विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 23, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पवन खेड़ा की गिरफ्तारी पर हमलावर हुई कांग्रेस, कहा- रायपुर अधिवेशन से डर गई भाजपा

By Jagran NewsEdited By: Manish Negi
Published: Thu, 23 Feb 2023 03:28 PM (IST)

Pawan Khera Arrested कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा को असम पुलिस ने गुरुवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस नेताओं ...और पढ़ें

पवन खेड़ा की गिरफ्तारी पर हमलावर हुई कांग्रेस
पवन खेड़ा की गिरफ्तारी पर हमलावर हुई कांग्रेस

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की गिरफ्तारी को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर चौतरफा हमला शुरू कर दिया है। गौरतलब है कि पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी करने वाले पवन खेड़ा को गुरुवार को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया।

तानाशाही की निंदा करता हूं: खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर निशाना साधा है। खरगे ने कहा, "विपक्ष संसद में मुद्दे उठाए तो नोटिस दिया जाता है। महाधिवेशन के पहले छतीसगढ़ के हमारे नेताओं पर ईडी की रेड कराई जाती है। आज मीडिया चेयरमेन को जहाज से जबरदस्ती उतारकर गिरफ्तार किया गया। भारत के लोकतंत्र को मोदी सरकार ने हिटलरशाही बना दिया। हम इस तानाशाही की घोर निंदा करते हैं।"

तानाशाही का दूसरा नाम अमितशाही: जयराम रमेश

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि पहले ईडी ने रायपुर में छापामारी की, अब पवन खेड़ा को दिल्ली पुलिस द्वारा रायपुर के जहाज से उतारा गया है। तानाशाही का दूसरा नाम अमितशाही है।

बौखला गई भाजपा: गहलोत

वहीं, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने भी भाजपा पर कटाक्ष किया है। गहलोत ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा को असम पुलिस ने फ्लाइट से उतार दिया। ऐसी कौनसी इमरजेंसी थी कि असम पुलिस ने दिल्ली आकर ये कृत्य किया? भाजपा बौखला गई है।

पवन खेड़ा के खिलाफ फर्जी एफआईआर: सुरजेवाला

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने पवन खेड़ा के खिलाफ दर्ज एफआईआर को फर्जी बताया है। उन्होंने कहा कि हम इसके खिलाफ कानूनी तरीके और राजनीतिक तरीके से लड़ेंगे।

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा, "एक तरफ केंद्र सरकार राज्य में हमको परेशान कर रही है कि हम ठीक से आयोजन न कर पाएं, इसके लिए हमारे कार्यकर्ताओं के घर में छापेमारी की गई। तीन कार्यालय में कल फिर से छापेमारी की गई थी। दूसरी तरफ कांग्रेस के हमारे नेताओं को यहां आने से रोका जा रहा है। पवन खेड़ा को प्लेन से उतारा जाने का मतलब यह है कि भाजपा कांग्रेस के महाधिवेशन से डर गई है।