जंडियाला गुरु में वकील पर बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग, अमृतसर के अस्पताल में कराया भर्ती; हालत गंभीर
अमृतसर के जंडियाला गुरु में सोमवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने वकील लखविंदर सिंह को गोली मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लखविंदर जो पूर्व पार्षद अवतार सिंह काला के भाई हैं अपनी कार से कचहरी जा रहे थे जब बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाईं। पुलिस ने मौके से गोलियों के खोल बरामद किए हैं।

संवाद सहयोगी, जंडियाला गुरु (अमृतसर)। जंडियाला गुरु में सोमवार सुबह लगभग पौने नौ बजे बाइक पर सवार तीन अज्ञात नकाबपोश युवकों ने वकील लखविंदर सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। लखविंदर पूर्व पार्षद अवतार सिंह काला के भाई हैं। वह कार में सवार होकर अमृतसर कचहरी में काम के लिए जा रहे थे।
25 मई को भी जंडियाला गुरु में पार्षद हरजिंदर सिंह बामन की गोलियां मारकर की हत्या कर दी गई थी। डीएसपी रविंदर सिंह ने बताया कि लखविंदर सुबह अपनी कार (नंबर पीबी-02 सीई 6897) पर कचहरी जा रहे थे। इस दौरान बाइक सवार युवकों ने उन पर गोलियां चलाईं। उन्हें दो गोलियां लगीं हैं। गंभीर हालत में उन्हें अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोलियों के लगने के बाद उनकी कार बेकाबू होकर साइकिल पर जा रहे एक मिस्त्री से टकरा गई, जिससे वह भी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से गोलियों के पांच खोल बरामद किए हैं। कुल कितने राउंड फायरिंग हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने आशंका जताई है कि यह मामला आपसी लेनदेन से जुड़ा हो सकता है।
लखविंदर पिछले कई वर्षों से कचहरी में आपराधिक मामलों की प्रैक्टिस कर रहे हैं। कुछ लोग इसे गैंग्स्टरवाद की घटना भी मान रहे हैं। कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ने इस घटना को दुखद बताया और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसपी मनिंदर सिंह ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।