Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'नरेंद्र मोदी OBC में तब आए जब वो विधायक भी नहीं थे', BJP नेता ने राहुल गांधी के जाति वाले बयान पर दिया सबूत के साथ जवाब

    Updated: Fri, 09 Feb 2024 05:21 AM (IST)

    भारत जोड़ो न्याय यात्रा के क्रम में ओडिशा के झारसुगुड़ा पहुंचे राहुल गांधी ने अपने संक्षिप्त भाषण में कहा कि आपको नरेन्द्र मोदी की जाति के बारे में यह सच पता है? मोदी सामान्य वर्ग में पैदा हुए। कांग्रेस नेता के इस बयान सियासी घमासान मचा हुआ है। भाजपा आइटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय के साथ ही केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल के बयान पर जबर्दस्त पलटवार किया।

    Hero Image
    राहुल गांधी ने पीएम मोदी की जाति का मुद्दा उठाया।(फोटो सोर्स: जागरण)

    जेएनएन, नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जन्म से ओबीसी नहीं हैं। उन्हें ओबीसी गुजरात की भाजपा सरकार ने बनाया है। राहुल के इस बयान के बाद भाजपा ने पलटवार करते हुए उन पर पिछड़े वर्ग का अपमान करने का आरोप लगाया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा के हमलों के बाद राहुल ने सत्तारूढ़ पार्टी को धन्यवाद दिया और कहा कि उसने इस बात की पुष्टि कर दी कि पीएम मोदी जन्म से ओबीसी नहीं हैं।

    पीएम की जाति पर राहुल गांधी ने क्या कहा था?

    भारत जोड़ो न्याय यात्रा के क्रम में ओडिशा के झारसुगुड़ा पहुंचे राहुल गांधी ने अपने संक्षिप्त भाषण में कहा कि आपको नरेन्द्र मोदी की जाति के बारे में यह सच पता है? मोदी 'सामान्य वर्ग' में पैदा हुए। राहुल ने कहा, मोदी जी लोगों को यह कहकर गुमराह कर रहे हैं कि वह ओबीसी हैं।

    वह घांची जाति में पैदा हुए, जिसे गुजरात की भाजपा सरकार ने वर्ष 2000 में ओबीसी की सूची में शामिल किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद मोदी ने अपनी जाति ओबीसी में बदल दी। इसलिए वह जन्म से ओबीसी नहीं हैं।

    राहुल गांधी ने आगे कहा, मैंने जातिवार जनगणना और सामाजिक न्याय की बात की तो पीएम मोदी ने कहा-देश में सिर्फ दो जातियां हैं, अमीर और गरीब। अगर दो जातियां हैं तो आप क्या हैं? गरीब तो आप हैं नहीं! आप करोड़ों का सूट पहनते हैं। दिन में कई बार कपड़े बदलते हैं, फिर झूठ बोलते हैं कि मैं ओबीसी वर्ग का आदमी हूं।

    राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं: नरहरि अमीन

    भाजपा आइटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय, राज्यसभा सदस्य नरहरि अमीन के साथ ही केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल के बयान पर जबर्दस्त पलटवार किया। 2012 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले अमीन ने कहा,"मैं कांग्रेस सरकार में गुजरात का उपमुख्यमंत्री था, जब राज्य सरकार ने 25 जुलाई, 1994 को मोढ-घांची को ओबीसी के रूप में अधिसूचित किया था।

    यह वही जाति है जिससे हमारे आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आते हैं। राहुल गांधी झूठ बोलकर ओबीसी समुदाय का अपमान कर रहे हैं। राज्य सरकार का यह फैसला और उसके बाद भारत सरकार की अधिसूचना जब आई, उस समय नरेन्द्र मोदी सांसद या विधायक भी नहीं थे।

    अमित मालवीय ने दी ये दलील

    अमित मालवीय ने कहा कि राहुल गांधी का यह दावा कि मोदी ने गुजरात का मुख्यमंत्री बनने के बाद अपनी जाति को ओबीसी के रूप में अधिसूचित कराया सरासर झूठ है। अपनी बात के समर्थन में मालवीय ने नरहरि अमीन का पोस्ट भी साझा किया।

    एक अन्य पोस्ट में मालवीय ने कहा कि 1992 में इंदिरा साहनी मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद देश में पहली बार ओबीसी दर्जा अस्तित्व में आया। इसलिए 1992 से पहले किसी जाति के लिए ओबीसी वर्ग में शामिल किया जाना संभव नहीं था। मालवीय ने कहा कि राहुल गांधी के अनुसार 1992 से पहले पैदा हुआ कोई व्यक्ति पिछड़ा नहीं था।

    झूठ बोलने से झूठ को ही सच मान लिया जाता: धर्मेंद्र प्रधान

    केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि या तो राहुल गांधी सच में नासमझ हैं या फिर उन्हें लगता है कि बार-बार झूठ बोलने से झूठ को ही सच मान लिया जाता है। राहुल गांधी पहले अपने आप के साथ न्याय कर लें। इस तरह हर दिन झूठ बोएंगे और बेचेंगे तो वह दिन दूर नहीं है जब वह केवल हास्य, व्यंग्य और मनोरंजन तक ही सीमित रह जाएंगे।

    अनुराग ठाकुर ने दी ये प्रतिक्रिया

    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री मोदी की जाति पर संदेह जताने के लिए राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता सुर्खियां बटोरने के लिए कोई भी अनाप-शनाप दावा कर सकते हैं।

    उन्होंने राहुल गांधी पर जातिवाद और क्षेत्रवाद की राजनीति करके देश को विभाजित करने का भी आरोप लगाया। गुजरात के भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी ने राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री मोदी की जाति को लेकर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।

    उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने एक बार फिर झूठ फैलाना शुरू कर दिया है और तुष्टीकरण की राजनीति का सहारा लिया है। बताते चलें, पूर्णेश मोदी राहुल गांधी पर मानहानि का केस कर चुके हैं और उसी मामले में सजा के चलते राहुल की संसद सदस्यता रद हुई थी।

    यह भी पढ़ें: 'पूरा नेहरू-गांधी परिवार ओबीसी के खिलाफ', पीएम मोदी की जाति वाले राहुल गांधी के बयान पर भड़की बीजेपी