से प्रेगाबालिन और मिथाइलकोबालामिन, प्रेगाबालिन और नार्ट्रिप्टिलीन तथा डाइसाइक्लोमाइन और पैरासिटामोल के मिश्रण वाली चार प्रकार की एलोपैथिक दवाइयां जब्त की गईं। दुकान का बिक्री रिकार्ड भी अधूरा मिला। इसके अलावा मांगने पर शेड्यूल एच-1 रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किया गया।
यह भी पढ़ें- ED की जांच के बीच पंजाब सरकार का बड़ा एक्शन, मोहाली के बिल्डर को मिली 40 करोड़ की छूट रद
दवा खरीद का रिकार्ड दिखाने में हुए असफल
अजित नगर बाजार स्थित भगत मेडिकल स्टोर की जांच में भी शेड्यूल एच-1 रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके अलावा शेड्यूल एच-1 के तहत आने वाली सेफिक्सिम दवा के खरीद बिल भी जांच के दौरान नहीं दिखाए गए। गुरु नानक मेडिकल स्टोर वेरका में खरीद का रिकार्ड मांगने पर संबंधित बिक्री रिकार्ड प्रस्तुत नहीं किया गया।
