Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Congress Plenary Session: सोनिया गांधी ने कहा- देश में फैलाई जा रही नफरत, आखिर में कांग्रेस की होगी जीत

    By Sanjay MishraEdited By: Devshanker Chovdhary
    Updated: Sat, 25 Feb 2023 10:34 PM (IST)

    कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भाजपा-आरएसएस पर सभी संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा करने के साथ उन पर देश में नफरत फैलाने का आरोप लगाया और क ...और पढ़ें

    Hero Image
    सोनिया गांधी ने कहा- देश में फैलाई जा रही नफरत।

    संजय मिश्र, रायपुर। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भाजपा-आरएसएस पर सभी संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा करने के साथ उन पर देश में नफरत फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस के साथ ही देश के लिए विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण समय है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मौजूदा सत्ता की इन चुनौतियों का डटकर मुकाबला कर पार्टी का संदेश जनता तक मजबूती से पहुंचाने का आह्वान किया और कहा कि अंत में जीत कांग्रेस की होगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सोनिया गांधी ने अदाणी विवाद पर सरकार को घेरा

    कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने अदाणी विवाद की ओर इशारा करते हुए उन्होंने सरकार पर एक विशेष कारोबारी का पक्ष लेने और देश की आर्थिक बर्बादी करने का आरोप लगाया। है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज दबा कर लोकतंत्र को खामोश करने के प्रयास किया जा रहा है। दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है।

    सोनिया ने कहा कि आज की स्थिति 1998 के उस समय की याद दिलाती है जब उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया और कुछ उसी तरह कांग्रेस को आगे एक कठिन संघर्ष का सामना करना है। कांग्रेस सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं वह वाहन है जिसके माध्यम से भारत के लोग सभी के लिए स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और न्याय के लिए लड़ते हैं।

    चुनौतियों से निपटने के लिए कांग्रेस की राह नहीं है आसान- सोनिया

    पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मौजूदा चुनौतियों में कांग्रेस की आगे की राह आसान नहीं है लेकिन अपने अनुभव और कांग्रेस के समृद्ध इतिहास से साफ है कि इस लड़ाई में जीत हमारी ही होगी। कांग्रेस को खरगे के नेतृत्व में यह जीत हासिल करने के लिए मौजूदा सत्ता से निडर होकर जोशीले तरीके से निपटना होगा। इसमें पार्टी की जीत देश और हम सभी की जीत होगी।

    सोनिया के हमले के अनुरूप राजनीतिक प्रस्ताव में भी इस मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर प्रहार करते हुए कहा गया कि आजादी के 75 वर्षों में कभी भी भय, घृणा, और डराने-धमकाने की ऐसी विनाशकारी स्थिति नहीं देखी गई जैसा बीते आठ वर्षों के दौरान देखने को मिला है।

    सोनिया ने भारत जोड़ो यात्रा की तारीफ की

    सोनिया गांधी ने इस दौरान राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा को यात्रा महत्वपूर्ण मोड़ बताते हुए कहा कि इसने साबित कर दिया है कि भारत के लोग सद्भाव, सहिष्णुता और समानता चाहते हैं। यात्रा ने जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए लोगों से संवाद की हमारी समृद्ध विरासत को फिर से जीवंत किया है।

    सोनिया गांधी ने खुशी जताई कि कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उनकी पारी का समापन भारत जोड़ो यात्रा से हुआ। उनके इस बयान को राजनीति से संन्यास के रूप में बताए जाने की खबरों को पार्टी ने खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि सोनिया गांधी ने यह टिप्पणी सिर्फ अध्यक्ष पद छोड़ने के संदर्भ में की है और सक्रिय राजनीति छोड़ने जैसी कोई बात नहीं है। महाधिवेशन के दौरान जहां मल्लिकार्जुन खरगे के अध्यक्ष चुने जाने का अनुमोदन किया गया वहीं सोनिया का नेतृत्व करने के लिए प्रस्ताव पारित कर पार्टी ने धन्यवाद किया।