Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    CoronaVirus : CM योगी का बड़ा ऐलान-35 लाख मजदूरों को पैसे के साथ मुफ्त में मिलेगा अनाज

    By Dharmendra PandeyEdited By:
    Updated: Sat, 21 Mar 2020 03:34 PM (IST)

    CoronaVirus in UP मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के 23 पॉजिटिव में से नौ लोग निगेटिव हो गए हैं।

    Hero Image
    CoronaVirus : CM योगी का बड़ा ऐलान-35 लाख मजदूरों को पैसे के साथ मुफ्त में मिलेगा अनाज

    लखनऊ, जेएनएन। चीन से फैले कोरोना वायरस ने विश्व को अपने संक्रमण में ले लिया है। केंद्र के साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार इससे बचाव तथा सतर्कता को लेकर बेहद गंभीर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के 23 पॉजिटिव में से नौ लोग निगेटिव हो गए हैं। इन सभी को आइसोलेट किया गया था और इनकी रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि राज्य में कुल 23 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से नौ लोग इसके संक्रमण से उबर गए हैं, शेष 14 की हालत में भी काफी सुधार है। हमारे पास राज्य में पर्याप्त संख्या में आइसोलेशन वार्ड हैं। हम धीरे-धीरे इसकी संख्या भी बढ़ा रहे हैं। सरकार काफी प्रयाग कर रही है। इससे निपटने के लिए सरकार हर कदम पर जनता के साथ है। उन्होंने कहा कि यूपी में 23 मरीज कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। जिनमें से नौ लोग ठीक हुए हैं। उन्होंने बताया कि खतरे को देखते हुए मॉल, स्कूल और कॉलेजों को बंद रखना पड़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने बहुत सारी गतिविधियों को रोक लिया है, सिनेमा घर, मॉल्स आदि को बंद कर दिया गया है। गैर जरूरी यात्राएं न करने और भीड़ भाड़ वाले स्थानों से बचने का भी आवाहन किया गया है। हम सभी को 'जनता कर्फ्यू' का पालन करना चाहिए, राज्य की सभी मेट्रो रेल, राज्य और सिटी बस सेवाएं कल बंद रहेंगी।

    लखनऊ में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। अब तक प्रदेश में 23 में कोरोनाजवायरस की पुष्टि हुई है। स्वास्थ विभाग ने मीडिया बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि आगरा में 8, गाजियाबाद में 2, नोएडा में 4, लखनऊ में 8, लखीमपुर खीरी में एक में कोरोना को पुष्टि हुई है। अब तक कुल 984 टेस्ट निगेटिव पाए गए जबकि 157 के टेस्ट का इंतजार है। अब तक एयरपोर्ट पर 24580 की थर्मल स्कैनिंग हुई है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पूरे देश के अंदर कोरोना वायरस अभी सेकेंड स्टेज में है। हम इस स्टेज पर इसको रोकने में अगर सफल होते हैं तो यह दुनिया के लिए बड़ा संदेश होगा। इस संक्रमण को रोकने के लिए हमारी कार्यवाही युद्ध स्तर पर चल रही है। हर जिला अस्पताल और मेडिकल कालेज में आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। प्रदेश में अब तक 23 मरीज चिन्हित हुए थे, इनमें से 9 पूरी तरह स्वस्थ्य हो चुके हैं। कोरोना वायरस से घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि इन चुनौतियों से लडऩे के लिए खुद को तैयार करने की जरुरत है। बचाव का पक्ष सबसे महत्वपूर्ण है। 

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कोरोना वायरस को रोकने के लिए पूरे देश में जो एतिहात बरते जा रहे हैं, उसे ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने भी पूरी सतर्कता बरती है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश सरकार तत्काल प्रभाव से 35 लाख मजदूरों को भरण-पोषण के लिए 1000 रुपये प्रति व्यक्ति देगी। यह भुगतान डीबीटी के माध्यम से सीधे अकाउंट में भेजा जाएगा। उन्होंने मनरेगा मजदूरों को तुरंत भुगतान देने का एलान किया है। इसी के साथ ही उन्होंने 1.65 करोड़ से ज्यादा अन्त्योदय योजना, मनरेगा और श्रम विभाग में पंजीकृत निर्माण श्रमिक एवं दिहाड़ी मजदूरों को एक माह का निशुल्क राशन अप्रैल में उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कोरोना वायरस संक्रमण से फैलता है, स्वाभाविक रूप से हमें संक्रमण को हर हाल में रोकना होगा। इसे लेकर पहले भी अपील हुई है। अभी दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश के नाम पर अपने संबोधन में इन सब बातों की अपील की थी। जिसमें भीड़भाड़ वाले स्थानों से जाने से बचने और किसी भी प्रकार की पब्लिक गैदरिंग को रोकने के बारे में पूरे देश का आह्वान किया गया है।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एतिहात के तौर पर सरकार ने प्रदेश में सभी शिक्षण संस्थानों, मल्टीप्लेक्स, सिनेमाघर, माल को बंद करने का निर्देश दिया है। अनावश्यक यातायात को रोका गया है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर न जाने के लिए लोगों का आह्वान किया गया है। 

    संकट की घड़ी में रोज कमाने वालों के साथ

    मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इसका असर दिन प्रतिदिन आजीविका कमाने वाले लोगों पर पड़ेगा। इसके लिए हमारी सरकार ने वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के नेतृत्व में एक कमेटी का गठन किया था। इस कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर दिहाड़ी मजदूरों के लिए प्रदेश सरकार ने भरण-भोषण के भत्ते की मंजूरी दी है। प्रदेश के अंदर श्रम विभाग में 20.37 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं। भरण पोषण के रूप में एक हजार रुपए डीबीटी के माध्यम से उनके अकाउंट में भेजा जाएगा। जिन श्रमिकों के खाते नहीं है, उनके खाते यथाशीघ्र खुलवाकर विभाग में लेबर सेस फंड से सभी श्रमिकों को प्रतिमाह 1000 रुपए डीटीबीटी के माध्यम से उपलब्ध करवाए जाएंगे।

    मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश के अंदर घुमन्तू जैसे ठेला, खोमचा, रेहड़ी और रिक्शा चलाने, साप्ताहिक बाजार आदि का कार्य करने वाले की संख्या करीब 15 लाख है। इनके लिए भी सरकार एक हजार रुपए भरण पोषण तत्काल रूप से देगी। इसे भी डीबीटी के माध्यम से उनके अकाउंट में भेजा जाएगा। इनका डेटाबेस नगर विकास द्वारा अगले 15 दिनों में तैयार किया जाएगा। एसे सभी श्रमिकों के खातों में प्रतिमाह 1000 रुपए की धनराशि हस्तान्तरित की जाएगी। इस पर सरकार का करीब 150 करोड़ रुपए का व्यय भार अऩुमानित है।

    योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शहरी क्षेत्र में एसे दिहाड़ी मजदूर जिनके पास राशन कार्ड उपलब्ध नहीं है, उनके कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाएंगे। प्रदेश में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जो भी कार्य करने वाले लोग खासतौर पर मजदूर या ठेला, खोमचा लगाने वालों को तत्काल खाद्यान्न उपलब्ध करवाने के आदेश दिए गए हैं।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए शैक्षणिक संस्थानों, माल, सिनेमाहाल, मल्टीप्लेक्स, जिम, स्वीमिंग पूल, रेस्टोरेंट आदि बंद है। इसके कारण प्रभावित श्रमिकों और कार्मिकों के हित के दृष्टिगत बंद इकाइयों के स्वामियों औऱ नियोजकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने श्रमिकों और कार्मिकों को नियमित वेतन और सभुगतान अवकाश प्रदान करें।

    मुख्यमंत्री योगी ने मनरेगा के मजदूरों को तत्काल मजदूरी का भुगतान करने के निर्देश देते हुए कहा है कि केंद्र सरकार से करीब 556 करोड़ रुपए की धनराशि के भुगतान की कार्यवाही तत्काल मार्च 2020 में ही कराई जाएगी। इसी के साथ उन्होंने अन्त्योदय योजना, मनरेगा और श्रमि विभाग में पंजीकृत निर्माण श्रमिक एवं दिहाड़ी मजदूरों करीब एक करोड़ 65 लाख 31 हजार जरूरतमंदों को एक माह का निशुल्क राशन अप्रैल में उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। इस पर करीब 64.50 करोड़ का व्ययभार आएगा। पीडीएस दुकानों के जरिए अनाज दिया जाएगा। इसके लिए नोडल अफसर तैनात किए गए हैं। इन परिवारों को 20 किलो गेहूं, 15 किलो चावल मुफ्त मिलेगा।

    मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में लागू विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत 83.83 लाख लाभार्थियों को दी जाने वाली त्रैमासिक पेंशन की धनराशि को अब दो माह की अग्रिम पेंशन अप्रैल महीने में ही दी जाएगी। इसमें वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगजन सशक्तिकरण पेंशन और निराश्रित विधवा के भरण पोषण पेंशन के लाभार्थी शामिल हैं। इसके बाद भी अगर कोई असहाय व्यक्ति बच जाता है, जिसके पास अपने व अपने परिवार के भरण पोषण की व्यवस्था नहीं है, उसकी भी सरकार पूरी मदद करेगी। इसके लिए जिलाधिकारी द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारी व ग्राम पंचायत अधिकारी की समिति तथा नगरीय क्षेत्रों में उपजिलाधिकारी व नगर मजिस्ट्रेट व संबंधित नगर निकायों के आयुक्त व अधिशासी अधिकारी की समिति की संस्तुति पर 1000 रुपए प्रतिमाह की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

    जनता कर्फ्यू का पालन करने की सलाह दी

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपील की है कि रविवार को जनता कर्फ्यू के दौरान अनावश्यक तौर पर बाजार में ना जाएं। हम सभी अपने घरों में रहें। उन्होंने कहा कि सरकार के पास पर्याप्त मात्रा दवाएं और खाद्यान मौजूद हैं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि किसी भी चीज की किल्लत बाजार में नहीं होगी। सभी को सब सामान मिलेगा, दुकानों पर लाइन कतई न लगाएं, अनावश्यक बाजार में मत जाएं, जमाखोरी बिल्कुल न करें। इस दौरान उन्होंने कहा कि कल यूपी में सभी मेट्रो सेवाएं बंद रहेंगी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिहवन निगम की सभी बस सेवाएं सुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक बंद रहेंगी। नगर बस सेवाएं भी सुबह 6 से रात्रि 10 बजे तक बंद रहेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पास पर्याप्त मात्रा दवाएं और खाद्यान उपलब्ध है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लोगों से 'जनता कर्फ्यू' का पालन करने का अनुरोध किया। उन्होंने लोगों से सुनिश्चित करने के लिए कहा कि वे रविवार सुबह 7 से रात 9 बजे तक अपने घरों में रहें। इस दौरान उन्होंने कहा कि लखनऊ और नोएडा में रविवार को मेट्रो सेवाएं बंद रहेंगी।