Goa Assembly Election 2022: मडगांव सीट से चुनाव लड़ेंगे दिगंबर कामत, कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची
Goa Assembly Election 2022 कांग्रेस ने गुरुवार को गोवा में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए आठ उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत को मडगांव निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा गया है।

नई दिल्ली, पीटीआई: कांग्रेस ने गुरुवार को गोवा में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए आठ उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत को मडगांव निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने मापुसा विधानसभा सीट से सुधीर कनोलकर को मैदान में उतारा है। कनोलकर नगर निगम पार्षद रह चुके हैं और पहले भाजपा की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य थे। उन्होंने 2019 की शुरुआत में कांग्रेस में शामिल होने के लिए भगवा पार्टी छोड़ दी थी। तालेगांव विधानसभा सीट से पार्टी ने टोनी रॉड्रिक्स को मैदान में उतारा है जबकि पोंडा निर्वाचन क्षेत्र से राजेश वेरेनकर को उतारा है।
अन्य उम्मीदवारों में मारमुगाओ सीट से संकल्प अमोनकर, कर्टोरिम सीट से एलेक्सो रेजिनाल्डो लौरेंको और कनकोलिम विधानसभा क्षेत्र से यूरी अलेमाओ हैं जबकि क्यूपेम सीट से अल्टोन डी'कोस्टा को मैदान में उतारा गया है।
सोनिया गांधी ने चुना दिगंबर कामत का नाम
दिगंबर कामत, जो 2012 से 2017 तक राज्य के मुख्यमंत्री थे, वर्तमान में मडगांव विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह गोवा विधानसभा में विपक्ष के नेता भी हैं। उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए पार्टी के एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि उनका चयन कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी की अध्यक्षता वाली केंद्रीय चुनाव समितियों द्वारा किया गया था।
चुनाव आयोग द्वारा आधिकारिक घोषणा शेष
गोवा में विधानसभा चुनावों की घोषणा चुनाव आयोग द्वारा की जानी फिलहाल बाकी है। चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने की संभावना है। कांग्रेस चुनाव की घोषणा से पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा करने वाली पहली पार्टी है और अपने उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार के लिए एक प्रमुख शुरुआत देगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।