वरिष्ठ कांग्रेस नेता आरके धवन का 81 साल की उम्र में निधन
वरिष्ठ कांग्रेस नेता आरके धवन का 81 साल की उम्र में सोमवार को दिल्ली में निधन हो गया। ...और पढ़ें

नई दिल्ली [प्रेट्र]। पूर्व केंद्रीय मंत्री और इंदिरा गांधी के निजी सचिव रहे कांग्रेस नेता आरके धवन का सोमवार को दिल्ली के निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे। धवन को पिछले गुरुवार को उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने 74 साल की उम्र में शादी की थी। पत्नी अचला अभी जीवित हैं।
परिवार के नजदीकी सूत्रों ने बताया कि उन्होंने सोमवार शाम करीब 7 बजे अंतिम सांस ली। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने धवन को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया,'आज आखिरी सांस लेने वाले बुजुर्ग कांग्रेस नेता आरके धवन को हमारी श्रद्धांजलि।' पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अम¨रदर सिंह ने भी उनके निधन पर शोक जताया है।
आपातकाल के दौरान इंदिरा के करीबियों में थे एक
आरके धवन वर्ष 1962 से 1984 तक पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के निजी सचिव रहे। कहा जाता है कि इंदिरा तक पहुंचने वाली सूचनाओं पर उनका नियंत्रण रहता था। आपातकाल के दौरान (1975-77) के दौरान भी वह इंदिरा के कुछ चुनिंदा विश्वासपात्रों में शामिल थे। इंदिरा की मौत के बाद जब राजीव गांधी के हाथों में सत्ता की बागडोर आई तो उन्हें किनारे लगा दिया गया। हालांकि वर्ष 1990 में उन्होंने वापसी की और राज्यसभा के लिए चुने गए। वह कांग्रेस कार्यसमिति के भी सदस्य रहे। वे नरसिंह राव सरकार में आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय के स्वतंत्र प्रभार के मंत्री भी रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।