By Election 2022 Result : भाजपा की रामपुर और आजमगढ़ में जीत, झारखंड में मांडर पर कांग्रेस विजयी, जानें सभी उपचुनावों के नतीजे
By Election Result 2022: उपचुनावों की सीटों पर वोटों की गिनती पूरी हो गई है। उत्तर प्रदेश में रामपुर में बीजेपी की जीत हो गई है और आजमगढ़ में भी पार्टी चुनाव जीत गई है। पंजाब में संगरूर लोकसभा सीट पर आप को हार का सामना करना पड़ा है।

नई दिल्ली, एजेंसी। देश की तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। वोटों की गिनती पूरी हो गई है। तीनों लोकसभा और 7 में से 6 विधानसभा सीट के नतीजे आ गए हैं। खास सीटों की बात करें तो इसमें उत्तर प्रदेश में रामपुर से बीजेपी के घनश्याम लोधी ने जीत हासिल कर ली है और आजमगढ़ में भी बीजेपी के निरहुआ जीत गए हैं। पंजाब के संगरूर लोकसभा सीट से सिमरनजीत सिंह जीत गए हैं, यहां आप की हार हुई है। बता दें कि यह सीट भगवंत मान के मुख्यमंत्री बनने के बाद खाली हुई थी। इसके अलावा दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट से आप के दुर्गेश पाठक की जीत हुई है।
By-Election 2022 Result Live;
आज़मगढ़ की उम्मीद की जीत
आजमगढ़ लोकसभा चुनाव में अपनी जीत पर भाजपा उम्मीदवार दिनेश लाल यादव निरहुआ ने कहा कि यह आज़मगढ़ की उम्मीद की जीत है। उनको (अखिलेश यादव को) पता था कि वे यहां नहीं जीत पाएंगे इसलिए वे यहां प्रचार करने नहीं आए। यह (आजमगढ़) भाजपा का गढ़ हो चुका है, चप्पा-चप्पा भाजपा हो चुका है।
डबल इंजन सरकारों के लिए व्यापक पैमाने पर समर्थन
पीएम मोदी ने कहा कि आजमगढ़ और रामपुर उपचुनाव में जीत ऐतिहासिक है। यह केंद्र और यूपी में डबल इंजन सरकारों के लिए व्यापक पैमाने पर स्वीकृति और समर्थन का संकेत देता है। समर्थन के लिए लोगों का आभारी हूं। मैं हमारी पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करता हूं।
हार के लिए बसपा-भाजपा के गठबंधन को बधाई हार के लिए बसपा-भाजपा के गठबंधन को बधाई
आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव पर सपा नेता धर्मेंद्र यादव ने कहा, मैं अपनी हार के लिए बसपा-भाजपा के गठबंधन को बधाई दूंगा जो प्रत्यक्ष तौर पर राष्ट्रपति के चुनाव में सामने आया और आजमगढ़ के चुनावों में पहले से चल रहा था। उन दोनों (बसपा और भाजपा के) लोगों को अपनी खुशी का इजहार करना चाहिए।
सभी ने लगाई भाजपा के माडल पर मुहर
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, रामपुर का चुनाव महत्वपूर्ण था। इतिहास में यह पहला मौका था जब सीधे भाजपा और सपा के बीच चुनाव हो रहा था। भाजपा पर जनता को विश्वास है। रामपुर वो जगह है जहां 55% से ज्यादा मुस्लिम मतदाता रहते हैं। सभी ने भाजपा के माडल पर मुहर लगाई है।
झारखंड की मंदार सीट पर कांग्रेस की जीत
झारखंड की मंदार सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार शिल्पी नेहा तिर्की ने बीजेपी की गंगोत्री कुजूर को 23,517 वोटों के अंतर से हराया।
परिवारवादी ताकतों को जनता का स्पष्ट संदेश, 2024 के लिए दूरगामी संदेश
रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत के बाद उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के अंदर लोकसभा के दो उपचुनाव में डबल इंजन की भाजपा सरकार ने डबल जीत प्राप्त की है। आदरणीय प्रधानमंत्री का यशस्वी नेतृत्व, प्रदेश भाजपा का नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का साथ लगातार डबल इंजन की भाजपा सरकार को प्राप्त हुआ है। दोनों चुनौतीपूर्ण लड़ाई को भाजपा ने जीत में बदलकर 2024 के लिए एक दूरगामी संदेश दे दिया है। PM मोदी के नेतृत्व में सरकार की सकारात्मक, सर्वसमावेशी और कल्याणकारी योजनाओं, गांव, गरीब, किसान, महिलाएं और समाज के हर वर्ग के लिए जो काम किए गए हैं वो जनता ने हाथों हाथ लिए हैं। एक बार फिर नकारात्मक सोच और विध्वंसात्मक गतिविधियों के लिए कुख्यात ताकतों को, परिवारवादी ताकतों को स्पष्ट संदेश जनता ने दिया है कि अब परिवारवादियों, जातिवादियों, सांप्रदायिक उन्माद को भड़काने वाली माफिया को प्रश्रय देने वाली पार्टियों को जनता स्वीकार करने वाली नहीं है।
सपा की हार पर आजम खान की प्रतिक्रिया
रामपुर लोकसभा उपचुनाव पर समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने कहा, इसे न चुनाव कह सकते हैं न चुनावी नतीजे आना कह सकते हैं। 900 वोट के पोलिंग स्टेशन में सिर्फ 6 वोट डाले गए और 500 के पोलिंग स्टेशन में सिर्फ 1 वोट डाला गया... जिस तरह से वोट डाले गए, हम अपने प्रत्याशी की जीत मानते हैं।
तीनों लोकसभा उपचुनाव के नतीजे आए
देश की तीन लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। तीनों सीटों पर सबकी निगाहें टिकी थी, यूपी की दोनों सीटों रामपुर और आजमगढ़ पर भाजपा ने परचम लहरा दिया है। रामपुर जो कि आजम खान का गढ़ माना जाता रहा है, वहां बीजेपी ने 40000 से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की है। वहीं पंजाब की लोकसभा सीट संगरूर से शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह मान ने आप उम्मीदवार को 5000 वोटों से ज्यादा से हरा दिया है।
'निरहुआ' ने ट्वीट कर किया जीत का दावा
आजमगढ़ सीट से भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ ने ट्वीट कर उपचुनाव जीतने की बात कही है और कहा कि यह पार्टी के लोगों और कार्यकर्ताओं की जीत है।
सात में से 6 विधानसभा उपचुनाव के आए नतीजे
चार अलग-अलग राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में से 6 के नतीजे आ गए हैं।सबसे ज्यादा त्रिपुरा की सीटों पर चुनाव हुआ था यहां बीजेपी ने 3 और कांग्रेस ने 1 सीट जीती है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आप के दुर्गेश पाठक ने बीजेपी को राजिंदर नगर सीट से मात दी है। वहीं आंध्र प्रदेश के आत्मकुर सीट से वाईएसआरसीपी के मेकापति जीते हैं। झारखंड की मांडर सीट पर अभी रिजल्ट नहीं आए हैं। यहां कांग्रेस की शिल्पी नेहा आगे हैं।
आजमगढ़ से बीजेपी के निरहुआ 9133 वोटों से आगे
आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव की मतगणना में बीजेपी के निरहुआ ने लगातार बढ़त बनाई हुई है। वे सपा के धर्मेंद्र यादव से अब भी 9133 वोटों से आगे हैं।
अजय कुमार ने भाजपा पर लगाए हिंसा के आरोप
त्रिपुरा के कांग्रेस प्रभारी अजय कुमार ने कहा कि कांग्रेस का कार्यालय थाने के पास होने के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनपर हमला किया है। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में हमारे लोगों पर इस तरह के हमले कई बार हुए हैं। आम लोगों को इसे अवश्य देखना चाहिए।
रामपुर सीट पर मिली जीत भाजपा सरकार के प्रति जनता के विश्वास की मुहर है- योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामपुर लोकसभा सीट पर उप चुनाव में मिली विजय प्रधानमंत्री मोदी के यशस्वी नेतृत्व में जन-कल्याणकारी नीतियों पर डबल इंजन की भाजपा सरकार के प्रति आमजन के विश्वास की मुहर है।
निरहुआ बोले- आजमगढ़ के लोगों के लिए करूंगा काम

आजमगढ़ सीट से बीजेपी प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर कहा कि वह आजमगढ़ के लिए निकल रहे हैं और लोगों के लिए काम करेंगे। बता दें कि चुनाव आयोग के अनुसार वह आजमगढ़ सीट से आगे चल रहे हैं।
अगरतला में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प

त्रिपुरा के अगरतला में आज विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आने के बाद बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को हटाया।
उपचुनाव में जीत के बाद अरविंद केजरीवाल से मिले दुर्गेश पाठक
राजिंदर नगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार दुर्गेश पाठक की जीत हुई। दुर्गेश पाठक ने जीत के बाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की।
त्रिपुरा उपचुनावों में बीजेपी ने 3 और कांग्रेस ने 1 सीट जीती
त्रिपुरा में हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा ने तीन विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की और कांग्रेस ने एक पर जीत हासिल की। महत्वपूर्ण टाउन बारदोवाली सीट पर हुए उपचुनाव में मुख्यमंत्री माणिक साहा ने 6,104 मतों से जीत हासिल की। बीजेपी ने जुबराजनगर और सुरमा पर भी कब्जा किया है। जबकि कांग्रेस ने अगरतला सीट 3163 वोटों से जीती है।
रामपुर में हार के बाद सपा उम्मीदवार बोले- चुनावों को हथिया लिया गया था

लोकसभा उपचुनाव में रामपुर से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आसिम राजा ने चुनाव हारने के बाद चुनाव में हेरफेर का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि रामपुर में चुनावों को हथिया लिया गया, लोगों को मतदान तक नहीं करने दिया। राजा ने कहा कि जहां 600 मतदान डाले जाने थे वहां 4 वोट डाले गए। जहां 500 वोट डाले जाने थे वहां 9 वोट डाले गए।
लोगों ने बीजेपी की गंदी राजनीति को हरायाः केजरीवाल

रामपुर में बीजेपी के लोधी 41000 से ज्यादा वोट से जीते, आजमगढ़ में भी सपा पीछे
रामपुर में बीजेपी के उम्मीदवार धनश्याम सिंह लोधी ने समाजवादी पार्टी उम्मीदवार आसिम राजा को 41000 से ज्यादा वोट से हरा दिया है। लोधी को 366457 मत मिले हैं तो सपा के असीम रजा को 324782 मत मिले हैं। वहीं दूसरी ओर आजमगढ़ से भी बीजेपी के निरहुआ 12000 से ज्यादा वोट से आगे चल रहे हैं।
जीत के बाद दुर्गेश पाठक बोले- यह सीएम केजरीवाल की जीत

दिल्ली के राजिंदर नगर उपचुनाव जीतने के बाद आप नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि यह सीएम केजरीवाल की जीत है, यह आम आदमी पार्टी द्वारा किए गए कार्यों की जीत है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यहां कोई एजेंडा नहीं था, वो आगामी नगर निगम चुनावों सहित हर चुनाव में हारेंगे।
जीत के बाद सिमरनजीत सिंह मान बोले- किसानों का मुद्दा उठाउंगा

शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह मान ने संगरूर लोकसभा उपचुनाव जीतने के बाद कहा कि यह हमारी पार्टी के लिए एक बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि मेरी प्राथमिकता संगरूर की खराब आर्थिक स्थिति सहित कर्ज में डूबे किसानों की स्थिति का मुद्दा उठाना होगा। हम पंजाब सरकार के साथ काम करेंगे।
संगरूर से आप को झटका, सिमरजीत सिंह मान जीते
संगरूर लोकसभा सीट के उपचुनाव में आप की हार हो गई है। शिअद (अ) के सिमरजीत सिंह मान ने आम आदमी पार्टी के गुरमेल सिंह को 6245 वोटों से हरा दिया है। सीएम भगवंत मान के गांव में भी आप उम्मीदवार पीछे रहे हैं और सिमरनजीत को ज्यादा वोट मिले हैं।
दुर्गेश पाठक ने राजिंदर नगर विधानसभा उपचुनाव जीता
आम आदमी पार्टी के दुर्गेश पाठक ने राजिंदर नगर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के राजेश भाटिया को 11,000 से अधिक मतों के अंतर से हरा दिया है।
रामपुर और आजमगढ़ दोनों सीट पर बीजेपी की बड़ी बढ़त
रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव नतीजों में बीजेपी बड़ी बढ़त बनाती दिख रही है। रामपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे कुछ ही घंटों में आने वाले हैं। राजपुर में बीजेपी उम्मीदवार घनश्याम लोधी 41675 वोटों से सपा के मो. असीम राजा से आगे चल रहे हैं। वहीं आजमगढ़ से बीजेपी के निरहुआ सपा के धर्मेंद्र यादव से 10854 वोट से आगे हो गए हैं।
रामपुर में जीत की ओर बीजेपी, सपा और आजम खान को झटका
रामपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे कुछ ही घंटों में आने वाले हैं। इस बीच बीजेपी उम्मीदवार घनश्याम लोधी 34232 वोटों से सपा के मो. असीम राजा से आगे चल रहे हैं। बीजेपी यहां आजम खान को बड़ा झटका देते हुए जीत हासिल करती दिख रही है।
आत्मकुर विधानसभा से वाईएसआरसीपी उम्मीदवार जीते

आंध्र प्रदेश के आत्मकुर विधानसभा उपचुनाव में वाईएसआरसीपी के मेकापति विक्रम रेड्डी चुनाव जीत गए हैं। चुनाव आयोग के अनुसार उन्होंने बीजेपी के भरत कुमार गुंडलप्पी को 82888 वोट से हराया है।
संगरूर से सिमरनजीत सिंह मान 7052 मतों से आगे
संगरूर उपचुनाव में दोपहर 1.20 बजे तक शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह मान 7052 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं। आम आदमी पार्टी के गुरमेल सिंह पीछे चल रहे हैं।
रामपुर में बीजेपी को बड़ी बढ़त, 22000 से अधिक वोटों से आगे
रामपुर में बीजेपी को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है। बीजेपी के घनश्याम लोधी, सपा के मोहम्मद आसिम रजा से 22831 से अधिक मतों से आगे हो गए हैं।
त्रिपुरा की 2 सीटों पर बीजेपी जीती, एक सीट पर कांग्रेस ने किया कब्जा
त्रिपुरा उपचुनाव में बीजेपी को बड़ी जीत मिलती दिख रही है। चार में से दो सीटों पर बीजेपी ने कब्जा कर लिया है तो एक पर आगे है। त्रिपुरा के सीएम और बीजेपी नेता माणिक साहा ने टाउन बारदोवाली निर्वाचन क्षेत्र से 6,104 मतों के अंतर से विधानसभा चुनाव जीत लिया है। वहीं, अगरतला सीट से कांग्रेस नेता सुदीप राय बर्मन 3,163 वोटों से जीते हैं।
संगरूर में सिमरनजीत सिंह मान अब 5582 वोटों से निकले आगे
संगरूर में आम आदमी पार्टी की साख दांव पर है। इस बीज आप को झटका देते हुए सिमरनजीत सिंह मान अब 5582 वोटों से आगे निकल गए हैं। शिअद (अ) के सिमरनजीत को अब तक 236546 वोट मिले हैं जबकि आप के प्रत्याशी गुरमेल सिंह को 230964 और भाजपा के केवल सिंह ढिल्लो को 63038 वोट मिले हैं। पूरी खबर यहां देखें-Sangrur By Election 2022 Result Live
आजमगढ़ में 6000 और रामपुर में 4000 से ज्यादा वोटों से बीजेपी आगे
यूपी की दोनों लोकसभा उपचुनाव सीटों पर हो रही वोटों की गिनती में बीजेपी अब आगे हो गई है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार आजमगढ़ में बीजेपी के निरहुआ सपा के धर्मेंद्र यादव से 6093 वोट से और रामपुर में बीजेपी के घनश्याम लोधी, सपा के मोहम्मद आसिम रजा से 4398 वोटों से आगे हैं।
#UPDATE | UP Lok Sabha by-election results | At 12:30pm, Ghanshyam Singh Lodhi of Bharatiya Janata Party leading from Rampur seat, Dinesh Lal Yadav Nirahua of Bharatiya Janata Party leading from Azamgarh seat, as per Election Commission of India pic.twitter.com/W0HJQeTEcl
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) June 26, 2022
आजमगढ़ के बाद रामपुर में भी बीजेपी आगे
आजमगढ़ के बाद अब राजपुर में भी उलटफेर देखने को मिला है। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार रामपुर में भाजपा उम्मीदवार घनश्याम सिंह लोधी ने सपा के मोहम्मद आसिम रजा पर 3100 वोटों की बढ़त बना ली है। पूरी खबर यहां पढ़ें- LIVE- UP Loksabha By Election Result 2022
रामपुर उपचुनाव के 15वें राउंड के बाद भी सपा आगे
रामपुर उपचुनाव के 15वें राउंड के नतीजे आ गए हैं। सपा के आसिम राजा को इस राउंड के बाद 180282 वोट अब तक मिले हैं। वहीं बीजेपी के घनश्याम सिंह लोधी को 167204 वोट मिले हैं।
निरहुआ सपा के धर्मेंद्र यादव से फिर आगे
आजमगढ़ लोकसभा चुनाव में बीजेपी और सपा में मुकाबला कांटे का होता जा रहा है। बसपा भी मुकाबले में बनी हुई है। बीजेपी के निरहुआ सपा के धर्मेंद्र यादव से फिर आगे हो गए हैं। बीजेपी को अभी 106246, सपा को 103512 और बसपा को 87435 वोट मिले हैं।
सिमरनजीत सिंह मान 3816 वोटों से आगे
पंजाब के संगरूर लोकसभा उपचुनाव में सिमरनजीत सिंह मान लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। वे अभी 3816 वोटों से आगे चल रहे हैं। वोटों की बात करें तो मान को 191911, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी गुरमेल सिंह को 188095, भाजपा के केवल सिंह को 52486 और कांग्रेस उम्मीदवार दलबीर सिंह गोल्डी को 61559 वोट मिले हैं।
त्रिपुरा के टाउन बोरदोवाली सीट पर सीएम माणिक साहा की जीत

त्रिपुरा के विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं और भाजपा उम्मीदवार और सीएम माणिक साहा ने टाउन बोरदोवाली सीट पर जीत हासिल की है। भाजपा ने जुबराजनगर सीट पर भी जीत हासिल की है। दूसरी ओर, अगरतला से कांग्रेस उम्मीदवार सुदीप राय बर्मन ने जीत हासिल की है।
दसवें राउंड के बाद भी रामपुर में सपा को बढ़त
रामपुर लोकसभा उप चुनाव में सपा लगातार आगे चल रही है। दसवें राउंड के बाद भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी पीछे चल रहे हैं, उनको 95582 वोट मिले हैं। सपा के उम्मीदवार आसिम राजा को 107740 वोट मिले हैं।
आत्मकुर विधानसभा से वाईएसआरसीपी आगे
आंध्र प्रदेश के आत्मकुर विधानसभा उपचुनाव में वाईएसआरसीपी के मेकापति विक्रम रेड्डी आगे चल रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार वे अभी 76096 वोट से आगे चल रहे हैं।
Atmakur Assembly bypoll result | YSRCPs Mekapati Vikram Reddy leading, as per ECI.#AndhraPradesh pic.twitter.com/TcJ5b32tX8
— ANI (@ANI) June 26, 2022
राजिंदर नगर से दुर्गेश पाठक लगातार आगे
दिल्ली के राजिंदर नगर विधानसभा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के दुर्गेश पाठक लगातार आगे चल रहे हैं। वे अब 14080 वोटों से आगे हो गए हैं।
सपा के धर्मेंद्र की बढ़त जारी, भाजपा के निरहुआ दूसरे स्थान पर आए
आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में वोटों की गिनती जारी है। इस बीच मुकाबला लगातार रोचक होता जा रहा है। मतगणना में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव अब 4227 वोटों से आगे हैं, उन्हें 57037 वोट मिले हैं। जबकि भाजपा के निरहुआ को 52810 वोट और बसपा के गुड्डू जमाली को 46897 वोट मिले हैं।
संगरूर से सिमरनजीत सिंह मान 153423 वोटों से आगे
संगरूर लोकसभा उपचुनाव में शिअद (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह मान लगातार आगे चल रहे हैं।चुनाव आयोग के अनुसार मान 153423 वोटों से आगे हैं।
Sangrur Lok Sabha by-election result | Simranjit Singh Mann of SAD (Amritsar) continues to lead, as per the Election Commission of India pic.twitter.com/ol7RSVxUTM
— ANI (@ANI) June 26, 2022
आजमगढ़ में सपा उम्मीदवार फिर आगे, 'निरहुआ' तीसरे नंबर पर
आजमगढ़ में सपा उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव ने एक बार फिर से बढ़त बना ली है। जबकि भाजपा उम्मीदवार निरहुआ तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं।
आजमगढ़ में अब बीजेपी और बीएसपी में कांटे का मुकाबला
आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव की वोटों की गिनती में अब भाजपा और बीएसपी में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। बीजेपी प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ बीएसपी प्रत्याशी गुड्डू जमाली से केवल 220 मतों से आगे चल रहे हैं। दिनेश लाल यादव निरहुआ को 13,371 तो बीएसपी प्रत्याशी गुड्डू जमाली को 13,151 वोट प्राप्त हुए हैं। सपा के धर्मेंद्र यादव को 12,090 वोट मिले हैं।
राजिंदर नगर उपचुनाव में आप के दुर्गेश पाठक 1,500 से अधिक मतों से आगे
रविवार सुबह मतगणना शुरू होने के साथ ही राजिंदर नगर विधानसभा उपचुनाव में आप उम्मीदवार दुर्गेश पाठक अपने भाजपा प्रतिद्वंद्वी राजेश भाटिया से 1,500 से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं।
सात विधानसभा सीटों पर ये है रुझान
सात विधानसभा सीटों के रुझान भी आने लगे हैं। राजिंदर नगर (दिल्ली) से आप आगे है तो आत्मकुर (आंध्र प्रदेश) से वाईएसआर कांग्रेस आगे हैं। वहीं अगरतला (त्रिपुरा) में भी कांग्रेस, जबराजनगर (त्रिपुरा) में भाजपा, सुरमा (त्रिपुरा) में भाजपा, टाउन बारडोवली (त्रिपुरा) में भाजपा (सीएम मानिक साहा) आगे चल रहे हैं। झारखंड के मांडर में कांग्रेस आगे है और बीजेपी दूसरे स्थान पर है।
Tripura Assembly by-poll results | BJP leading on three seats - Town Bardowali, Jubarajnagar & Surma; Congress leading on Agartala seat, as per ECI. pic.twitter.com/zhbFRTetSG
— ANI (@ANI) June 26, 2022
आजमगढ़ से अब बीजेपी के 'निरहुआ' आगे
भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार आजमगढ़ सीट पर बड़ा उलटफेर हुआ है। आजमगढ़ से अब भारतीय जनता पार्टी के दिनेश लाल यादव निरहुआ 5212 वोटों से आगे चल रहे हैं। रामपुर सीट से समाजवादी पार्टी के मोहम्मद आसिम राजा 15595 वोटों से आगे हैं।
UP Lok Sabha by-election results | Mohd.Asim Raja of Samajwadi Party leading from Rampur seat, Dinesh Lal Yadav Nirahua of Bharatiya Janata Party leading from Azamgarh seat, as per Election Commission of India pic.twitter.com/AVR7TPwkun
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) June 26, 2022
रामपुर सीट पर भी सपा आगे
आजमगढ़ के बाद रामपुर लोकसभा सीट पर भी सपा प्रत्याशी बीजेपी से आगे चल रहे हैं। रामपुर में सपा के आसिम रजा अब 767 वोटों से आगे हो गए हैं।
आजमगढ़ में पोस्टल बैलट में सपा के धर्मेंद्र यादव आगे
आजमगढ़ में सपा के धर्मेंद्र यादव आगे चल रहे हैं। पोस्टल बैलट की गणना में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार धर्मेंद्र भाजपा के प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ से आगे चल रहे हैं। यादव ने करीब एक हजार वोटों से बढ़त बनाई हुई है।
संगरूर सीट पर शुरूआती रूझानों में सिमरनजीत सिंह मान ने गुरमेल को पिछाड़ा
पंजाब के संगरूर सीट पर शिअद (अ) सिमनरीजत सिंह ने शुरूआती दौर की गिनती में आम आदमी पार्टी के गुरमले सिंह को पिछाड़ दिया है। सिमरनजीत सिंह मान को 2622 वोट (44.4 फीसदी वोट) वहीं गुमेल को अभी 1766 वोट (29.91 फीसद) ही मिले हैं।
आजमगढ़ में निरहुआ और पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव के बीच मुकाबला
आजमगढ़ में बीजेपी की तरफ से दिनेश लाल निरहुआ और सपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव के बीच मुकाबला है। वहीं रामपुर सीट से बीजेपी ने घनश्याम लोधी और सपा से आसिम राजा मैदान में हैं। बता दें कि घनश्याम लोधी जनवरी में ही में समाजवादी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए हैं।
संगरूर उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती के चलते सुरक्षा की गई कड़ी

पंजाब के संगरूर लोकसभा उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती आज बरनाला में शुरू हो गई है। बरनाला के एक कालेज में स्थापित एक मतगणना केंद्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर भी वोटों की गिनती शुरू
राजधानी दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। सबसे पहले 251 पोस्टल बैलेट की गिनती हो रही है। मतगणना 16 राउंड में पूरी होगी। बता दें कि आम आदमी पार्टी (आप) के दुर्गेश पाठक, भाजपा के राजेश भाटिया और कांग्रेस की प्रेमलता सहित 14 उम्मीदवार इस सीट से खड़े हैं।
आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है।मतगणना के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।
संगरूर उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू
संगरूर लोकसभा उपचुनाव के लिए रविवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हो गई है। लोकसभा सीट पर 23 जून को मतदान हुआ था, जिसमें 45.30 प्रतिशत कम मतदान हुआ।
पंजाब में आम आदमी पार्टी की साख दांव पर

पंजाब में आम आदमी पार्टी की साख दांव पर है। पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट पर उपचुनाव का परिणाम आना है। यह सीट पंजाब के सीएम भगवंत मान के सीट छोड़ने के बाद खाली हुई थी।
यूपी में हुआ था कम मतदान
यूपी की लोकसभा सीटों पर काफी कम मतदान हुआ था। आजमगढ़ में 48.58 तो रामपुर में 40 फीसद मतदान देखा गया था।
चार राज्यों की इन सीटों पर हुआ था उपचुनाव
चार राज्यों में की 7 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव 23 जून को हुए थे। सबसे ज्यादा त्रिपुरा में अगरतला, सुरमा, जुबाराजगर और बरदोवाला टाउन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ। वहीं झारखंड की मांडर, आंध्र प्रदेश की आत्माकुर और दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर भी आज नतीजे आएंगे।
आजमगढ़ और रामपुर सीटों पर कड़ा मुकाबला
आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीटों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। ये सीटें समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव और आजम खान के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद खाली हुई हैं।