चिदंबरम बोले, कभी कांग्रेस को नेहरू, इंदिरा के नाम पर मिलते थे वोट, अब चुनौतियों से जूझ रही पार्टी
चिदंबरम ने कहा कि अब बूथ आधारित चुनाव का दौर है। इसलिए हमें हर बूथ पर अपनी सशक्त मौजूदगी दर्ज करानी होगी। हर बूथ पर हमारे पास पर्याप्त लोग होने चाहिए। ...और पढ़ें

बेंगलुरु, प्रेट्र। पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को भाजपा के कांग्रेस मुक्त भारत संबंधी दुष्प्रचार के झांसे में नहीं आना चाहिए। कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए उनका कहना था कि अगर वाकई इस तरह का कुछ हुआ तो वह कांग्रेस नहीं, भाजपा मुक्त भारत होगा। मौजूदा सियासी चुनौतियों से निपटने के लिए कांग्रेस नेता ने पार्टी संगठन को मजबूत करने पर बल दिया।
चिदंबरम शनिवार को बेंगलुरु में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुखातिब थे। उनके अनुसार, 'एक दौर ऐसा था, जब कांग्रेस को केवल जवाहर लाल नेहरू या इंदिरा गांधी का नाम भर लेना होता था, मतदाता खुद बूथ पर उमड़ कर पार्टी के पक्ष में वोट दे देते थे। लेकिन अब स्थितियां काफी बदल गई हैं। कांग्रेस के समक्ष ढेरों चुनौतियां हैं।'
बकौल चिदंबरम, 'अब बूथ आधारित चुनाव का दौर है। असली चुनावी लड़ाई वहीं पर होती है। इसलिए हमें हर बूथ पर अपनी सशक्त मौजूदगी दर्ज करानी होगी। हर बूथ पर हमारे पास पर्याप्त लोग होने चाहिए। जंग जीतनी है तो बूथ पर संख्या बल चाहिए।'
पूर्व वित्त मंत्री के मुताबिक, 'किसी समय देश में कांग्रेस को सियासी चुनौती देना वाला कोई दल नहीं था, लेकिन आज हालात बदल गए हैं। राजनीतिक पटल पर कई पार्टियां अपनी सशक्त मौजूदगी दर्ज करा रही हैं। क्षेत्रीय दलों के भी अपने-अपने प्रभाव क्षेत्र हैं। ऐसे में संगठन को निचले स्तर तक मजबूत किए बगैर काम नहीं चलेगा।' कांग्रेस नेता चिदंबरम ने कर्नाटक में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए प्रोजेक्ट शक्ति को लांच किया। इसके तहत बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जाएगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।