Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Rajya Sabha Election 2022: मध्य प्रदेश से विवेक तन्खा होंगे कांग्रेस के राज्यसभा उम्‍मीदवार, कमलनाथ का एलान

    By Krishna Bihari SinghEdited By:
    Updated: Sat, 28 May 2022 06:18 PM (IST)

    सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा को कांग्रेस एक बार फिर राज्यसभा में भेजेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने शनिवार को मीडिया के साथ बातचीत में कहा कि तन्खा का नाम राज्यसभा चुनाव के लिए तय कर दिया गया है।

    Hero Image
    मध्य प्रदेश कांग्रेस ने विवेक तन्खा को राज्य से दूसरे कार्यकाल के लिए राज्यसभा भेजने का फैसला किया है।

    नई दिल्‍ली/भोपाल, एजेंसियां। मध्य प्रदेश कांग्रेस (Madhya Pradesh Congress) ने वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा (Vivek Tankha) को राज्य से दूसरे कार्यकाल के लिए उच्च सदन (राज्यसभा) भेजने का फैसला किया है। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शनिवार को सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए यह घोषणा की। कमलनाथ ने शनिवार को संवाददाताओं से बात करते हुए कहा- पार्टी ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा के नाम को अंतिम रूप दे दिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मध्य प्रदेश से राज्यसभा के तीन सदस्यों का कार्यकाल, 29 जून को समाप्त हो रहा है। इन तीन सदस्‍यों में भाजपा के दो एमजे अकबर और संपतिया उइके (MJ Akbar and Sampatiya Uikey) और कांग्रेस के विवेक तन्खा शामिल हैं। मौजूदा वक्‍त में मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए 11 सीटें हैं जिनमें से भाजपा के पास आठ सदस्य हैं जबकि कांग्रेस के पास तीन हैं। राज्य कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए अपने उम्मीदवार को मंजूरी दे दी है जबकि भाजपा को अभी अंतिम निर्णय लेना बाकी है।

    कांग्रेस के एक वरिष्ठ प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि तन्खा जल्द ही राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। कांग्रेस ने साल 2016 में तन्खा को उच्च सदन भेजा था। तन्खा मध्य प्रदेश के सबसे युवा महाधिवक्ता (16 फरवरी 1999 से 15 नवंबर 2003) में से एक रहे हैं। तन्‍खा को अप्रैल 1998 में मध्‍य प्रदेश उच्च न्यायालय की एक बेंच की ओर से जजशिप की पेशकश की गई थी लेकिन उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देने हुए इनकार कर दिया था।

    विवेक तन्‍खा मध्य प्रदेश के पहले वकील थे जिन्हें भारत का अतिरिक्त सालिसिटर जनरल नियुक्त किया गया था। उन्होंने (Vivek Tankha) नवंबर 2000 में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच विवादों को सुलझाने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई थी। माना जा रहा है कि कांग्रेस बाकी राज्‍यों में भी अपने उम्‍मीदवारों के नामों का जल्‍द एलान कर सकती है। उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए कांग्रेस में मंथन जारी है।