बिहार दौरे पर स्टालिन, भाजपा ने घेरा; अन्नामलाई ने द्रमुक नेताओं के बिहार विरोधी रुख की खोली पोल
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बिहार दौरे से पहले भाजपा ने द्रमुक नेताओं के बिहार विरोधी बयानों को लेकर उन्हें घेरा है। अन्नामलाई ने द्रमुक नेताओं की बिहार और उत्तर भारतीयों पर कथित टिप्पणियों का संकलन जारी किया और स्टालिन को राहुल गांधी के साथ मंच पर इन टिप्पणियों को दोहराने की चुनौती दी। केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने भी स्टालिन पर हमला बोला।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बिहार दौरे से पहले भाजपा ने उनको और उनकी द्रमुक पार्टी के नेताओं के बिहार विरोधी रुख को लेकर घेरा है।
राज्य में भाजपा के नेता के अन्नामलाई ने बुधवार को द्रमुक नेताओं की बिहार और उत्तर भारत के लोगों के बारे में कथित टिप्पणियों की पोल खोली और उनके बयानों का संकलन जारी किया। उन्होंने स्टालिन को चुनौती दी कि वह बिहार में राहुल गांधी के साथ मंच साझा करते समय अपनी इन टिप्पणियों को दोहराएं।
इस बीच, केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने भी स्टालिन के खिलाफ मोर्चा खोला और पूछा कि वह किस मुंह से बिहार गए हैं।अन्नामलाई द्वारा साझा किए गए वीडियो क्लिप के संकलन में कथित तौर पर स्टालिन, उनके कैबिनेट सहयोगियों टीआरबी राजा व एन नेहरू, वरिष्ठ द्रमुक नेता के पोनमुडी और आरएस भारती के अलावा द्रमुक के सहयोगी वीसीके के नेता टी तिरुमावलवन की टिप्पणियां शामिल हैं।
अन्नामलाई का निशाना
अन्नामलाई ने कहा, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन आज बिहार में हैं। ऐसे में उनके, उनकी पार्टी के सदस्यों और उनके गठबंधन सहयोगियों द्वारा बिहार के हमारे भाइयों और बहनों के बारे में की गई असभ्य टिप्पणियों का एक संकलन प्रस्तुत है।
जबकि मुरुगन ने यह पूछा कि स्टालिन बिहार में लोगों को किस भाषा में संबोधित करेंगे। उन्होंने राहुल की वोटर अधिकार यात्रा में उनकी उपयोगिता पर भी सवाल उठाया।
गिरिराज बोले- माफी मांगें राहुल
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बिहार में उनकी वोटर अधिकार यात्रा को लेकर घेरा। उन्होंने कहा कि उन्हें बिहार और यहां के लोगों का अपमान करने वाले लोगों को यात्रा में बुलाने के लिए माफी मांगनी चाहिए।
उनका यह बयान ऐसे समय आया, जब बुधवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुए। इससे एक दिन पहले तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने यात्रा में हिस्सा लिया था। रेवंत ने दिसंबर, 2023 में कथित रूप से कहा था कि उनका डीएनए बिहार के डीएनए से बेहतर है।
महागठबंधन स्वार्थवश साथ आए लोगों का समूह- कुशवाहा
पीटीआई के अनुसार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाला ने कहा कि बिहार में विपक्षी दलों का महागठबंधन स्वार्थवश एक साथ आए लोगों का समूह है। इस गठजोड़ का कोई मतलब नहीं है। इसके उलट, राजग में सब कुछ ठीक है और चिंता की कोई बात नहीं है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।