Exit Poll 2024: महाराष्ट्र-झारखंड में किसकी सरकार? पढ़ें NDA गठबंधन को होगा फायदा या चलेगी इंडी गठबंधन की गाड़ी
महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव अब खत्म हो गए हैं। 23 नवंबर को नतीजों का एलान किया जाना है। मतदान खत्म होने के बाद एग्जिट पोल आ गए हैं। ज्यादातर एग्जिट पोल में दोनों राज्यों में एनडीए सरकार जीत का पताका फहराती दिख रही है। कई सर्वे में एनडीए को बढ़त दिखाई गई है। हालांकि वास्तविक स्थिति क्या है इसका पता 23 नवंबर को ही पता चलेगा।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव के अप्रत्याशित परिणामों की तरह ही भाजपा को चुनौतीपूर्ण महाराष्ट्र और झारखंड में भी शुभ संकेत मिले हैं। दोनों राज्यों में बुधवार को मतदान की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सामने आए पूर्वानुमानों में ज्यादातर सर्वे एजेंसियों ने राजग को बहुमत का आंकड़ा दिखाया है। हालांकि, लोकसभा में राजग को 400 पार दिखाने वाले एक्सिस ने झारखंड में झामुमो नेतृत्व वाली संप्रग सरकार का संकेत दिया है। बाकी सभी सर्वे में राजग को बढ़त दिखाई गई है। वास्तविक तस्वीर 23 नवंबर को मतगणना के सामने आएगी।
महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के चुनाव में इस बार कांग्रेस, एनसीपी (शरद पवार गुट) और शिवसेना (उद्धव गुट) का महाविकास आघाड़ी गठबंधन अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आशान्वित था। विपक्ष के इस हौसले को खास तौर पर इसी वर्ष हुए लोकसभा चुनाव के परिणामों ने पंख दिए, जिसमें कुल 48 में से 30 सीटें जीतकर महाविकास आघाड़ी विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन को लेकर पूरी तरह आशान्वित हो गया।
एग्जिट पोल में एनडीए की सरकार!
मगर, मतदान के बाद सामने आए एग्जिट पोल के सर्वे इशारा कर रहे हैं कि वहां की जनता ने राजग सरकार पर फिर से विश्वास जताया है, लेकिन कई सर्वे में अंतर बहुत कम है। लिहाजा वास्तविक नतीजा आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
क्या कहते हैं एग्जिट पोल?
पीपल्स पल्स ने महायुति को 175-195 तो एमवीए को 85-112 सीटों का अनुमान जताया है। मैट्रिज ने महायुति को 150-170 तो एमवीए को 110-130 और पीमार्क ने राजग को 137-157 व एमवीए को 126-146 सीटों का अनुमान जताया है।
वहीं, दैनिक भास्कर और लोकशाही मराठी-रुद्र ने कुछ करीबी मुकाबले का संकेत दिया है। भास्कर ने एनडीए को 125-140, आघाड़ी को 135-150, जबकि लोकशाही ने एनडीए को 128-142 तो एमवीए को 125-140 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। हालांकि, एनडीटीवी का पोल आफ पोल्स महायुति को 154 और एमवीए को 122 सीटों का इशारा कर रहा है, जबकि पूर्ण बहुमत के लिए सिर्फ 145 सीटों की आवश्यकता है। यदि यह अनुमान परिणाम में बदलते हैं तो माना जाएगा कि मध्य प्रदेश के शिवराज की तरह महाराष्ट्र की शिंदे सरकार की लाड़की-बहिन योजना का जादू महिला मतदाताओं को आकर्षित कर गया और समीक्षक महाविकास आघाड़ी के दलों के बीच गड़बड़ाए तालमेल पर भी ठीकरा फोड़ सकते हैं।
झारखंड का एग्जिट पोल
इसी तरह झारखंड में भी चुनाव पूर्वानुमान आइएनडीआइए ब्लाक की नींद उड़ाने वाले हैं। इस राज्य में सत्ता की वापसी को लेकर झामुमो और कांग्रेस आशान्वित थी तो भाजपा ने भी पूरी ताकत झोंक रखी थी। मगर, एग्जिट पोल हेमंत सरकार की सत्ता डोलती दिखा रहे हैं।
झारखंड में भी NDA के लिए अच्छी खबर!
सर्वे के नतीजों में एक्सिस माई इंडिया जरूर आइएनडीआइए को संबल देता दिख रहा है, जिसने आइएनडीआइए को 53 तो एनडीए 25 सीटों का अनुमान बताया है। इसके अलावा बाकी सभी सर्वे एजेंसियों ने एनडीए सरकार बनने का संकेत दिया है। मसलन, दैनिक भास्कर ने एनडीए को 37-40, मैट्रिज ने 42-47, पीपल्स पल्स ने 44-53 और टाइम्स नाउ ने 40-44 सीटों का अनुमान जताया है। पोल आफ पोल्स में एनडीए को 39 और आइएनडीआइए को 38 सीटें दिखाई हैं। यहां कुल सीटें 145 हैं और बहुमत के लिए 41 की आवश्यकता है। ऐसे में राजग खेमा संकेतों में सत्ता की दहलीज पर है।
यदि वहां राजग सरकार बनती है तो माना जाएगा कि भाजपा ने जिस तरह से हेमंत सरकार के भ्रष्टाचार और घुसपैठ को मुद्दा बनाया, उसे मतदाताओं का पूरा समर्थन मिला, जबकि जेल से छूटे हेमंत के लिए संवेदनाओं वाला दांव नहीं चल सका। इस एग्जिट पोल में एक नई बात दिखी। कई पुरानी सर्वे एजेंसियां गायब थी और कई नई व अनजान कंपनियां सामने थीं। संभव है कि पिछले कुछ अनुमानों के पूरी तरह खारिज होने का असर था। हरियाणा में अधिकतर एजेंसियों ने कांग्रेस को बहुमत दिया था लेकिन परिणाम उल्टा आया। लोकसभा में अधिकतर एजेंसियों ने अकेले भाजपा को 300 से उपर सीटें दी थीं। जबकि भाजपा को अपना बहुमत भी नहीं मिला था।
क्या थे 2019 के महाराष्ट्र-झारखंड एग्जिट पोल के आंकड़े
- इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने शिवसेना और भाजपा के गठबंधन राजग को 166 से 194 सीटें मिलने का अनुमान जताया था।
- कांग्रेस और राकांपा के गठबंधन संप्रग को 72 से 90 सीटें मिलने की उम्मीद जताई थी।
- एबीपी न्यूज-सी वोटर ने राजग को 204 और संप्रग को 69 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था।
- न्यूज 18-आइपीएसओएस ने अपने एक्जिट पोल में राजग को 243 और संप्रग को 41 सीटें दी थीं।
- रिपब्लिक-जन की बात ने राजग को 216 से 230 और संप्रग को 52 से 59 सीटों का पूर्वानुमान लगाया था।
- टाइम्स नाउ ने 2019 के एक्जिट पोल में राजग को 230 और संप्रग को 48 सीटें दी थीं।
- झारखंड में एबीपी न्यूज-सी वोटर ने अपने एग्जिट पोल में संप्रग को 35 और भाजपा को 32 सीटें दी थीं।
- इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने संप्रग को 43 और भाजपा को 27 सीटों का अनुमान लगाया था। टाइम्स नाउ ने बताया था कि संप्रग को 44 और भाजपा को 28 सीटें मिल सकती हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।