Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Rajya Sabha Election 2022 : भाजपा के एक दर्जन से ज्यादा उम्मीदवार राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित, 57 सीटों के लिए 10 जून को हैं चुनाव निर्धारित

    By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By:
    Updated: Sat, 04 Jun 2022 07:42 AM (IST)

    बिहार से राज्यसभा के लिए शुक्रवार को नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद पांचों सदस्यों को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया। इनमें भाजपा के सतीशचंद्र दुबे और शंभू शरण पटेल राजद की मीसा भारती और फैयाज अहमद के अलावा जदयू से खीरू महतो शामिल हैं।

    Hero Image
    राज्यसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को नाम वापसी का था अंतिम दिन

    जागरण टीम, नई दिल्ली। देश के 15 राज्यों में राज्यसभा की 57 सीटों के लिए 10 जून को चुनाव निर्धारित है। मगर शुक्रवार को मान वापसी की समय सीमा समाप्त होते ही कई उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इसमें भाजपा के करीब एक दर्जन से ज्यादा उम्मीदवार हैं। वहीं, अन्य दलों के भी कई उम्मीदवारों के निर्विरोध राज्यसभा जाने का रास्ता साफ हो गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उप्र से राज्य सभा के सभी 11 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित

    उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की 11 सीटों के चुनाव में सभी प्रत्याशी निर्विरोध चुन लिए गए हैं। इनमें से भाजपा के खाते में आठ व सपा गठबंधन के खाते में तीन सीटें आईं हैं। इनमें भाजपा के डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, सुरेन्द्र कुमार नागर, डा. के लक्ष्मण, मिथलेश कुमार, बाबू राम निषाद, डा. राधा मोहन दास अग्रवाल, दर्शना सिंह एवं संगीता यादव शामिल हैं। सपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार कपिल सिब्बल भी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। सपा व रालोद गठबंधन के प्रत्याशी रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी व सपा के जावेद अली खां भी राज्यसभा सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं।

    मध्य प्रदेश से भाजपा को दो और कांग्रेस को एक सीट

    मध्य प्रदेश से राज्यसभा की रिक्त तीनों सीटों के लिए शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचन हो गया। कांग्रेस के विवेक तन्खा का निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदेश कांग्रेस महामंत्री जेपी धनोपिया ने प्राप्त किया। वहीं, भाजपा की कविता पाटीदार और सुमित्रा बाल्मिक अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र शनिवार को प्राप्त करेंगी।

    झारखंड से महुआ माजी व आदित्य साहू निर्वाचित

    राज्यसभा के लिए झारखंड कोटे से खाली दो सीटों के लिए एनडीए समर्थित भाजपा उम्मीदवार आदित्य साहू व झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की महुआ माजी निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। झारखंड में यह चौथा मौका है, जब राज्यसभा के लिए उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

    बिहार से विजेता घोषित हुए पांच सदस्य

    बिहार से राज्यसभा के लिए शुक्रवार को नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद पांचों सदस्यों को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया। इनमें भाजपा के सतीशचंद्र दुबे और शंभू शरण पटेल, राजद की मीसा भारती और फैयाज अहमद के अलावा जदयू से खीरू महतो शामिल हैं।

    छत्तीसगढ़ से राजीव और रंजीत निर्वाचित

    छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की दो सीटों के लिए कांग्रेस के राजीव शुक्ला व रंजीत रंजन शुक्रवार को निर्वाचित घोषित कर दिए गए। भाजपा ने कम संख्या बल के कारण उम्मीदवार ही नहीं उतारा था। जबकि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जकांछ) जे से डा. हरिदास भारद्वाज ने पर्चा दाखिल किया था, लेकिन पर्याप्त समर्थन नहीं होने के कारण वह रद कर दिया गया।

    पंजाब और उत्तराखंड में भी निर्विरोध जीत

    पंजाब से संत बलबीर सिंह सीचेवाल और विक्रमजीत सिंह साहनी को राज्य सभा के लिए निर्विरोध चुन लिया गया है। वहीं, उत्तराखंड से भाजपा की कल्पना सैनी भी निर्विरोध राज्यसभा पहुंच गई हैं।

    तमिलनाडु से चिदंबरम समेत छह निर्विरोध पहुंचे उच्च सदन

    तमिलनाडु में चिदंबरम समेत उन सभी छह उम्मीदवारों को शुक्रवार को अधिकारियों ने निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया, जिन्होंने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन किया था।