Move to Jagran APP

'कांग्रेस बताए, संपत्ति का सर्वे करा किसे बाटेंगे' दादरी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का विपक्षी पर हमला

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्षियों को ललकारते हुए कहा कि जनता की नजरों से नजर मिलाकर राजनीति करो धूल झोंककर नहीं।मंगलवार को दादरी में भाजपा प्रत्याशी डा. महेश शर्मा के समर्थन में आयोजित जनसभा में राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार नहीं देश बनाने के लिए राजनीति करती है। रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में संपत्ति का सर्वे कराने की बात कही है।

By Jagran News Edited By: Nidhi Avinash Published: Tue, 23 Apr 2024 10:57 PM (IST)Updated: Tue, 23 Apr 2024 10:57 PM (IST)
दादरी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का विपक्षी पर हमला (Image: ANI)

जागरण टीम, नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्षियों को ललकारते हुए कहा कि जनता की नजरों से नजर मिलाकर राजनीति करो, धूल झोंककर नहीं। सूरत में भाजपा प्रत्याशी के निर्विरोध निर्वाचन पर कांग्रेस और सपा जनता को गुमराह कर समर्थन चाहते हैं।

loksabha election banner

कांग्रेस को लोकतंत्र खतरे में नजर में आ रहा है। 2012 में उपचुनाव में जब कन्नौज से डिंपल यादव निर्विरोध निर्वाचित हुई थीं तो कांग्रेस और सपा को संविधान कमजोर क्यों नजर नहीं आया। तब उन्होंने हल्ला क्यों नहीं किया। वहीं, झारखंड के रांची में रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बताए कि देश के लोगों की संपत्ति का सर्वे कराकर किसे बांटने की योजना है?

भाजपा ने कभी हिंदू-मुस्लिम की राजनीति नहीं की

मंगलवार को दादरी में भाजपा प्रत्याशी डा. महेश शर्मा के समर्थन में आयोजित जनसभा में राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार नहीं देश बनाने के लिए राजनीति करती है। भाजपा ने कभी हिंदू-मुस्लिम की राजनीति नहीं की। हमने मुस्लिम समाज की नाराजगी की परवाह किए बिना तीन तलाक की व्यवस्था समाप्त की। रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में संपत्ति का सर्वे कराने की बात कही है। तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने नौ दिसंबर, 2006 में कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार अल्पसंख्यक और मुस्लिमों का है।

मनमोहन सिंह सरकार में विभिन्न आयोग ने 27 प्रतिशत आरक्षण में सात प्रतिशत मुस्लिम व दो प्रतिशत अल्पसंख्यक को देने के लिए कहा था, लेकिन उसे लागू नहीं किया। शिक्षण संस्थानों में एससी-एसटी का आरक्षण समाप्त कर दिया।

कांग्रेस बताए, संपत्ति का सर्वे करा किसे बाटेंगे

झारखंड के खूंटी में रक्षा मंत्री ने कांग्रेस से पूछा है कि देश के लोगों की संपत्ति का सर्वे कराकर किसे बांटने की योजना है? पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी कांग्रेस पर संपत्तियों का सर्वे कराकर एक खास वर्ग को देने की योजना का आरोप लगाया था। भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा के नामांकन के बाद खूंटी में आयोजित सभा में रक्षा मंत्री ने कहा कि झारखंड की जनता अपने स्वाभिमान से समझौता होने नहीं देगी।

आइएनडीआइए के नेता ईडी और सीबीआइ को अपनी संपत्ति नहीं बताते, लेकिन देश के लोगों की संपत्ति का सर्वे कराने की बात कह रहे हैं। खूंटी की धरती भगवान बिरसा मुंडा की जन्मभूमि है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को देश में गौरव दिवस के रूप में मनाने का संकल्प लिया है। मोदी सरकार में आदिवासी कल्याण मंत्रालय का बजट छह गुना तक बढ़ाया गया है।

हेमंत सोरेन तीन दिनों तक लापता रहे

राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछले दिनों जिस तरह से झारखंड के तत्कालीन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तीन दिनों तक लापता रहे, यह भ्रष्टाचार की अनोखी मिसाल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पूरा जीवन ही देश सेवा के लिए समर्पित है। उनके 10 वर्षों के शासन में भारत की आवाज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से सुनी जा रही है।

यह भी पढ़ें: Lok Sabha Election 2024: 'राहुल गांधी गंभीर राजनेता नहीं', कांग्रेस नेता पर बरसे केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन

यह भी पढ़ें: मुकेश दलाल, डिंपल यादव... निर्विरोध चुनाव जीतने वाले नेताओं की लंबी है लिस्ट; पेमा खांडू के नाम है दिलचस्प रिकॉर्ड


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.