''कर्नाटक में कम से कम 141 सीटें जीतेगी कांग्रेस'', शिवकुमार बोले- CM पद के लिए पार्टी का फैसला मंजूर
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस कर्नाटक में आसानी से बहुमत हासिल कर लेगी और यह जीत 1978 की भांति ही लोकसभा के दरवाजे खोलेगी। इ ...और पढ़ें

नई दिल्ली, पीटीआई। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने भरोसा जताया कि पार्टी राज्य में कम से कम 141 सीटों पर जीत हासिल करेगी। सीएम के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पार्टी के फैसले का पालन किया जाएगा।
एक साक्षात्कार में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस कर्नाटक में आसानी से बहुमत हासिल कर लेगी और यह जीत 1978 की भांति ही लोकसभा के दरवाजे खोलेगी।
उन्होंने भाजपा के घोषणापत्र में समान नागरिक संहिता और नागरिकों के राष्ट्रीय रजिस्टर (NRC) जैसे मुद्दों को उठाने पर कहा कि यह राज्य के लिए उनके विचारों और दृष्टि के 'दिवालियापन' को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में मोदी लहर काम नहीं करेगी।
आयकर छापों में 15 करोड़ की नकदी व पांच करोड़ के आभूषण जब्त
आयकर विभाग ने शुक्रवार को बेंगलुरु और मैसूर के कई फाइनेंसरों के यहां छापे मारकर 15 करोड़ रुपये की नकदी और पांच करोड़ रुपये के आभूषण जब्त कर लिए। छापेमारी बेंगलुरु के शांतिनगर, आरएमवी एक्सटेंशन, कनिंघम रोड, सदाशिव नगर और कुमारपार्क वेस्ट और फेयरफील्ड लेआउट में की गई। फाइनेंसरों ने यह राशि कथित रूप से विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों को चंदे के रूप में एकत्रित की थी।
झूठे वादों से सावधान रहें मतदाता: चिदंबरम
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने शनिवार को मणिपुर हिंसा का हवाला देते हुए कहा कि कर्नाटक के मतदाताओं को डबल इंजन की सरकार के झूठे वायदों से सावधान रहना चाहिए।
चिदंबरम ने ट्विटर पर कहा कि मणिपुर में डबल इंजन सरकार का परिणाम देखिए। दोनों इंजन फेल हो गए। राज्य सरकार अंर्तकलह से टूट चुकी है। केंद्र सरकार के पास सभी मुद्दों का गोली चलाना ही हल है। यही कारण है कि मैती और आदिवासी समुदाय के बीच खाई और अधिक चौड़ी हो गई।
कांग्रेस में शामिल होना शेट्टार की राजनीतिक भूल: कागेरी
सत्तारूढ़ पार्टी के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेज कागेरी ने कहा कि पूर्व भाजपा नेता जगदीश शेट्टार ने कांग्रेस में शामिल होकर राजनीतिक भूल की है। निर्दलीय चुनाव लड़ने पर शेट्टार के जीतने की संभावना अधिक थी।
उन्होंने कहा कि शेट्टार के कांग्रेस में शामिल नहीं होने से अलग प्रभाव पड़ता लेकिन अब यह नकरात्मक हो गया। पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने हुबली-धारवाड़ विधानसभा क्षेत्र से टिकट नहीं मिलने पर भाजपा छोड़ दी और कांग्रेस का हाथ थाम लिया। हुबली -धारवाड़ विधानसभा से वह 1994 से जीत रहे हैं।
मुल्की में आज जनसभा करेंगी प्रियंका
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी रविववार को मुल्की के कोलनाड मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगी। जनसभा में उत्तरी मंगलुरु, मूडबिद्री और कौप विधानसभाओं के लोग भाग लेंगे। यह जानकारी कांग्रेस नेता मंजूनाथ भंडारी ने दी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।