तरनतारन में सिविल अस्पताल के पास युवक को पेट्रोल डालकर जलाया, मामला दर्ज
तरनतारन में फिरोजपुर के एक युवक मनजीत सिंह को सिविल अस्पताल के पास कुछ अज्ञात हमलावरों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पीड़ित ने बताया कि उसने कुछ लोगों को एक दिव्यांग के साथ दुर्व्यवहार करते देख बीच-बचाव किया था जिसके बाद उस पर हमला किया गया। पुलिस ने घटना का वीडियो मिलने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जागरण संवाददाता, तरनतारन। जिला फिरोजपुर के गांव वारिस वाला जट्टा के 30 वर्षीय युवक मनजीत सिंह पर कुछ बदमाशों ने सिविल अस्पताल के निकट पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना का वीडियो पुलिस को सौंपा गया, लेकिन 10 दिन की जांच के बाद शुक्रवार को थाना सिटी की पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
शिकायतकर्ता मनजीत सिंह ने बताया कि वह राजीव टूर एंड ट्रेवल्स मक्खू में चालक के रूप में कार्यरत है। उनकी कंपनी का पावरकाम के साथ गाड़ियों का ठेका है। 11 सितंबर को मनजीत, पावरकाम के जेई संदीप सिंह के साथ पावरग्रिड का सामान लेकर तरनतारन के गांव बालाचक्क आ रहा था।
सिविल अस्पताल के पास दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने निजी सामान लेने के लिए गाड़ी रोकी। इस दौरान कुछ लोग आपस में विवाद कर रहे थे। एक दिव्यांग को गाली देने से मनजीत ने उन्हें रोका, जिसके बाद बदमाशों ने मनजीत के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
तभी एक युवक पेट्रोल की बोतल लेकर आया और मनजीत पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में मनजीत की एक बाजू झुलस गई। दर्द से कराहते मनजीत को सिविल अस्पताल तरनतारन में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।
मनजीत ने बताया कि घटना का वीडियो कुछ लोगों ने अपने मोबाइल पर बनाया, जिसे जांच अधिकारी एएसआइ लखविंदर सिंह को सौंपा गया। पुलिस ने शुक्रवार रात को अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। थाना सिटी के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरशरन सिंह ने कहा कि यदि किसी आरोपित का नाम सामने आया तो उसे नामजद किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।