SYL मुद्दे पर बोले दुष्यंत चौटाला- क्या पंजाब सरकार सुप्रीम कोर्ट से बड़ी हो गई
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने एसवाइएल नहर मामले पर पंजाब सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि क्या पंजाब सरकार सुप्रीम कोर्ट से भी बड़ी हो गई है।
चंडीगढ़, जेएनएन। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) दुष्यंत चौटाला ने सतलुज यमुना नहर (एसवाइएल) पर पंजाब सरकार के रुख पर कड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का रवैया गलत है। क्या पंजाब सरकार सुप्रीम कोर्ट से बड़ी हो गई। सवाल यह है कि क्या राजनीतिक दल संविधान की गरिमा को भी भूल चुके हैं। इसके साथ ही दुष्यंत ने हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हुड्डा को जजपा फोबिया हो गया है। वह जजपा की चिंता छोड़कर कांग्रेस के बारे में सोचें।
पूर्व सीएम हुड्डा पर भी साधा निशाना, कहा- भूपेंद्र सिंह हुड्डा को हुआ जजपा फोबिया
दुष्यंत चौटाला ने यहां पत्रकारों से बातचीत में एसवाइएल नहर पर हरियाणा का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का रुख संविधान के खिलाफ है। पंजाब को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का सम्मान करतेे हुए उसका पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एसवाइएल पर सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई में हरियाणा के हिस्से के पानी काे लेकर निर्णय हो जाएगा।
उन्होंने अपील की कि सुप्रीम कोर्ट स्वयं संज्ञान लेकर इस मामले में निर्णय करे। उन्होंने कहा कि पानी के मुद्दे पर पंजाब सरकार व पंजाब के राजनीतिक पार्टियों का फैसला निंदनीय है। पंजाब सरकार और वहां के नेताओं को इस तरह के कदम व बयानबाजी नहीं करना चाहिए।
दुष्यंत ने पूर्व सीएम हुड्डा के भाजपा-जजपा सरकार के गिरने के बयान पर पलटवार किया। उन्हाेंने कहा कि हुड्डा को जेजेपी फोबिया हो गया था। दुष्यंत ने कहा कि हुड्डा को जजपा-भाजपा गठबंधन की जगह अपनी कांग्रेस की चिंता करनी चाहिए। कहीं ऐसा न हो कि कांग्रेस की संख्या 31 विधायकों की जगह 21 न रह जाए।
दुष्यंत चौटाला ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर धान घोटाले की सीबीआइ से जांच करने की मांग को लेकर निशाना साधा।
दुष्यंत ने कहा कि दो बार प्रदेश में धान की फिजिकल वेटिफिकेशन करवाई गई और यह भी आगे भी रह सकती है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा बेवजह की बातें कर रहे हैं।
दुष्यंत चौटाला ने भाजपा व जननायक जनता पार्टी (JJP) गठबंधन सरकार के न्यूनतम साझा कार्यक्रम की भी चर्चा की। दुष्यंत ने कहा कि न्यूनतम साझा कार्यक्रम के 33 बिंदुओं पर सहमति बन गई है। अन्य बिंदुओं पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा व जजपा गठबंधन हरियाणा के हितों के लिए काम करेंगे।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि 26 जनवरी को सिरसी ग्राम पंचायत को लाल डोरा मुक्त करने की ऐतिहासिक घोषणा की जाएगी। हर जिले के पांच पांच गांवों को डिजिटल मैपिंग के जरिये लाल डोरा मुक्त किया जाएगा। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश के 138 गांवों को सीवरेज लाइन से जोड़ा जाएगा।
दुष्यंत चौटाला ने नारनौंद से जजपा विधायक रामकुमार गौतम के बागी तेवर के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में सफाई दी। उन्होंने कहा कि यह पार्टी संगठन का आंतरिक मामला है और संगठन ही इस बारे में फैसला करेगा। जजपा के दिल्ली विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के बारे में दुष्यंत ने कहा कि पार्टी में यह निर्णय सामूहिक रूप से फैसला किया गया था। जजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में प्रचार करेंगे।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
यह भी पढ़ें: आखिरकार सीएम मनोहरलाल जीते और गृहमंत्री अनिल विज से वापस लिया गया CID
यह भी पढ़ें: युवकों से बचने को मलेशिया गई युवती, फिर भी पीछा न छोड़ा तो फेसबुक पर लाइव होकर की आत्महत्या