Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राहुल गांधी को वायनाड में चुनौती देगा BJP का ये फायरब्रांड नेता, पांचवी लिस्ट में किसे मिला मौका और किसका कटा टिकट; यहां देखें लिस्ट

    By Agency Edited By: Piyush Kumar
    Updated: Mon, 25 Mar 2024 08:26 AM (IST)

    Lok Sabha Election 2024 लोकसभा प्रत्याशियों की पांचवीं लिस्ट में भाजपा ने कई सेलिब्रिटीज को मौके दिए। वहीं कुछ दिग्गज नेताओं को पार्टी ने किनारा भी कर दिया है। दक्षिण भारत में पार्टी ने हर एक सीट पर सोच विचार करते हुए नेताओं को मौका दिया है। पढ़ें बिहार से लेकर कर्नाटक तक पार्टी ने किन नेताओं के भरोसा जताया है।

    Hero Image
    Lok Sabha Election 2024: बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पांचवी लिस्ट जारी कर दी है(फोटो सोर्स: जागरण)

    पीटीआई, नई दिल्ली। भाजपा ने रविवार को लोकसभा प्रत्याशियों की अपनी पांचवीं सूची जारी कर दी। 17 राज्यों की 111 सीटों के उम्मीदवारों में कई नाम चौंकाने वाले हैं। इसमें बालीवुड अभिनेता-अभिनेत्री से लेकर पूर्व जज और हाल में पार्टी में शामिल होने वाले नेता भी शामिल हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लोकप्रिय टीवी धारावाहिक रामायण में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल को मेरठ से पार्टी ने मैदान में उतारा है तो हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के गढ़ रहे मंडी संसदीय क्षेत्र से मशहूर अभिनेत्री कंगना रनोट को टिकट मिला है।

    राहुल के खिलाफ लड़ेंगे के. सुरेंद्रन

    पीलीभीत से तीन बार के सांसद वरुण गांधी का टिकट कट गया है, हालांकि मेनका गांधी को सुल्तानपुर से फिर टिकट दिया गया है। केरल के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के सुरेंद्र को राहुल गांधी के खिलाफ वायनाड से मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने दो केंद्रीय मंत्रियों अश्विनी कुमार चौबे और वीके सिंह समेत 37 सांसदों का टिकट काट दिया है।

    इनमें उत्तर प्रदेश से नौ, गुजरात से पांच, ओडिशा से चार, बिहार, झारखंड व कर्नाटक से तीन-तीन सांसद भी शामिल हैं। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की शनिवार देर रात हुई बैठक में इन प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगी थी। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह समेत समिति के अन्य सदस्यों ने शिरकत की थी।

    सुल्तानपुर से दोबारा चुनाव लड़ेंगी मेनका

    भाजपा 291 उम्मीदवारों का एलान पहले कर चुकी है। पांचवीं सूची के 111 उम्मीदवारों को मिलाकर अब तक पार्टी 402 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश के 13 और उम्मीदवार तय कर दिए हैं। पीलीभीत से राज्य सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद को प्रत्याशी बनाया गया है।

    मेनका गांधी सुल्तानपुर से दोबारा चुनाव मैदान में हैं। कानपुर से रमेश अवस्थी को टिकट मिला है। बरेली से आठ बार के सांसद संतोष गंगवार और मेरठ से तीन बार के सांसद राजेंद्र अग्रवाल को इस बार टिकट नहीं दिया गया है।

    वीके सिंह को नहीं मिला मौका

    बदायूं से स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी संघमित्रा का भी टिकट कट गया है। यहां दुर्विजय सिंह साक्य को टिकट मिला है। गाजियाबाद से सांसद और केंद्र में मंत्री वीके सिंह की जगह अतुल गर्ग को टिकट दिया गया है। पार्टी ने भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और सांसद बृजभूषण शरण सिंह की कैसरगंज सीट पर अभी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। भाजपा ने बिहार के अपने कोटे के सभी 17 प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं।

    अश्विनी चौबे का कटा टिकट

    पटना साहिब से रविशंकर प्रसाद, आरा से आरके सिंह और सारण से राजीव प्रताप रूड़ी चुनाव लड़ेंगे। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को बेगूसराय से टिकट दिया गया है। पार्टी ने बक्सर के सांसद व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे की जगह मिथिलेश तिवारी को मैदान में उतारा है।

    बिहार से कुल तीन मौजूदा सांसदों के टिकट कटे हैं। इनमें सांसद छेदी पासवान और अजय कुमार निषाद भी शामिल हैं। झारखंड में झामुमो नेता और हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन को भी टिकट मिला है। वे दुमका से प्रत्याशी होंगी। वे हाल ही में भाजपा में शामिल हुई थीं।

    पांचवीं सूची में बंगाल से सबसे अधिक 19 प्रत्याशियों को टिकट मिला है। संदेशखाली हिंसा की पीड़िता रेखा पात्र को पार्टी ने बशीरहाट संसदीय क्षेत्र से मैदान में उतारा है। बैरकपुर से अर्जुन सिंह को टिकट मिला है।

    कलकत्ता हाई कोर्ट के जज पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए अभिजीत गंगोपाध्याय को तमलुक लोकसभा सीट से टिकट मिला है। मेदिनीपुर से सांसद दिलीप घोष को इस बार बर्धमान-दुर्गापुर से प्रत्याशी बनाया है। वहां के मौजूदा सांसद एसएस अहलूवालिया का टिकट काटा गया है।

    संबलपुर से चुनाव लड़ेंगे धर्मेंद्र प्रधान

    ओडिशा के भी 18 प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। पुरी से भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा चुनाव मैदान में होंगे। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान संबलपुर से चुनाव लड़ेंगे। उत्तर प्रदेश भाजपा प्रभारी बैजयंत जय पांडा को ओडिशा के केंद्रपाड़ा से प्रत्याशी बनाया गया है। वे यहां से दो बार बीजद के सांसद रह चुके हैं।

    क्या है हरियाणा का हाल?

    हरियाणा की शेष चार सीटों पर भी प्रत्याशी घोषित कर दिए गए। पार्टी ने कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल को उम्मीदवार बनाया है। रविवार को ही जिंदल कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए। जिंदल दो बार कुरुक्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर सांसद रह चुके हैं।

    पार्टी ने पूर्व उप प्रधानमंत्री देवीलाल के बेटे और राज्य के बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला को हिसार से प्रत्याशी बनाया है। रोहतक के सांसद अरविंद शर्मा को फिर से मैदान में उतारा गया है। सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक का टिकट काटकर मोहन लाल बडोली को उम्मीदवार बनाया गया है।

    दक्षिण भारत में इन नेताओं पर पार्टी को भरोसा

    कर्नाटक की चार सीटों पर उम्मीदवार तय किए गए। पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तर कन्नड से छह बार सांसद रहे अनंत कुमार हेगड़े का टिकट काट दिया है। हेगड़े हाल ही में संविधान बदलने के विवादित बयान के कारण चर्चा में रहे थे।

    कर्नाटक के पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार बेलगाम से चुनाव लड़ेंगे। डेंपो इंडस्ट्रीज की कार्यकारी निदेशक पल्लवी डेंपो को दक्षिण गोवा से मैदान में उतारा है। पल्लवी गोवा के इतिहास में भाजपा की टिकट पाने वाली पहली महिला प्रत्याशी हैं।

    यह भी पढ़ें: फिर वोटों की कसौटी पर आम लोगों की सुरक्षा, अलगाववादी हिंसा में आई कमी को उपलब्धि में गिना सकती है मोदी सरकार