'वे मुख्यमंत्री बनने के लिए इतने बेताब हैं कि...', एकनाथ शिंदे को लेकर आखिर क्या बोले संजय राउत?
शिवसेना नेता संजय राउत ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की दिल्ली यात्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री बनने के लिए इतने बेताब हैं कि उन्होंने शिवसेना का भाजपा में विलय करने की पेशकश की है। राउत ने दावा किया कि शिंदे ने अमित शाह से कहा कि फडणवीस उन्हें काम नहीं करने दे रहे हैं और उनकी पार्टी के विधायकों के खिलाफ जांच शुरू कर रहे हैं।

राज्य ब्यूरो, जागरण, मुंबई। शिवसेना नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की दिल्ली यात्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री बनने के लिए इतने बेताब हैं कि उन्होंने शिवसेना का भाजपा में विलय करने की पेशकश की है।
राउत ने दावा किया कि शिंदे ने हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की शिकायत की थी। हालांकि शिवसेना प्रवक्ता शीतल म्हात्रे ने संजय राउत पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इस तरह की टिप्पणी करने की आदत है और उनकी पार्टी के लोग भी उन्हें गंभीरता से नहीं लेते।
संजय राउत ने शिंदे को लेकर किया बड़ा दावा
पत्रकारों से बात करते हुए राउत ने दावा किया था कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ अपनी बैठक के दौरान एकनाथ शिंदे ने शिकायत की कि फडणवीस उन्हें काम नहीं करने दे रहे हैं और उनकी पार्टी के विधायकों के खिलाफ जांच शुरू कर रहे हैं।
राउत के अनुसार, शिंदे ने शाह से कहा कि चचेरे भाइयों उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे द्वारा मिलकर मराठी एकता को बढ़ाने के प्रयासों से उनकी पार्टी को नुकसान होगा। इसलिए इस आंदोलन को कमजोर करने की जरूरत है।
सीएम बनना चाहते हैं शिंदे: संजय राउत
राउत के अनुसार, शिंदे ने शाह को बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाना इसका समाधान होगा। अगर वह (शिंदे) मुख्यमंत्री बनते हैं, तो वह इस पर रोक लगा देंगे और महाराष्ट्र की राजनीति में स्थिरता लाएंगे। शिंदे के इस प्रस्ताव पर जब शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री भाजपा से होना चाहिए तो शिंदे शिवसेना का सत्तारूढ़ पार्टी में विलय करने को भी तैयार हो गए। राउत ने दावा किया कि वह (शिंदे) मुख्यमंत्री बनने के लिए इतने बेताब हैं कि वह पार्टी का भाजपा में विलय करने को भी तैयार हैं।
पहले भी संजय राउत ने किए कई ऐसे दावे
बता दें कि राउत शिंदे के बारे में इस प्रकार के दावे अक्सर करते रहते हैं। इसी वर्ष जनवरी में राउत ने दावा किया था कि शिवसेना मंत्री उदय सामंत राज्य के तीसरे उपमुख्यमंत्री हो सकते हैं। और उनके और शिंदे के बीच मतभेद चल रहे हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया था कि शिंदे की कामाख्या मंदिर यात्रा के दौरान गुवाहाटी में बलि दिए गए भैंसों के सींगों को मुख्यमंत्री के आवास 'वर्षा' परिसर में गाड़ दिया गया है, ताकि शीर्ष पद किसी और को न मिल पाए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।