विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैशाली में छठ घाट पर दउरा लेकर पहुंचे केन्द्रीय गृह मंत्री नित्यानंद राय, डूबते हुए सूर्य को दिया गया अर्घ्य

Published: Sun, 15 Nov 2026 05:47 PM (IST)

वैशाली जिले में छठ महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया। कोनहारा घाट सहित अन्य घाटों ...और पढ़ें

हाजीपुर में छठ घाट पर दउरा लेकर जाते केन्द्रीय गृह मंत्री नित्यानंद राय। फोटो जागरण

हाजीपुर में छठ घाट पर दउरा लेकर जाते केन्द्रीय गृह मंत्री नित्यानंद राय। फोटो जागरण

HighLights

  1. वैशाली में छठ महापर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य संपन्न।

  2. अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने घाटों पर उमड़ा जनसैलाब।

  3. केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने हाजीपुर में की छठ पूजा।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को वैशाली जिले भर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए दोपहर बाद से ही छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का घाटों की ओर पहुंचना शुरू हो गया।

शाम होते-होते जिले के कोनहारा घाट, सीढ़ी घाट, क्लब घाट सहित नदी, तालाब और पोखरों के तमाम छठ घाट आस्था के जनसैलाब से गुलजार हो उठे।

पारंपरिक छठ गीतों की मधुर गूंज, दीपों की रोशनी और सूप-दउरा की सजावट से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। छठ व्रतियों ने सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना सहित अन्य पूजन सामग्री सजाकर भगवान भास्कर की आराधना की।

सूर्यास्त के समय कमर भर पानी में खड़े होकर व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं खुशहाली की कामना की।

इस दौरान व्रतियों के परिजन और श्रद्धालु घाटों पर प्रसाद वितरण करते नजर आए। कई जगहों पर युवाओं और सामाजिक संगठनों ने साफ-सफाई, रोशनी और सजावट की व्यवस्था की थी। छठी मइया के जयकारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने हाजीपुर में छठ पूजा के दौरान व्रतियों के साथ अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने छठ व्रतियों से मिलकर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं।

घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। वैशाली जिले के विभिन्न छठ घाटों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

जिले के 22 घाटों पर अग्निशमन वाहन के साथ पदाधिकारी तैनात रहे।जिलाधिकारी वर्षा सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा, एसडीओ विशाल सहित सभी एसडीपीओ, सभी थानों के थानाध्यक्ष एवं सैकड़ों की संख्या में पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल घाटों पर तैनात रहे।

अधिकारियों ने स्वयं घाटों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। छठ व्रतियों को कोई परेशानी न हो, इसका पूरा ख्याल रखा गया। संध्या अर्घ्य शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

यह भी पढ़ें- जमुई में छठ महापर्व का दूसरा दिन, डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने की सुख-समृद्धि की कामना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।