Bijnor News: बिजनौर में बोले नसीमुद्दीन सिद्दीकी-37 साल तक बंद रही जुबां, अब मिली आजादी
Nasimuddin Siddiqui बिजनौर दौरे के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी बोले कि कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रांतीय अध्यक्ष निकाय चुनाव में सफलता मिलेगी लेकिन समीकरण नहीं बता सकते। संगठन की समीक्षा की। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बिजनौर, जागरण संवाददाता। Nasimuddin Siddiqui News उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि 37 साल तक ऐसी पार्टी में रहा जहां जुबां बंद रखी जाती थी। धमकी दी जाती थी कि प्रैस से बात की तो पार्टी से निकाल दिए जाओगे। अब उस माहौल से आजादी मिली है। कांग्रेस में तो जिम्मेदारी ही प्रैस से बात करने की मिली है। मुझे मीडिया सरकुलेशन डिपार्टमेंट का चेयरमैन बनाया गया है।
देश को तोड़ने की कोशिश हो रही
अब हम बात कर सकते हैं। निकाय चुनाव में कांग्रेस इस बार कांग्रेस सफलता हासिल करेगी लेकिन जीत का समीकरण क्या होगा वह अभी नहीं बता सकते हैं। कांग्रेस के राज में भारत अखंड था लेकिन आज भाजपाराज में देश को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसी प्रयास को नाकाम करने के लिए राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं। जिससे कांग्रेस मजबूत हो रही है।
बिजनौर में संगठन की समीक्षा
बिजनौर स्थित कांग्रेस कार्यालय पर प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने संगठन के पदाधिकारियों और निकाय चुनाव के दावेदारों के साथ संगठन की समीक्षा की तथा निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अभी संगठन को मजबूत करना प्राथमिकता है। आज उसी की तैयारी है। निकाय चुनाव में कांग्रेस सफल होगी। सरकार परिसीमन घोषित कर दे तो संगठन प्रत्याशी तय कर लेगा। लेकिन अभी जीत के समीकरण बता दिए तो विपक्षी सतर्क हो जाएंगे।
कांग्रेस लड़ रही हक की लड़ाई
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का जाति धर्म की राजनीति से कोई वास्ता नहीं है। किसान, मजदूर, महिला, मजबूर सभी की हक की लड़ाई केवल कांग्रेस लड़ रही है। जनता परेशान है। जब से देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है। हाहाकार मचा है। सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। महंगाई चरम पर है। किसानों को न तो उपज का सही दाम मिल रहा है और न ही समय पर भुगतान हो रहा है। किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहा है।
चरम पर है महंगाई
गन्ना किसानों को उनकी फसल का भुगतान एक वर्ष बाद मिलता है और चीनी के दाम मनमाने बढ़ रहे हैं। महंगाई चरम पर है। बेरोजगारी से भुखमरी के हालात हैं। महिलाओं का सम्मान खतरे में है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद कहीं पर भी इस समस्याओं के विरुद्ध कांग्रेस की आवाज को नहीं सुना जा रहा है।
राहुल गांधी पर भी बोले
सरकार ने सुनने से इंकार कर दिया है। लिहाजा जनता की बात जनता के बीच में ही करने के लिए राहुल गांधी 3700 किमी लंबी भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं। जिसमें से 1500 किमी की यात्रा पूरी की जा चुकी है। इंदिरा गांधी हों या राजीव गांधी सभी ने देश की अखंड़ता के लिए सीने पर गोलियां खाई हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष शेरबाज पठान, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मीनू गोयल, प्रदेश सचिव सुधीर पाराशर, जिला उपाध्यक्ष मुनीश त्यागी, नीरज चौधरी आदि मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।