विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमृतसर में कौमी एकता की अनूठी मिसाल, सिख परिवार ने छठ व्रतियों के लिए बनवाया 150 फीट लंबा सरोवर

Published: Sun, 15 Nov 2026 06:29 PM (IST)

अमृतसर में सिख परिवार ने कौमी एकता की मिसाल पेश करते हुए छठ व्रतियों के लिए 150 फीट लंबा सरोवर ...और पढ़ें

अमृतसर में तैयार किया गया सरोवर।

अमृतसर में तैयार किया गया सरोवर।

HighLights

  1. सिख परिवार ने छठ व्रतियों के लिए बनवाया 150 फीट लंबा सरोवर।

  2. यह पहल पंजाब में सांप्रदायिक सद्भाव और भाईचारे की मिसाल बनी।

  3. बिहार-यूपी के लोगों को मिला अपनेपन और सम्मान का एहसास।

नितिन धीमान, अमृतसर। गुरुओं की नगरी अमृतसर में रविवार को छठ पर्व की आस्था के साथ पंजाब के अपनेपन और भाईचारे की एक ऐसी मिसाल भी देखने को मिली, जिसने बिहार और उत्तर प्रदेश से आकर यहां बसे लोगों के दिल जीत लिए। सूर्य देव को अर्घ्य देने के लिए जब छठ व्रतियों को पानी से भरे सरोवर की जरूरत थी, तब एक सिख परिवार ने आगे आकर उनकी यह चिंता अपनी समझी। न कोई सरकारी इंतजाम का इंतजार और न किसी से मदद की उम्मीद।

उद्यमी बलदेव सिंह कंडा और उनकी पत्नी नीलम कंडा ने अपने खर्च पर खाली प्लाट को सरोवर का रूप दे दिया, ताकि छठ व्रती पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ अपना पर्व मना सकें। सुल्तानविंड नहर के पास तैयार करवाया गया यह सरोवर 150 फीट लंबा, 25 फीट चौड़ा और सात फीट गहरा है।

परिवार ने जेसीबी मशीन से पहले प्लाट की सफाई करवाई और फिर खुदाई करवाकर उसे जलाशय का रूप दिया। इसमें सबमर्सिबल पंप के माध्यम से पानी भी भरवाया गया, ताकि व्रतियों को सूर्य देव को अर्घ्य देने के लिए किसी तरह की परेशानी न हो।

यह भी पढ़ें- छठ पूजा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, काशी के 84 घाटों पर लाखों ने दिया डूबते सूर्य को अर्घ्य

chatth sarovar

सरोवर बनवाने में सहयोग करने वाला परिवार।

कंडा परिवार के सहयोग की सराहना

उत्तर प्रदेश बिहार कल्याण परिषद के महासचिव राम भवन गोस्वामी, वरिष्ठ उपप्रधान सुखदेव पाल, उपप्रधान संतोष सिंह गांधी और उनके साथियों ने बताया कि शहरी क्षेत्र में छठ पर्व के आयोजन के लिए उपयुक्त जलाशय की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती होती है।

खासकर उन लोगों के लिए, जो अपने घरों से दूर पंजाब में रहकर इस पर्व को अपनी परंपरा और पूरी आस्था के साथ मनाते हैं। ऐसे समय में कंडा परिवार का आगे आना उनके लिए केवल एक सुविधा उपलब्ध करवाना नहीं, बल्कि अपनेपन का एहसास करवाना है।

यह भी पढ़ें- छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, पानीपत में व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य; मांगी परिवार की खुशहाली

धार्मिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल

बलदेव सिंह कंडा और नीलम कंडा का कहना है कि अमृतसर गुरुओं की नगरी है। यहां हर धर्म और समुदाय के लोगों को बराबर सम्मान मिलता है। पर्व और त्योहार ही वह अवसर होते हैं, जब एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होकर भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है। उनका उद्देश्य केवल इतना था कि छठ पर्व मनाने वाले लोगों को अपने धार्मिक आयोजन के लिए किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस सेवा में कार सेवा वाले बाबा कश्मीर सिंह भूरीवाले ने भी योगदान दिया। उनकी ओर से पानी की व्यवस्था के लिए चार टैंकर भेजे गए। बिहार और उत्तर प्रदेश से आकर अमृतसर में बसे लोगों के लिए यह सहयोग इस बात का भरोसा लेकर आया कि भले ही उनकी जन्मभूमि कहीं और हो, लेकिन उनकी आस्था और खुशियों में शामिल होने वाले लोग पंजाब भी हैं।

यह भी पढ़ें- वैशाली में छठ घाट पर दउरा लेकर पहुंचे केन्द्रीय गृह मंत्री नित्यानंद राय, डूबते हुए सूर्य को दिया गया अर्घ्य

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।