यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'संविधान नहीं, राहुल गांधी बचाओ रैली', कांग्रेस पर जमकर बरसे धर्मेंद्र प्रधान; कहा- फरेब को अब पहचान चुकी है जनता
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भुवनेश्वर में कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली पर कटाक्ष करते हुए इसे राहुल गांधी ...और पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा के भुवनेश्वर में कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली पर जमकर कटाक्ष किया। रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मौजूद थे।
प्रधान ने इसे कांग्रेस के शहजादे के लिए एक और राजनीतिक पर्यटन बताते हुए कहा कि इसमें 'संविधान बचाओ' नहीं, बल्कि 'प्रिंस राहुल गांधी और कांग्रेस बचाओ' का समावेश है।
कांग्रेस पर बरसे धर्मेंद्र प्रधान
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि ओडिशा में कांग्रेस का कोई वजूद नहीं है। ओडिशा के गरीब, दलित, आदिवासी, किसान और मजदूरों ने कांग्रेस को दशकों पहले नकार दिया था। ऐसे में राहुल गांधी का ओडिशा के गरीबों के हित की बात करना छलावे के अतिरिक्त कुछ नहीं है।
प्रधान ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा से गरीबों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की अनदेखी करने का रहा है। कांग्रेस की सरकारों द्वारा दिल्ली से भेजे गए पैसों को बिचौलिए लूट लेते थे। गरीबों का हक और आदिवासियों की जमीन तभी तक सुरक्षित है, जब तक कांग्रेस सत्ता में नहीं है।
राहुल गांधी पर जमकर साधा निशाना
धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस की महाराष्ट्र और हरियाणा जैसे राज्यों में हार के लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराने पर भी राहुल गांधी और खरगे को आड़े हाथों लिया। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि संविधान बचाने का उपदेश वह पार्टी दे रही है, जिसने संविधान को रौंदकर देश पर आपातकाल थोप दिया था।
प्रधान के अनुसार, राहुल गांधी की हालत आज 'नाच न जाने, आंगन टेढ़ा' जैसी हो गई है। बार-बार चुनावी हार और बिहार के आगामी चुनावों में हार को देखते हुए कांग्रेस 'वोट चोरी' का नया शिगूफा लेकर आई है। मगर, ओडिशा सहित देश की जनता कांग्रेस और राहुल गांधी के हर प्रपंच व फरेब को अब पहचान चुकी है।