विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, पानीपत में व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य; मांगी परिवार की खुशहाली

Published: Sun, 15 Nov 2026 06:04 PM (IST)

पानीपत में चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।

HighLights

  1. पानीपत में छठ महापर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य अर्पित

  2. छह प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी

  3. सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन रहा अलर्ट

जागरण संवाददाता, पानीपत। चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को श्रद्धा और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। पूर्वांचल और बिहार से जुड़े लोगों में छठ पूजा को लेकर खासा उत्साह नजर आया।

व्रती महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखकर शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की लंबी आयु की कामना की। शहर के छह प्रमुख छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। घाटों पर छठी मैया के गीतों और पूजा के पारंपरिक मंत्रों से माहौल भक्तिमय हो गया।

महिलाओं ने बताया कि छठ महापर्व के तीसरे दिन को संध्या अर्घ्य के रूप में मनाया जाता है। इसके लिए महिलाएं सुबह से ही पूजा की तैयारियों में जुटी रहीं। घरों में प्रसाद तैयार किया गया।

इसके बाद शाम को महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ पूजा की सामग्री, फल, फूल और पारंपरिक प्रसाद से भरी टोकरी लेकर छठ घाटों पर पहुंचीं। शाम करीब चार बजे से ही घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। जैसे-जैसे सूर्यास्त का समय नजदीक आया, घाटों पर भीड़ बढ़ती चली गई।

व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा में शामिल हुए और छठी मैया से परिवार की तरक्की और सुख-शांति की प्रार्थना की। कई जगहों पर महिलाओं ने समूह में पारंपरिक छठ गीत गाए। घाटों पर रोशनी और पूजा की व्यवस्थाओं के बीच पर्व की रौनक देखते ही बन रही थी।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट

छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। शहर के सभी छह छठ घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। पुलिस प्रशासन भीड़ और व्यवस्था पर नजर रखे हुए था, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

घाटों पर परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से पूजा-अर्चना की। सोमवार को महापर्व के चौथे और अंतिम दिन व्रती महिलाएं उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण करेंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।