इन राज्यों में कांग्रेस का क्यों रहा खराब प्रदर्शन? हार की असली वजह ढूंढेंगे राहुल और खरगे; जांच के लिए गठित की 6 समितियां
कांग्रेस ने कमजोर प्रदर्शन वाले चुनावी राज्यों में पड़ताल के लिए छह समितियां बनाई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने नतीजों के तत्काल बाद ही जिन राज्यों में पार्टी का प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा है उसकी पड़ताल करने की घोषणा की थी। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के अनुसार चुनाव में कमजोर प्रदर्शन की पड़ताल कर सभी समितियां अपनी रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपेंगी
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद कुछ राज्यों के निराशाजनक परिणाम के कारण सत्ता की दौड़ से दूर रह गई कांग्रेस ने इन राज्यों में पार्टी के लचर चुनावी प्रदर्शन की पड़ताल के लिए छह अलग-अलग समितियों का गठन कर दिया है।
खरगे और राहुल ने की इसकी घोषणा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने नतीजों के तत्काल बाद ही जिन राज्यों में पार्टी का प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा है उसकी पड़ताल करने की घोषणा की थी। मध्यप्रदेश में पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली है और यहां तीन सदस्यीय पड़ताल समिति महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण की अगुवाई में गठित किया गया है। इसमें चव्हाण के साथ सांसद सप्तागिरि उलाका और गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ में कैसा रहा कांग्रेस का प्रदर्शन?
छत्तीसगढ में भी कांग्रेस 11 में से केवल एक लोकसभा सीट जीत पायी और यहां पार्टी के कमजोर प्रदर्शन के लिए वरिष्ठ नेता वीरप्पा मोइली और हरीश चौधरी की दो सदस्यीय समिति बनाई गई है। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने ओडिसा में पार्टी की चुनावी कमजोरी का जायजा लेने का जिम्मा कोषाध्यक्ष अजय माकन और वरिष्ठ नेता तारिक अनवर को सौंपा है। जबकि दिल्ली, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के नतीजों की समीक्षा एक ही समिति करेगी जिसमें पीएल पुनिया और रजनी पाटिल शामिल की गई हैं।
कर्नाटक में क्या हाल?
कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है मगर पार्टी को वहां केवल नौ सीटें ही लोकसभा में मिल पायी और यहां के नतीजों की समीक्षा के लिए मधुसूदन मिस्त्री, गौरव गोगोई के साथ सांसद हिबी इडेन की तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।
तेलंगाना में कांग्रेस की क्या थी उम्मीद?
तेलंगाना में भी कांग्रेस को उम्मीद से कम आठ सीटें मिली और यहां के चुनावी प्रदर्शन की जमीनी पड़ताल के लिए पीजे कुरियन, सांसद रकीबुल हसन और परगट सिंह की समिति पार्टी ने गठित की है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के अनुसार चुनाव में इन राज्यों में कमजोर प्रदर्शन की पड़ताल कर सभी समितियां अपनी रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपेंगी जिसके आधार पर आगे जरूरी सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।