यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 05, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Aurangzeb Row: 'आप अपना पूर्वज छत्रपति शिवाजी महाराज को मानते हैं या औरंगजेब को'? फडणवीस ने अखिलेश यादव से पूछे सवाल
अबू आसिम आजमी समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र अध्यक्ष एवं मुंबई की मानखुर्द शिवाजीनगर सीट से विधायक हैं। अपने बयान पर ...और पढ़ें

HighLights
- फडणवीस बोले – कोई अपने बच्चों का नाम औरंगजेब नहीं रखता
- अबू आजमी को महाराष्ट्र विधानसभा के पूरे बजट सत्र से निलंबित किया
- अबू आजमी के विधानभवन परिसर में प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई
राज्य ब्यूरो, मुंबई। सपा विधायक अबू आसिम आजमी को मुगल बादशाह औरंगजेब की प्रशंसा करने वाली टिप्पणी पर बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा के पूरे बजट सत्र के लिए सदन से निलंबित कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ने उनके विधानभवन परिसर में प्रवेश पर भी रोक लगा दी है।
दूसरी ओर एक कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि औरंगजेब किसी मुस्लिम का भी हीरो नहीं हो सकता। कोई अपने बच्चों का नाम उसके नाम पर नहीं रखता है।
अबू आसिम आजमी ने छत्रपति महाराज के बारे में क्या कहा?
बजट सत्र की शुरुआत के दिन ही अबू आसिम आजमी ने विधान भवन परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए मुगल शासत औरंगजेब की जमकर प्रशंसा की थी। आजमी ने कहा था कि औरंगजेब एक कुशल प्रशासक थे। उनके समय में भारत की सीमाएं अफगानिस्तान से बर्मा तक थीं। उस जमाने में हमारा जीडीपी 24 प्रतिशत था। भारतवर्ष सोने की चिड़िया कहा जाता था। जबकि छत्रपति संभाजी महाराज पर औरंगजेब द्वारा किए गए अत्याचार के बारे में पूछे जाने पर आजमी ने कहा था कि वह बातें राजकाज की थीं।
एकनाथ शिंदे ने अबू आजमी पर साधा निशाना
आजमी का यह बयान आने के बाद तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा था कि उनका यह बयान बहुत गलत और निंदाजनक है। जिस औरंगजेब ने छत्रपति संभाजी महाराज को 40 दिनों तक प्रताड़ित किया, उसे अच्छा कहना महापाप है। इसलिए अबू आसिम आजमी को माफी मांगनी चाहिए, और उनपर देशद्रोह का मामला दर्ज होना चाहिए।
निलंबन की मांग को लेकर जमकर हंगामा
मंगलवार को अबू आसिम आजमी के इसी बयान पर महाराष्ट्र विधानमंडल के दोनों सदनों में उनके निलंबन की मांग को लेकर जमकर हंगामा हुआ था। जिसके कारण दोनों सदनों को पूरे दिन के लिए स्थगित करना पड़ा था। आजमी के विरुद्ध ठाणे पुलिस द्वारा दर्ज दो मामलों की जांच भी पुलिस ने शुरू कर दी है।
अबू आजमी पर जमकर बरसे सीएम फडणवीस
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानभवन से बाहर एक कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि औरंगजेब मुस्लिमों का हीरो नहीं हो सकता। हमारी एक परंपरा है। हम राम और कृष्ण को अपना भगवान मानते हैं। अपने बच्चों का नाम उनके नाम पर रखते हैं। लेकिन औरंगजेब के नाम का एक भी व्यक्ति दिखाइए। कोई अपने बच्चों का नाम औरंगजेब नहीं रखता। औरंगजेब मुस्लिमों का हीरो नहीं हो सकता।
सीएम फडणवीस ने अखिलेश यादव से पूछा ये सवाल
फडणवीस ने कहा कि अबू आसिम आजमी ने यह बयान अपनी पार्टी का वोटबैंक मजबूत करने के लिए दिया है। क्योंकि अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का चुनाव लड़ना है। इसके लिए वह अल्पसंख्यकों को वोटबैंक के तौर पर इस्तेमाल करना चाहते हैं। लेकिन अब यह नहीं हो पाएगा। फडणवीस ने अखिलेश यादव से सवाल किया है कि वह अपना पूर्वज छत्रपति शिवाजी महाराज को मानते हैं या औरंगजेब को मानते हैं?
