Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Tamil Nadu: गठबंधन पर स्टालिन के तंज पर विपक्ष ने भी खोला मोर्चा, भाजपा बोली- द्रमुक सरकार को उखाड़ फेंकेंगे

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन ने शनिवार को कहा कि अन्नाद्रमुक और भाजपा के बीच गठबंधन का कारण सत्ता की भूख है। स्टालिन की प्रतिक्रिया पर अन्नाद्रमुक और भाजपा के नेताओं ने भी पलटवार किया है। इसके साथ ही अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने इस गठबंधन को विश्वासघाती गठबंधन कहने के लिए स्टालिन पर निशाना साधा।

    By Jeet Kumar Edited By: Jeet Kumar Updated: Sat, 12 Apr 2025 11:32 PM (IST)
    Hero Image
    गठबंधन पर स्टालिन के तंज पर विपक्ष ने भी खोला मोर्चा (फोटो- एक्स)

     पीटीआई, चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन ने शनिवार को कहा कि अन्नाद्रमुक और भाजपा के बीच गठबंधन का कारण ''सत्ता की भूख'' है। यह गठजोड़ राज्य के अधिकारों की सुरक्षा जैसे आदर्शों के खिलाफ है तथा यह असफल होगा। उन्होंने अन्नाद्रमुक पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों की छापेमारी के बाद पार्टी नेतृत्व ने पार्टी और राज्य के हितों को भाजपा के सामने गिरवी रख दिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अन्नाद्रमुक और भाजपा के नेताओं ने भी किया पलटवार

    स्टालिन की प्रतिक्रिया पर अन्नाद्रमुक और भाजपा के नेताओं ने भी पलटवार किया है। अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने इस गठबंधन को ''विश्वासघाती गठबंधन'' कहने के लिए स्टालिन पर निशाना साधा।

    उन्होंने एक्स पोस्ट पर कहा कि स्टालिन ने एक बार द्रमुक जनरल काउंसिल की बैठक में कहा था कि 'हर रात यह सोचकर उन्हें नींद नहीं आती है कि अगले दिन कौन सी नई समस्या खड़ी हो जाएगी।' पलानीस्वामी ने दावा किया कि हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों ने स्टालिन को परेशान कर दिया है। इस गठबंधन ने उनपर वज्रपात की तरह प्रहार किया है।

    द्रमुक सरकार को उखाड़ फेंकेगा- भाजपा

    केंद्रीय कोयला व खान मंत्री और तेलंगाना राज्य भाजपा अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी ने एक्स पर कहा कि यह गठबंधन तमिलनाडु में भ्रष्ट, वंशवादी और असफल द्रमुक सरकार को उखाड़ फेंकेगा। राजग परिवार मजबूत होता जा रहा है! प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में गठबंधन तमिलनाडु में कल्याण, भ्रष्टाचार मुक्त शासन और राज्य के सर्वांगीण विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक प्रभावी सरकार प्रदान करने का प्रयास करेगा।

    स्टालिन ने भी दिया जवाब

    साथ ही यह तमिलनाडु की भाषा, समृद्ध संस्कृति और विरासत की रक्षा और संवर्धन करेगा। इस पर स्टालिन ने भी दो टूक कहा कि अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन सफल नहीं होगा। यह तमिलनाडु के लोग ही थे जिन्होंने इस गठबंधन को बार-बार हराया। अब अमित शाह ने फिर से उसी नाकाम गठबंधन का गठन किया है। शाह यह बताने में विफल रहे कि गठबंधन किस वैचारिक आधार पर बना है। इसके बजाय उन्होंने केवल यह आश्वासन दिया कि एक साझा न्यूनतम कार्यक्रम तैयार किया जाएगा।

    द्रमुक एक आंदोलन

    स्टालिन ने यह भी कहा कि द्रमुक एक आंदोलन है जो राज्य के अधिकारों, भाषाई अधिकारों और तमिल संस्कृति की रक्षा के लिए खड़ा है। इसके विपरीत, अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन सत्ता की भूख के कारण बना है और इन सभी आदर्शों के खिलाफ है। लोग यह नहीं भूले हैं कि पलानीस्वामी ने सत्ता की अपनी प्यास में तमिलनाडु की गरिमा और अधिकारों को दिल्ली के पास गिरवी रख दिया और राज्य को बर्बाद कर दिया।

    नयनार नागेंद्रन को तमिलनाडु भाजपा की कमान

    भाजपा विधायक नयनार नागेंद्रन को शनिवार को पार्टी की तमिलनाडु राज्य इकाई का अध्यक्ष चुना गया। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने चेन्नई में पार्टी की एक बैठक में नागेंद्रन को तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के रूप में विधिवत निर्वाचित घोषित किया।

    निवर्तमान अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने घोषणा की कि हमारा लक्ष्य अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन करके नागेंद्रन के नेतृत्व में 2026 के विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी द्रमुक को सत्ता से बाहर करना है। नागेंद्रन ने कहा, ''भाजपा एक बहुत बड़ी पार्टी है जिसके 1000 से अधिक विधायक और 300 से अधिक सांसद हैं और मुझे इस पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बहुत गर्व है।''