Maharashtra New CM: एकनाथ शिंदे ने ली महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ, देवेंद्र फडणवीस बने डिप्टी सीएम, पीएम मोदी ने दी बधाई
Maharashtra New CM 2022 Oath Taking Live: भाजपा ने अपने फैसले से एकबार फिर चौंकाने का काम किया है। भाजपा ने कहा कि वह एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली सरकार का साथ देगी। इसके साथ ही एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री पद और देवेंद्र फडणवीस ने उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
मुंबई, एजेंसियां। शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे चार्टर्ड विमान से गुरुवार को गोवा से मुंबई पहुंचे। इसके साथ ही सूबे की सियासी तस्वीर बदल गई। मुंबई पहुंचने के बाद शिंदे सीधे भाजपा के कद्दावर नेता देवेंद्र फडणवीस से मिलने उनके आधिकारिक निवास 'सागर' पहुंचे। एक संक्षिप्त बैठक के बाद दोनों नेता राजभवन पहुंचे और राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलकर नई सरकार के गठन का दावा पेश किया। इसके बाद एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में देवेंद्र फडणवीस ने एलान किया कि सूबे के नए सीएम एकनाथ शिंदे होंगे। शाम को एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री पद और देवेंद्र फडणवीस ने उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
पीएम मोदी ने शिंदे को बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एकनाथ शिंदे को भी सीएम पद की शपथ लेने पर बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर मैं एकनाथ शिंदे जी को बधाई देना चाहता हूं। वह एक जमीनी नेता हैं और उनके पास एक समृद्ध राजनीतिक, विधायी और प्रशासनिक अनुभव है। मुझे विश्वास है कि वह महाराष्ट्र को और ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में काम करेंगे।
PM Modi ने देवेंद्र फडणवीस को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी। उन्होंने कहा- महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेने पर मैं देवेंद्र फडणवीस जी को बधाई देता हूं। वह हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए एक प्रेरणा हैं। उनका अनुभव और विशेषज्ञता सरकार के लिए एक संपत्ति होगी। मुझे विश्वास है कि वह महाराष्ट्र के विकास पथ को और मजबूत करेंगे।
भारत माता की जय के लगे नारे
शपथग्रहण समारोह में भारत माता की जय के नारे लगे। समर्थकों ने एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस जी आगे बढ़ो हम तुम्हारे साथ हैं के नारे लगाए। देवेंद्र फडणवीस ने मराठी भाषा में शपथ ग्रहण किया।
फडणवीस ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली
देवेंद्र फडणवीस ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली है। इससे पहले उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर सरकार से बाहर रहने की बात कही थी लेकिन केंद्रीय नेतृत्व के कहने पर उन्होंने उप-मुख्यमंत्री के तौर पर सरकार में शामिल होने का फैसला किया।
एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली
शपथग्रहण समारोह शुरू हो गया है। एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की है। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शपथ ग्रहण समारोह में एकनाथ शिंदे का स्वागत किया।
राजभवन पहुंचे देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे
महाराष्ट्र के मनोनीत मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस शपथ ग्रहण समारोह के लिए राजभवन पहुंच गए हैं। राज्य के मनोनीत मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के समर्थकों में उत्साह नजर आ रहा है।
अमित शाह बोले- सरकार में शामिल होंगे देवेंद्र फडणवीस
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के कहने पर देवेंद्र फडणवीस जी ने बड़ा मन दिखाते हुए महाराष्ट्र और जनता के हित में नई सरकार में शामिल होने का फैसला किया है। यह निर्णय महाराष्ट्र के प्रति उनकी सच्ची निष्ठा का परिचायक है। इसके लिए मैं उन्हें हृदय से बधाई देता हूं।
हम किसी पद के लिए नहीं
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि बीजेपी ने महाराष्ट्र की जनता की भलाई के लिए बड़े मन का परिचय देते हुए एकनाथ शिंदे जी का समर्थन करने का फैसला लिया है। देवेन्द्र फडणवीस जी ने भी बड़ा दिल दिखाते हुए कहा है कि वह व्यक्तिगत रूप से सरकार से बाहर रहकर समर्थन देंगे। यह हमारे नेता का चरित्र भी दर्शाता है और बताता है कि हम किसी पद के लिए नहीं हैं।
जेपी नड्डा बोले- सरकार का हिस्सा बनें फडणवीस, डिप्टी सीएम का संभालें पदभार
इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने फैसला किया है कि देवेंद्र फडणवीस को सरकार का हिस्सा बनना चाहिए। इसलिए केंद्रीय नेतृत्व ने कहा है कि देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के रूप में कार्यभार संभालना चाहिए।
विवेक फनसालकर ने मुंबई पुलिस आयुक्त संभाला कार्यभार
इस बीच विवेक फनसालकर ने मुंबई पुलिस आयुक्त का कार्यभार संभाल लिया है। इस मौके पर नवनिर्वाचित मुंबई पुलिस आयुक्त विवेक फनसालकर ने कहा कि मुंबई की चुनौतियां नई नहीं हैं। यहां कानून व्यवस्था,अपराध, जनसंख्या एक चुनौती है। पुलिस को धैर्य के साथ काम करना होगा। जो भी व्यक्ति पुलिस के पास आता है उसे परेशानी रहती है, उसका समाधान करने की पूरी कोशिश करना हमारा कर्तव्य है।
एकनाथ शिंदे गुट के विधायकों ने मनाया जश्न
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर एकनाथ शिंदे का नाम सामने आते ही विद्रोही गुट के विधायकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। मौजूदा वक्त में विद्रोही गुट के विधायक गोवा के एक होटल में ठहरे हुए हैं।
फडणवीस बोले- सरकार के बाहर रहूंगा लेकिन करूंगा पूरा सहयोग
फड़णवीस ने यह भी कहा कि वह इस सरकार के बाहर रहेंगे। भले ही मैं इस सरकार के बाहर रहूं फिर भी मेरा समर्थन इसको बना रहेगा। मैं इस सरकार को पूरा सहयोग करूंगा। सरकार को सफल बनाने के लिए जो भी जरूरी होगा उसके लिए हम हर मुमकिन कोशिश करेंगे।
फडणवीस ने दिखाया बड़ा दिल
एकनाथ शिंदे ने कहा कि संख्याबल के लिहाज से भाजपा बड़ी पार्टी है लेकिन देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा दिल दिखाया है। शिवसेना के 40 विधायक और निर्दलीय विधायकों को मिलाकर 50 विधायक आज एक साथ हैं। हम लोग हमारे शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे जी की हिंदुत्व की जो भूमिका है उसको आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे है।
बालासाहेब ठाकरे जी के हिंदुत्व के लिए उठाया कदम
वहीं एकनाथ शिंदे ने कहा- हमने जो कदम उठाया है वो किसी ने कुछ पाने के लिए नहीं किया है। यह सब एक विचार, बालासाहेब ठाकरे जी का हिंदुत्व और राज्य के विकास की बात है इसलिए हम यह एजेंडा लेकर आगे जा रहे थे।
वो भ्रष्टाचार में लिप्त थे
महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हमने ढाई साल में एक सरकार देखी जिसमें न कोई तत्व, न कोई विचार और न गति थी। वो लोग चालू इंफ्रास्ट्रक्चर को बंद कर रही थी... वो (उद्धव ठाकरे) लगातार भ्रष्टाचार में लिप्त थे।
बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को दे दी तिलांजलि
फडणवीस ने कहा- भाजपा के साथ चुनाव के बाद शिवसेना के शीर्ष नेतृत्व ने निर्णय किया कि बालासाहेब ठाकरे जी ने जिन विचारों का जीवन भर विरोध किया ऐसे लोगों के साथ उन्होंने (उद्धव ठाकरे) गठबंधन किया।
उद्धव ने नहीं सुनी विधायकों की फरियाद
देवेंद्र फडणवीस ने कहा- एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना विधायकों ने मांग की कि हम कांग्रेस और एनसीपी के साथ नहीं रह सकते और ये गठबंधन खत्म किया जाए लेकिन इनकी मांग पूरी नहीं हुई इसलिए इन विधायकों ने अपनी आवाज बुलंद की।
शिंदे होंगे नए सीएम, शाम को 7.30 बजे शपथ ग्रहण
भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे के साथ एक संयुक्त प्रेस वार्ता में घोषणा की कि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री होंगे। शपथ समारोह आज शाम 7.30 बजे होगा।
मोदी जी के नेतृत्व में मिला था पूर्ण बहुमत
भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा- 2019 में भाजपा और शिवसेना साथ में चुनाव लड़ी। पीएम मोदी जी के नेतृत्व में हमें पूर्ण बहुमत मिला। पीएम जी ने चुनाव के दौरान BJP के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की और वो नाम सबको मंजूर भी था।