Gujarat Politics: क्या भाजपा OBC नेता को बनाएगी प्रदेश अध्यक्ष? पढ़ें क्या है पार्टी का प्लान
गुजरात भाजपा अध्यक्ष पद के लिए अब ओबीसी नेता को मौका मिल सकता है क्योंकि पार्टी 2022 के विधानसभा चुनाव से अधिक मेहनत करने की तैयारी में है। कांग्रेस ने अमित चावड़ा को फिर से अध्यक्ष पद का मौका दिया है जो ओबीसी समुदाय से हैं। भाजपा आलाकमान भी ओबीसी नेता पर दांव लगाने की तैयारी में है खासकर मध्य गुजरात से।

शत्रुघ्न शर्मा, अहमदाबाद : केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल गुजरात के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पद पांच वर्ष से संभाल रहे हैं। गत लोकसभा चुनाव के बाद उन्होंने पद छोड़ने की सार्वजनिक रूप से इच्छा जताई लेकिन उनका सही विकल्प न मिल पाने से भाजपा आलाकमान ने उन्हें ही इस पद पर बनाए रखा।
गुजरात भाजपा अध्यक्ष पद पर सौराष्ट्र व दक्षिण गुजरात के बाद अब माना जा रहा है कि मध्य गुजरात के ओबीसी नेता को मौका मिल सकता है। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को 2022 के चुनाव से अधिक मेहनत करनी होगी।
अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने अमित चावड़ा को दिया मौका
कांग्रेस आलाकमान ने गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष पद पर एक बार फिर विधायक अमित चावड़ा को मौका दिया है। चावड़ा पूर्व मुख्यमंत्री माधव सिंह सोलंकी के रिश्तेदार हैं।
वह ओबीसी समुदाय से आते हैं। उधर, विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री अमर सिंह चौधरी के बेटे विधायक तुषार चौधरी की नियुक्ति की गई।
भाजपा अध्यक्ष पद पर सौराष्ट्र व दक्षिण गुजरात के नेताओं का वर्चस्व
भाजपा आलाकमान भी अब अध्यक्ष पद के लिए ओबीसी नेता पर दांव लगाने की तैयारी में है। राज्य में बीते एक दशक में भाजपा अध्यक्ष पद पर क्रमश: सौराष्ट्र व दक्षिण गुजरात के नेताओं का वर्चस्व रहा है।
इनमें भावनगर से जीतूभाई वाघाणी, राजकोट से पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, नवसारी से सीआर पाटिल अध्यक्ष रहे। इससे पहले पूर्व मंत्री आरसी फलदू तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री परसोत्तम रुपाला भी सौराष्ट्र से थे।
कांग्रेस के ओबीसी व आदिवासी के जातीय समीकरण से मुकाबला करने के लिए भाजपा भी अध्यक्ष पद के लिए ओबीसी नेता के नाम पर अंतिम मुहर लगाने को तैयार है। यह मध्य गुजरात से होगा।
इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेश में बतौर प्रशासक काम कर रहे एक पाटीदार नेता पर भी भाजपा आलाकमान की नजर है। उन्हें वापस गुजरात लाकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। केंद्र में गए गुजरात भाजपा के दिग्गज अब पहले जितना समय नहीं दे पा रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।