विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

RJD ने 30 ऐसी सीटें... तेजस्वी-राहुल गांधी के बीच सीक्रेट मीटिंग में क्या-क्या हुआ फाइनल? 17 अप्रैल को बड़ा एलान

Published: Tue, 15 Apr 2025 08:16 PM (IST)Updated: Tue, 15 Apr 2025 09:05 PM (IST)

खरगे के आवास के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार की 20 साल से ...और पढ़ें

राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और तेजस्वी यादव (Photo - PTI)
राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और तेजस्वी यादव (Photo - PTI)

HighLights

  1. सीट बंटवारे पर कांग्रेस ने दिए अपने रुख के संकेत
  2. मुख्यमंत्री चेहरे पर अभी पत्ते नहीं खोले
  3. तेजस्वी ने कहा सहयोगी दल आपस में चर्चा कर इसे सुलझा लेंगे

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस हाईकमान के साथ राजद नेता तेजस्वी यादव की बैठक में बिहार चुनाव को लेकर महागठबंधन की तैयारियों की शुरूआती रूपरेखा पर बातचीत हुई। हालांकि, सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर कोई चर्चा नहीं हुई।

बैठक के बाद कांग्रेस नेतृत्व की ओर यह संकेत जरूर दे दिए गए कि पिछली बार राजद की पसंद की सीटों पर चुनाव लड़ने की चूक पार्टी नहीं करेगी बल्कि अपने राजनीतिक प्रभाव और संभावनाओं वाली सीटों पर लड़ने की उसकी पुख्ता तैयारियां चल रही है।

17 अप्रैल को पटना में बैठक

मुख्यमंत्री पद पर राजद की दावेदारी को लेकर चाहे वाद-विवाद न हो मगर चेहरा घोषित करने को लेकर कांग्रेस ने अभी पत्ते नहीं खोले हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी संग तेजस्वी यादव की हुई इस बैठक में यह तय जरूर हो गया कि 17 अप्रैल को पटना में सभी सहयोगी दलों की बैठक होगी जिसमें सीट बंटवारे समेत अन्य मसलों पर होगी चर्चा।

सहयोगी दलों के बीच बेहतर तालमेल

साथ ही राजनीतिक दायरे का विस्तार करने के लिए पटना की इस बैठक में मुकेश सहनी की वीआईपी और पशुपति कुमार पारस की रालोजपा को महागठबंधन में शामिल किया जाएगा। महागठबंधन की पटना में होने वाली चुनावी बैठक में साझा न्यूनतम कार्यक्रम से लेकर सहयोगी दलों के बीच बेहतर तालमेल के लिए समन्वय समिति बनाने जैसे मुद्दों पर भी बातचीत होने की संभावना है।

चुनावी तैयारियां और रणनीति

  • मल्लिकार्जुन खरगे के आवास 10 राजाजी मार्ग पर कांग्रेस हाईकमान के साथ हुई बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन की चुनावी तैयारियों पर हमने बेहद सकारात्मक बातचीत की। 17 अप्रैल को पटना में सभी सहयोगी दलों के साथ बैठक में चुनावी तैयारियों और रणनीति को आगे ले जाने पर बातचीत होगी।
  • वीआईपी के मुकेश सहनी भी पटना की बैठक में शामिल होंगे। तेजस्वी के महागठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किए जाने से जुड़े सवाल पर राजद नेता ने कहा कि इसको लेकर मीडिया अटकलबाजी न करें सभी सहयोगी दल आपस में मिलकर इसका फैसला कर लेंगे।
  • खरगे और राहुल गांधी के साथ इस बैठक में कांग्रेस की ओर से संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, बिहार के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम मौजूद थे तो तेजस्वी के साथ राजद सांसद मनोज झा और संजय यादव बैठक में शामिल हुए।

सीट फॉर्मूले पर क्या?

सीट बंटवारे फॉर्मूले पर बैठक में चाहे चर्चा नहीं हुई मगर कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि साफ संकेत दे दिया गया कि पिछली बार की 70 सीटों की संख्या में दो-चार कमोबेश हो सकता है मगर इस बार पसंद उसकी होगी। पिछली बार राजद ने 30 ऐसी सीटें कांग्रेस के खाते में डाल दी थी जिस पर वह खुद भी चार-पांच चुनाव में जीत नहीं पायी थी।

मल्लिकार्जुन खरगे ने बैठक के बाद एक्स पोस्ट में कहा, 'इस बार बिहार में बदलाव निश्चित है। तेजस्वी से आज हमने महागठबंधन की मजबूती पर चर्चा की। आने वाले चुनाव में बिहार की जनता को हम एक सशक्त, सकारात्मक, न्यायप्रिय व कल्याणकारी विकल्प देंगे। भाजपा और उसके अवसरवादी ठगबंधन से बिहार को मुक्ति मिलेगी। युवा, किसान-मजदूर, महिलाएं, समाज के पिछड़े, अति पिछड़े व अन्य सभी वर्ग के लोग महागठबंधन की सरकार चाहते हैं।'

वहीं राहुल गांधी ने अपने व्हाट्सएप चैनल पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए इसे महत्वपूर्ण बैठक बताया।

नीतीश कुमार को कर लिया गया है हाईजैक: तेजस्वी

राजद के वरिष्ठ नेता पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भाजपा नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपने साए में रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने नीतीश कुमार को हाईजैक कर लिया है। राजद नेता ने अगले चुनाव में नीतीश को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित नहीं करने को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा।

तेजस्वी ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह कह रहे हैं कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे लेकिन यह नहीं कहते कि वे सीएम बनेंगे। उन्होंने केंद्र-बिहार में भाजपा के डबल इंजन सरकार में भी प्रदेश की खराब आर्थिक हालत को लेकर नीतीश तथा भाजपा पर प्रहार किया।

खरगे के आवास के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन वास्तविक मुद्दों पर चुनाव लड़ना चाहता है, हम विपक्ष में हैं, यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम सरकार की सीमाओं को जनता के सामने उजागर करें। तेजस्वी ने इस दौरान यह भी कहा कि इस बार चुनाव में बिहार से एनडीए की विदाई तथा महागठबंधन की सरकार बननी तय है।

यह भी पढ़ें: Tejashwi Yadav: तेजस्वी यादव का भी चल जाता मैजिक! राहुल ने सारा टाइम तो 'यूपी के लड़के' को दे दिया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।