लोकसभा चुनाव 2029 के लिए कांग्रेस ने बना लिया यह मास्टर प्लान, जिला अध्यक्षों को दिया यह नया टास्क
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जिला कांग्रेस अध्यक्षों को वोटर लिस्ट की निगरानी के लिए आगाह किया है। उन्होंने भाजपा पर वोट काटने के आरोप लगाते हुए कहा कि एसआइआर जैसे तरीकों से ऐसा किया जा सकता है। खरगे ने वोटर अधिकार यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव आयोग के एसआइआर पर नैरेटिव को सुप्रीम कोर्ट से भी झटका लगा है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस अब अपनी सभी राज्य इकाइयों विशेषकर जिला कांग्रेस अध्यक्षों को अपने-अपने इलाकों में वोटर लिस्ट की पूरे पांच वर्षों तक निगरानी के लिए आगाह करने लगी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को हरियाणा तथा मध्य प्रदेश के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों कहा, 'भाजपा आगे भी एसआइआर जैसे तरीकों से हमारे लोगों के वोट काटेगी।
जिलाध्यक्षों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है कि पूरे पांच वर्ष सावधान रहते हुए वोटर लिस्ट की सघन जांच करते रहें ताकि अगर भाजपा के लोग या बीएलओ हमारे लोगों के नाम काटें तो हम उन्हें तुरंत पकड़ लें।'कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में दोनों राज्यों में संगठन सृजन के तहत नियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए खरगे ने यह बात कही।
एसआइआर में गड़बड़ी का आरोप
बिहार में मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण यानि एसआइआर में गड़बडि़यों के विरुद्ध लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल होकर इसके विरुद्ध खड़े हो रहे हैं। चुनाव आयोग तथा भाजपा के एसआइआर पर नैरेटिव को सुप्रीम कोर्ट से भी झटका लगा है।
दो महीने में 16 लाख वोटर बढ़े
खरगे ने कहा कि 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में आठ सीटों पर 22,779 वोटों के अंतर से सत्ता हाथ से निकल गई। मध्य प्रदेश में भी 2023 में करीब 27 ऐसी सीटें रहीं, जहां वोट चोरी की बातें सामने आई हैं। चुनाव से पहले सात महीने में वहां सिर्फ चार लाख वोटर बढ़े, मगर आखिर के दो महीने में 16 लाख वोटर बढ़ गए।
राहुल ने लगाए वोट चोरी के आरोप
राहुल गांधी ने कर्नाटक की महादेवपुरा विधानसभा सीट पर हुई वोट चोरी का अध्ययन कर देश को इसकी हकीकत बता दी है और आयोग इसका जवाब नहीं दे रहा है। कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे से लेकर पार्टी की सत्ता में दस्तक तक जिला अध्यक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए खरगे ने मंडल और बूथ कमेटी के गठन में वफादार लोगों को रखने की सलाह दी जो कांग्रेस की विचाराधारा के प्रति इतने दृढ़ हों कि कोई प्रलोभन उन्हें डिगा न सके।
लोगों को एकजुट रहने की नसीहत
अंदरूनी गुटबाजी को किनारे रखने की नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि सभी लोगों को एकजुट रहते हुए गुटबाजी नहीं पनपने देनी है। कांग्रेस जब एकजुट रहती है, तभी चुनाव जीतती है। वोटर अधिकार यात्रा में एक दिन के ब्रेक के बीच रविवार को दिल्ली लौटे राहुल गांधी ने भी जिलाध्यक्षों से सीधा संवाद किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।