Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कांग्रेस ने केंद्र पर चुनाव के लिए G20 का इस्तेमाल करने का लगाया आरोप, कहा- इवेंट मैनेजमेंट कर रहे PM मोदी

    By AgencyEdited By: Achyut Kumar
    Updated: Sat, 19 Aug 2023 02:37 PM (IST)

    कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर चुनावी अभियान के लिए जी20 का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। पार्टी सांसद जयराम रमेश ने कहा कि अब तक 17 देशों में G20 शिखर सम्मेलन आयोजित हुआ है। अब भारत का नंबर है लेकिन यहां इसे लेकर जिस तरह का चुनावी कैंपेन चलाया जा रहा है और माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है वैसा किसी भी दूसरे देश में नहीं हुआ।

    Hero Image
    कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर चुनावी अभियान के लिए G20 का इस्तेमाल करने का लगाया आरोप

    नई दिल्ली, पीटीआई। कांग्रेस ने शनिवार को केंद्र सरकार पर भारत में आगामी जी20 बैठक (G20 Meeting) का इस्तेमाल कर 'चुनावी अभियान' चलाने का आरोप लगाया और कहा कि लोगों का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने के लिए ऐसा किया जा रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    G20 नेताओं का शिखर सम्मेलन 9-10 सितंबर को भारत मंडपम अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी-कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाला है।

    'चुनावी कैंपेन के रूप में किया जा रहा G20 का इस्तेमाल'

    'एक्स' पर हिंदी में एक पोस्ट में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा,

    G20 का गठन 1999 में हुआ था। 19 देश और यूरोपीय यूनियन इसके सदस्य हैं। इसके गठन से लेकर अब तक बारी-बारी से 17 देशों में G20 शिखर सम्मेलन आयोजित हुआ है। अब भारत का नंबर है, लेकिन यहां इसे लेकर जिस तरह का चुनावी कैंपेन चलाया जा रहा है और माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है, वैसा किसी भी दूसरे देश में नहीं हुआ। वास्तव में ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि लोगों के ज़रूरी मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके।

    हमें याद रखना चाहिए कि इसी नई दिल्ली में 1983 में 100 से अधिक देशों का गुटनिरपेक्ष शिखर सम्मेलन और उसके बाद कॉमनवेल्थ देशों का शिखर सम्मेलन सफलतापूर्वक आयोजित हो चुका है। लेकिन तब की सरकार ने चुनावी फ़ायदे के लिए उन मौकों का इस्तेमाल नहीं किया।
    फिर मुझे लालकृष्ण आडवाणी की वह बात याद आ रही है। 5 अप्रैल 2014 को उन्होंने नरेंद्र मोदी को एक शानदार इवेंट मैनेजर बताया था। जनता का ध्यान भटकाने के लिए प्रधानमंत्री इवेंट मैनेजमेंट ही कर रहे हैं।

    G20 सदस्य वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद का लगभग 85 प्रतिशत, वैश्विक व्यापार का 75 प्रतिशत से अधिक और विश्व जनसंख्या का लगभग दो-तिहाई प्रतिनिधित्व करते हैं। 

    समूह में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, यूके, अमेरिका और यूरोपीय संघ शामिल हैं। समूह के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में, भारत अगले महीने नई दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा।

    comedy show banner