अमृतसर के अजनाला थाने पर हमले के मामले में अमृतपाल के 8 साथियों की कोर्ट में पेशी, सभी के बयान हुए कलमबंद
अजनाला थाना हमला मामले में अमृतपाल सिंह के आठ साथियों को कोर्ट में पेश किया गया। सभी के बयान कलमबंद ...और पढ़ें

अमृतसर कोर्ट पहुंची पुलिस।
HighLights
अमृतपाल के आठ साथी अजनाला थाने हमले मामले में कोर्ट में पेश हुए।
अदालत ने सभी आरोपितों के बयान कलमबंद किए, आगे की प्रक्रिया जारी।
अजनाला हमले मामले में अगले दो-तीन महीनों में निर्णय की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के आठ साथियों को अजनाला थाने पर हमले के मामले में वीरवार दोपहर अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान सभी आरोपितों के बयान कलमबंद किए गए। अब मामले में अदालत की आगामी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि अगले दो से तीन महीनों में मामले में निर्णय की स्थिति बन सकती है।
अदालत में पेश किए गए आरोपितों में हरमेल सिंह, बसंत सिंह, कुलवंत सिंह, हरजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, बलविंदर सिंह, ईश्वर सिंह और भगवंत सिंह उर्फ प्रधानमंत्री बाजेके शामिल हैं। सभी आरोपितों को मामले की सुनवाई के तहत अदालत में पेश किया गया। उनके बयान दर्ज किए जाने के बाद अब आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- अल्टीमेटम खत्म होते ही अमृतसर-फिरोजपुर में रेलवे ट्रैक पर डटे किसान, ट्रेनों के बदले रूट; यात्री परेशान
धार्मिक यात्रा की आड़ में थाने पर हमला
उल्लेखनीय है कि फरवरी 2023 में अमृतपाल सिंह और उसके सैकड़ों समर्थकों ने धार्मिक यात्रा की आड़ में अजनाला थाने पर हमला किया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। हमले में पुलिस अधीक्षक जुगराज सिंह सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
इस मामले के बाद पुलिस ने अमृतपाल सिंह और उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। मामले को लेकर पंजाब में कानून-व्यवस्था और पुलिस सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई थी।
यह भी पढ़ें- यात्रा से पहले पीड़ित परिवारों से मिले भाजपा नेता, सुनील जाखड़ बोले- नशे पर राजनीति नहीं, दर्द समझने की जरूरत
डिब्रूगढ़ जेल में बंद है अमृतपाल
मामले में अमृतपाल सिंह का मुकदमा इसी अदालत में अलग से चल रहा है। उसके साथियों की सुनवाई और अमृतपाल सिंह के मामले की प्रक्रिया अलग-अलग चल रही है। वीरवार को पेश किए गए आठ आरोपितों के बयान कलमबंद किए जाने के बाद अदालत की अगली कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।
अमृतपाल सिंह वर्तमान में असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद है। उसने जेल में रहते हुए लोकसभा चुनाव लड़ा था और खडूर साहिब लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुना गया था। अजनाला थाने पर हमले का मामला उसके राजनीतिक सफर और कानूनी मामलों के बीच लगातार चर्चा में रहा है।
