राज्यसभा के नए सांसद: सोनल मानसिंह, राकेश सिन्हा और रघुनाथ महापात्रा ने ली शपथ
सोनल मानसिंह, रघुनाथ महापात्र और राकेश सिन्हा ने आज राज्यसभा सदस्य की शपथ ली।
नई दिल्ली (जेएनएन)। क्लासिकल डांसर सोनल मानसिंह, लेखक राकेश सिन्हा और मूर्तिकार रघुनाथ महापात्र ने आज मॉनसून सत्र 2018 की शुरुआत के साथ ही राज्य सभा के सदस्य पद की शपथ ली। बता दें कि हाल ही में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने चार लोगों को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया था। जिनमें सोनल मानसिंह और रघुनाथ महापात्रा, राकेश सिन्हा और किसान नेता राम सकल का नाम शामिल था।
ओड़िशा के हैं दो कलाकार
पद्मविभूषण सोनल मानसिंह प्रख्यात ओडिशी नृत्यांगना है जबकि पद्म विभूषण रघुनाथ महापात्रा पत्थर शिल्पकला के धुरंधर माने जाते हैं। पिछले दिनों बीजू जनता दल ने रघुनाथ महापात्र को राज्यसभा सीट के लिए नामांकित किया था मगर संख्या के खेल में वे चुनाव हार गए थे। अब राष्ट्रपति द्वारा उन्हें मनोनीत सदस्य के तौर पर राज्यसभा जाने का मौका मिला है। केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने पवित्र रथयात्रा पर ओडिशा के दो प्रतिभावान कलाकारों को राज्यसभा के लिए मनोनीत करने पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है। प्रधान ने कहा कि राज्य के दो कलाकारों को मनोनीत करना प्रदेश की कला संस्कृति का सम्मान करना है।
राकेश सिन्हा हैं प्रोफेसर
शपथ लेने वाले तीसरे नेता राकेश सिन्हा हैं जो लेखक और स्तंभकार हैं। उनके कई लेख इंडियन एक्सप्रेस, इकनॉमिक टाइम्स, एशियन एज, डीएनए जैसे अखबारों में पढ़े जाते हैं। वे दिल्ली यूनिवर्सिटी के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में प्रोफेसर हैं। यह दिल्ली स्थित थिंक टैंक इंडिया पॉलिसी फाउंडेशन (IPF) के संस्थापक और मानद भी निदेशक हैं। इस समय इंडियन काउंसिल ऑफ सोशल साइंस रिसर्च के बोर्ड मेंबर हैं। वह पहले हिंदी सलाहकार समिति और फिल्म सर्टिफिकेशन अपीलेट ट्रिब्यूनल के सदस्य भी रहे हैं। राकेश सिन्हा आरएसएस के विचारक माने जाते हैं। इन्होंने स्वराज इन आइडिया (2016) समेत कई किताबें लिखीं है। इसमें हेडगेवार की जीवनी भी शामिल है। इन्हें केंद्रीय हिंदी संस्थान की ओर से दीनदयाल उपाध्याय अवॉर्ड भी मिल चुका है।
बता दें कि राज्यसभा में सचिन तेंदुलकर, रेखा और अनु आगा समेत चार सांसदों का कार्यकाल पूरा हो चुका है और अब उनकी जगह नए सांसदों को चुना जाना है।