Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Ramlila Maidan Rally: रामलीला मैदान में आज विपक्ष की 'लोकतंत्र बचाओ' रैली, 28 दलों के नेता एक साथ होंगे मंच पर

    कांग्रेस ने कहा है कि राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को होने जा रही विपक्ष की संयुक्त मेगा रैली देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे राहुल गांधी शरद पवार अखिलेश यादव उद्धव ठाकरे से लेकर तेजस्वी यादव जैसे शीर्ष विपक्षी नेताओं के साथ तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और झारखंड के सीएम चंपई सोरेन इस रैली में बिगुल फूंकेंगे।

    By Jagran News Edited By: Sonu Gupta Updated: Sun, 31 Mar 2024 06:00 AM (IST)
    Hero Image
    रामलीला मैदान में आज विपक्ष की 'लोकतंत्र बचाओ' रैली।

    जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए की अगुवाई कर रही कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को होने जा रही विपक्ष की संयुक्त मेगा रैली देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए है न कि किसी व्यक्ति विशेष को बचाने की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, शरद पवार, अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे से लेकर तेजस्वी यादव जैसे शीर्ष विपक्षी नेताओं के साथ तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और झारखंड के सीएम चंपई सोरेन इस रैली में मोदी सरकार को सत्ता से बाहर करने का बिगुल फूंकेंगे।

    आईएनडीआईए की यह दूसरी संयुक्त रैली

    कांग्रेस के अनुसार आईएनडीआईए में शामिल तमाम दल एक मजबूत संदेश देंगे कि रोजगार, अर्थव्यवस्था और महंगाई के मोर्चे पर नाकाम रही भाजपा सरकार का समय खत्म हो गया है और देश के लोग उनसे छुटकारा पाना चाहते हैं। मुंबई के शिवाजी पार्क में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के मौके पर 17 मार्च को हुई रैली के बाद आइएनडीआइए गठबंधन की यह दूसरी संयुक्त रैली है।

    रैली में 28 घटक दल भाग लेंगे

    कांग्रेस के संचार महासचिव जयराम रमेश ने दिल्ली के प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया और दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली के साथ शनिवार को संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि रैली में विपक्षी गठबंधन के सभी 28 घटक दल भाग लेंगे। विपक्ष के सभी प्रमुख नेता रामलीला मैदान में जुटने वाले भारी जनसमूह को संबोधित करेंगे।

    केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ विपक्ष का जमावड़ा

    जयराम ने कहा कि यह लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई है इसलिए इसे 'लोकतंत्र बचाओ रैली' नाम दिया गया है और यह किसी एक पार्टी की रैली नहीं है। आम आदमी पार्टी रैली को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ईडी द्वारा की गई गिरफ्तारी के खिलाफ विपक्ष का जमावड़ा बता रही है और ऐसे में कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि रैली केवल एक मुद्दे नहीं बल्कि तमाम ज्वलंत सवालों को उठाने के लिए बुलाई गई है।

    महंगाई, बेरोजगारी समेत ये हैं मुद्दे

    संविधान बदलने के भाजपा-आरएसएस नेताओं के बयान का हवाला देते हुए जयराम ने कहा कि अगर संविधान बदला गया तो इसके साथ ही धर्मनिरपेक्षता, समाजवाद और सामाजिक न्याय भी चला जाएगा क्योंकि सब कुछ खतरे में पड़ जाएगा। इसलिए रैली देश के लोगों की ओर से लोक कल्याण मार्ग को एक शक्तिशाली संदेश देगी कि वे भाजपा से छुटकारा पाना चाहते हैं। जयराम रमेश ने कहा भी कि बढ़ती महंगाई, पिछले 45 वर्षों में सबसे अधिक बेरोजगारी दर के साथ आर्थिक असमानताओं का मुद्दा उठाया जाएगा। जैसे अमीर और अमीर तो गरीब और गरीब होते जा रहे हैं, जबकि प्रगति का लाभ केवल कुछ चुनिंदा लोगों को ही मिल रहा है।

    विपक्षी दलों को पंगु बनाने की साजिश

    उन्होंने का सामाजिक ध्रुवीकरण और किसानों पर अत्याचारों से जुड़े मुद्दे भी उठाए जाएंगे। बेशक रैली में केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करके विपक्षी दलों को निशाना बनाना भी एक महत्वपूर्ण एजेंडा होगा। जयराम ने कहा कि दो विपक्षी मुख्यमंत्रियों और कुछ मंत्रियों को बिना किसी आरोप के गिरफ्तार कर चुनाव के समय विपक्षी दलों को पंगु बनाने की साजिश की गई है।

    यह रैली देश की जनता की ओर से

    कांग्रेस महासचिव ने कहा कि रैली पिछले 75 वर्षों के सबसे बड़े घोटाले चुनावी बांड को भी उजागर करेगी जिसके माध्यम से भाजपा ने 8200 करोड़ रुपये एकत्र किए। चुनावी बांडों को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अवैध और असंवैधानिक ठहराया गया।

    जयराम ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस को विशेष निशाना बनाते हुए उस पर 'कर आतंक हमला' किया है और पार्टी को रोजाना नए-नए नोटिस दिए जा रहे हैं। रामलीला मैदान की रैली में फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, सीताराम येचुरी, डी राजा समेत कई अन्य वरिष्ठ विपक्षी नेता भी भाग लेंगे। अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि यह रैली देश की जनता की ओर से भाजपा पर निर्णायक और अंतिम राजनीतिक प्रहार की शुरुआत होगी।