'गठबंधन करना है या नहीं... साफ करो', दिल्ली में करारी हार के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने पार्टी को दिखाया आईना
Delhi Chunav Result 2025 दिल्ली चुनाव में कांग्रेस को लगातार तीसरी बार करारी हार का सामना करना पड़ा है। यहां तक की तीसरी दफा पार्टी अपना खाता तक नहीं खोल पाई जिसके बाद से कई नेताओं ने पार्टी को आत्मनिरीक्षण करने को कहा है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी को यह स्पष्ट करने की जरूरत है कि वह गठबंधन की राजनीति करना चाहती है या नहीं।

पीटीआई, नई दिल्ली। Delhi Chunav Result 2025 दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की लगातार तीसरी शर्मनाक हार के बाद, पार्टी के वरिष्ठ नेता ने आईना दिखाने का काम किया है। दिल्ली चुनाव में कांग्रेस लगातार तीसरी बार अपना खाता नहीं खोल पाई है, जिसके बाद से कई नेताओं ने पार्टी को आत्मनिरीक्षण करने को कहा है।
गठबंधन को लेकर पार्टी साफ करे स्थिति
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तारिक अनवर ने सोमवार को कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी को यह स्पष्ट करने की जरूरत है कि वह गठबंधन की राजनीति करना चाहती है या अकेले चलेगी।
संगठनात्मक बदलाव की भी मांग
तारिक अनवर ने पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में बुनियादी बदलाव की भी मांग की, हालांकि उन्होंने इस पर विस्तार से कुछ नहीं कहा। बिहार के कटिहार से पार्टी के सांसद अनवर ने एक्स पर हिंदी में लिखे एक पोस्ट में कहा,
कांग्रेस को अपनी राजनीतिक रणनीति स्पष्ट करने की जरूरत है। उसे तय करना होगा कि वह गठबंधन की राजनीति करेगी या अकेले चलेगी। इसके अलावा, पार्टी के संगठन में बुनियादी बदलाव करना भी जरूरी हो गया है।
कांग्रेस को मिली है करारी हार
बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा। पार्टी लगातार तीसरी बार एक भी सीट जीतने में विफल रही। कांग्रेस के लिए एकमात्र राहत की बात यह है कि दिल्ली में उसके वोट शेयर में मामूली सुधार हुआ है, जो 2 प्रतिशत है।
कांग्रेस को अब बिहार विधानसभा चुनावों के लिए कमर कसनी है, जो कुछ ही महीनों में होने वाले हैं। पार्टी बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ गठबंधन में है।
दिल्ली में भाजपा को 27 साल बाद मिली जीत
दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा की आंधी चली है। इस आंधी में केजरीवाल की AAP भी बिखर गई और उसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। जहां भाजपा को 48 सीटें मिली तो वहीं आप को इस बार 40 सीटों के नुकसान के साथ 22 सीटों पर सबर करना पड़ा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।