एशियंस चैंपियंस हॉकी ट्रॉफी खेलने के लिए भारत पहुंची पाकिस्तान की टीम, 9 अगस्त को होगा इंडिया से सामना
तीन से 12 अगस्त तक होने वाली एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लेने के लिए पाकिस्तान की हॉकी टीम वाघा-अटारी सीमा से भारत पहुंची। सीमा पर बीएसएफ ने टीम का स्वागत किया। पत्रकारों से बातचीत में टीम के कोच मुहम्मद सकलेन ने कहा कि खेलों से दोनों देशों में आपसी प्रेम बढ़ता है। दोनों देशों के बीच खेल गतिविधियां अधिक से अधिक होनी चाहिए। हम दोस्ती को और आगे बढ़ाएंगे।
अटारी/अमृतसर, जागरण संवाददाता। चेन्नई में 3 से 12 अगस्त तक होने जा रही एशियन चैंपियंस हॉकी ट्राफी में भाग लेने के लिए पाकिस्तान की हॉकी टीम मंगलवार को भारत पहुंची। अटारी सीमा पर बीएसएफ ने हॉकी टीम का स्वागत किया। इसके बाद कस्टम व इमिग्रेशन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद इन्हें सुरक्षा के बीच श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लाया गया। यहां से विमान के जरिए टीम सदस्य चेन्नई रवाना हुए।
अटारी सीमा पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए पाकिस्तान हॉकी टीम के कोच मुहम्मद सकैलन ने कहा कि खेलों से दोनों देशों में परस्पर प्रेम बढ़ता है। हम खेल के साथ दोस्ती को आगे बढ़ा रहे हैं। यह खुशी की बात है कि जब भी दोनों देशों के लोग आपस में मिलते हैं तो मेहमाननवाजी होती है। दोनों कौमों का दिल बहुत बड़ा है।
'हम दोस्ती को और आगे बढ़ाएंगे'
उन्होंने कहा कि खेलों के अतिरिक्त फिल्म इंडस्ट्री भी एक दूसरे को पास लाने का माध्यम है। पास आने से दूरियां मिटती हैं, दिल के करीब रहते हैं। हमारे सिख भाई भी विशेष अवसरों पर पाकिस्तान आते हैं। पाकिस्तान के लोग भी भारत आते हैं। यहीं दूरियां कम करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच खेल गतिविधियां अधिक से अधिक होनी चाहिए। हम दोस्ती को और आगे बढ़ाएंगे।
पाकिस्तान की हॉकी टीम
पाकिस्तान हॉकी टीम में कप्तान उमर भट्ट के अलावा उपकप्तान राणा अब्दुल वहीद अशरफ, अकमल हुसैन, मुहम्मद सुफियान खान, एहतशाम असलम, अब्दुल्ला इश्तियाक खान, मुहम्मद अब्दुल्ला, ओसामा बशीर, अकील अहमद, अरशद लियाकत, जकारिया हयात, मुहम्मद इमाद, अब्दुल हनान शाहिद, रोमन, मुहम्मद मुर्तजा याकूब, मुहम्मद शाहजेब खान, अफराज और अब्दुल रहमान शामिल हैं।
इसके अलावा एक्सट्रा खिलाड़ियों में अली रजा, मुहम्मद बाकिर, अब्दुल वहाब, वकार अली, मुहम्मद नदीम खान, मुहम्मद अरसलान और अब्दुल कय्यूम पहुंचे हैं।
पाकिस्तान और भारत का मुकाबला
अटारी सीमा पर कस्टम व इमिग्रेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद टीम को एयरपोर्ट रवाना किया गया। इस टीम को पंद्रह दिन का वीजा मिला है। चेन्नई में हीरोज एशियन चैंपियनशिप 3 से 12 अगस्त तक हो रही है। पाकिस्तान टीम का मुकाबला 3 अगस्त को मलेशिया के साथ है। वहीं, भारत के साथ पाकिस्तानी टीम का सामना 9 अगस्त को होगा। पाकिस्तानी हॉकी टीम 14 अगस्त को अटारी सीमा से वापस रवाना होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।