Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Maharashtra Election: अशोक चव्हाण की दूसरी परीक्षा है नांदेड़ उप चुनाव, कांग्रेस हारी तो लोकसभा में लगेगा झटका

    Updated: Tue, 12 Nov 2024 06:00 AM (IST)

    Maharashtra Election 2024 नांदेड़ के नवनिर्वाचित सांसद वसंत चव्हाण का निधन हो जाने से महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के साथ ही वहां उप चुनाव हो रहा है। इस उप चुनाव में कांग्रेस और भाजपा फिर आमने-सामने है। लेकिन इन दोनों प्रत्याशियों के साथ ही कड़ी परीक्षा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए दो बार के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण की भी है।

    Hero Image
    Maharashtra Election 2024 पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण की साख दांव पर।

    ओमप्रकाश तिवारी, मुंबई Maharashtra Election 2024 लोकसभा चुनाव के कुछ ही माह बाद नांदेड़ के नवनिर्वाचित सांसद वसंत चव्हाण का निधन हो जाने से महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के साथ ही वहां उप चुनाव हो रहा है। इस उप चुनाव में कांग्रेस और भाजपा फिर आमने-सामने है। लेकिन, इन दोनों प्रत्याशियों के साथ ही कड़ी परीक्षा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए दो बार के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण की भी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कांग्रेस हारी तो लोकसभा में लगेगा झटका

    कांग्रेस के नेतृत्व वाली महाविकास आघाड़ी भी इस सीट को बरकरार रखने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है, क्योंकि इस एक सीट पर हार हुई तो लोकसभा में कांग्रेस पूरे पांच साल के लिए 99 से 98 पर आ जाएगी। गोदावरी नदी के तट पर स्थित ऐतिहासिक शहर नांदेड़ में लोकसभा उप चुनाव में सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। नांदेड़ महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में आता है, जहां भाजपानीत महायुति को लोकसभा चुनाव के दौरान करारी हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन, चुनाव के दो माह बाद ही छह अगस्त को यहां के नवनिर्वाचित सांसद वसंत चव्हाण का निधन हो गया था।

    अशोक चव्हाण की अग्निपरीक्षा

    2024 के लोकसभा चुनाव में वसंत चव्हाण ने भाजपा के मौजूदा सांसद प्रतापराव पाटिल-चिखलीकर को 59,442 मतों से हराया था। कांगेस की यह जीत ऐसे समय में हुई थी, जब दिग्गज नेता और गांधी परिवार के वफादार अशोक चव्हाण ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले ही उन्हें राज्यसभा सदस्य भी बना दिया था। पूरी ताकत लगाकर भी अशोक चव्हाण नांदेड़ की लोकसभा सीट भाजपा की झोली में नहीं डलवा सके।

    कांग्रेस ने वसंत चव्हाण के बेटे को मैदान में उतारा

    वसंत चव्हाण के निधन के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने नांदेड़ में उनके परिवार से मुलाकात की और दिवंगत नेता के बेटे रवींद्र चव्हाण को उनके पिता की सीट से चुनाव लड़ने के लिए नामित किया।भाजपा ने भी नांदेड़ के भाजपा जिला प्रमुख डा. संतुक हंबार्डे को मैदान में उतारा है। संयोग से संतुक हंबार्डे के भाई मोहन हंबार्डे नांदेड़ दक्षिण से कांग्रेस के मौजूदा विधायक हैं और नांदेड़ दक्षिण सीट से चुनाव भी लड़ रहे हैं। मोहन हंबार्डे अशोक चव्हाण के भी करीबी माने जाते हैं।

    एक तरफ भाजपा ने उप चुनाव के लिए संतुक हंबार्डे को मैदान में उतारने का फैसला किया तो दूसरी ओर लोकसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर हारने वाले पूर्व पूर्व सांसद प्रतापराव चिखलीकर अजीत पवार के नेतृत्व वाली राकांपा में शामिल होकर लोहा सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। लोहा विधानसभा क्षेत्र लातूर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

    नांदेड़ उप चुनाव में 19 उम्मीदवार मैदान में 

    नांदेड़ उप चुनाव में रवींद्र चव्हाण और संतुक हंबार्डे समेत कुल 19 उम्मीदवार मैदान में हैं। नांदेड़ के अंतर्गत छह विधानसभा क्षेत्र हैं भोकर, नांदेड़ उत्तर, नांदेड़ दक्षिण, नायगांव, देगलुर (एससी) और मुखेड़। भोकर विधानसभा सीट से खुद अशोक चव्हाण चुनकर जाते रहे हैं। इस बार उनकी पुत्री श्रीजया इस सीट से चुनाव लड़कर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर रही हैं। इसलिए, अशोक चव्हाण पर अपनी पुत्री के साथ ही अन्य पांच सीटों पर भी महायुति एवं लोकसभा सीट पर भाजपा को जिताने की जिम्मेदारी है। इस बार ये सभी चुनाव अशोक चव्हाण के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बने हुए हैं। 

    comedy show banner
    comedy show banner