Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Congress Accounts Freezed: कांग्रेस ने कहा हमारे बैंक खाते फ्रीज कर लोकतंत्र को किया फ्रीज, SC से रोक हटाने का आग्रह

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट जैसे संवैधानिक संस्थाओं से चुनाव को देखते हुए पार्टी के बैंक खातों के संचालन पर लगी रोक हटाने के लिए दखल देने का अनुरोध किया। चुनावी खर्च के आकलन में करीब 14 लाख रुपए की त्रुटियों से जुड़े विवाद में इनकम टैक्स ने कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज करते हुए अब तक 135 करोड की वसूली कर ली है।

    By Jagran News Edited By: Narender Sanwariya Updated: Thu, 21 Mar 2024 10:00 PM (IST)
    Hero Image
    कांग्रेस ने कहा हमारे बैंक खाते फ्रीज कर लोकतंत्र को किया फ्रीज। (File Photo)

    जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव अभियान के आगाज के बीच कांग्रेस के शीर्षस्थ नेतृत्व ने केंद्र सरकार पर मुख्य विपक्षी दल को चुनाव लड़ने से पंगु करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि इनकम टैक्स द्वारा बैंक खातों को फ्रीज किए जाने के बाद पार्टी के पास चुनाव लड़ने के लिए पैसे नहीं हैं। इस कारण कांग्रेस चुनाव अभियान से जुड़ा कोई काम नहीं कर पा रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर कांग्रेस को वित्तीय रूप से पंगु बनाने का सुनियोजित प्रयास करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव में समान अवसर (लेवल प्लेइंग फील्ड) नहीं रह गया है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज कर देश के लोकतंत्र को फ्रीज कर दिया गया है और मुख्य विपक्षी दल के चुनाव लड़ने के रास्ते में डाली जा रही बाधाओं से साफ है कि भारत के दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र होने का दावा झूठ है।

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट जैसे संवैधानिक संस्थाओं से चुनाव को देखते हुए पार्टी के बैंक खातों के संचालन पर लगी रोक हटाने के लिए दखल देने का अनुरोध किया। चुनावी खर्च के आकलन में करीब 14 लाख रुपए की त्रुटियों से जुड़े विवाद में इनकम टैक्स ने कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज करते हुए अब तक 135 करोड की वसूली कर ली है।

    सोनिया गांधी ने कहा कि चुनावी बांड ने एक तरफ भाजपा को भारी फायदा पहुंचाया है और दूसरी ओर प्रमुख विपक्षी दल की वित्तीय क्षमता पर प्रधानमंत्री मोदी की ओर से सुनियोजित हमला किया जा रहा है जो अभूतपूर्व है। इन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी कांग्रेस अपने चुनाव अभियान को प्रभावी बनाए रखने का अपना भरपूर प्रयास कर रही है।

    वहीं खरगे ने चेतावनी दी कि बैंक खाते फ्रीज करने की ऐसी कार्रवाइयों से देश में 70 साल से जारी चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठने और समझौता होने का खतरा है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के 11 बैंक खातों में से आठ खाते अब तक फ्रीज किए जा चुके हैं। राहुल गांधी ने पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को खाते फ्रीज करने के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि हम कोई प्रचार कार्य नहीं कर सकते, अपने कार्यकर्ताओं व उम्मीदवारों का समर्थन नहीं कर सकते। हमारे नेता ट्रेन या प्लेन से चुनाव दौरे पर नहीं जा सकते।

    राहुल ने कहा कि भारत के 20 प्रतिशत लोग कांग्रेस को वोट देते हैं पर किसी भी चीज के लिए हम दो रुपए भी देने में सक्षम नहीं है। हम पहले ही एक महीना खो चुके हैं। हमें विज्ञापन के लिए स्लॉट नहीं मिल पा रहे और अखबारों में विज्ञापन नहीं दे पा रहे हैं तो यह कैसा लोकतंत्र है। उनके अनुसार चुनाव में हमें कमजोर करने के लिए यह साजिश रची गई है और कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज करने का मतलब लोकतंत्र को फ्रीज करना है।

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के खिलाफ उठाया गया कदम 'आपराधिक कार्रवाई' है और भारत के दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र होने का विचार झूठ है क्योंकि कोई लोकतंत्र नहीं बचा है। चुनाव आयोग तथा अदालतों के साथ कांग्रेस नेता ने स्वतंत्र और निष्पक्ष संस्थाओं की चुप्पी की ओर इशारा करते हुए कहा कि जिनसे लोकतांत्रिक ढांचे की रक्षा करने की अपेक्षा की जाती है वे कुछ करती नहीं दिख रही हैं।