Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'निधन पर कांग्रेस की घटिया राजनीति शर्मनाक', मनमोहन सिंह के अपमान के आरोप पर बोली भाजपा- गांधी परिवार ने बाहर...

    By Agency Edited By: Sachin Pandey
    Updated: Sun, 29 Dec 2024 11:30 PM (IST)

    Manmohan Singh पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार और स्मारक बनाए जाने को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर पूर्व पीएम का अपमान करने का आरोप लगाया था जिस पर पलटवार करते हुए भाजपा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर कांग्रेस घटिया राजनीति कर रही है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है।

    Hero Image
    भाजपा का आरोप- जानबूझकर विवाद पैदा कर रही है कांग्रेस। (File Image)

    एजेंसी, नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की निगम बोध घाट पर अंत्येष्टि किए जाने को कांग्रेस द्वारा उनका अपमान बताया जा रहा है। इस मुद्दे पर रविवार को भाजपा के तमाम नेताओं ने कांग्रेस पर जवाबी हमला किया। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के मंत्री प्रल्हाद जोशी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि ऐसे में जबकि पूरा देश पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर शोक मना रहा है, कांग्रेस घटिया राजनीति कर रही है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं, अगरतला में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कांग्रेस के इस आरोप को खारिज कर दिया कि केंद्र ने देश के पहले सिख प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार निगम बोध घाट पर करके उन्हें अपमानित किया। कहा कि मनमोहन सिंह के साथ हमारे वैचारिक और राजनीतिक मतभेदों के बावजूद वह सबसे सम्मानित व्यक्ति हैं। गांधी परिवार ने बाहर के नेताओं को कभी सम्मान नहीं दिया।

    भाजपा ने बताया पाखंड की पराकाष्ठा

    एएनआई के अनुसार, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह मनमोहन सिंह के निधन और स्मारक पर विवाद पैदा कर रही है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने पीवी नरसिंह राव के पार्थिव शरीर को पार्टी मुख्यालय तक नहीं आने दिया था और उनका अंतिम संस्कार हैदराबाद में किया गया।

    रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 2013 में तत्कालीन कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सार्वजनिक रूप से एक अध्यादेश को फाड़कर मनमोहन सिंह का अपमान किया था, जिसे केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी थी। कांग्रेस का रवैया वास्तव में पाखंड की पराकाष्ठा है।

    'पार्टी ने अपने लोगों के प्रति बरती उदासीनता'

    पीटीआई के अनुसार, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि अद्वितीय गरिमा के धनी डॉ. मनमोहन सिंह जीवन और मृत्यु दोनों में इससे बेहतर के हकदार थे। यह देखना बेहद निराशाजनक है कि कांग्रेस पार्टी उनकी अंत्येष्टि को लेकर विवाद खड़ा करने की कोशिश कर रही है। यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने इस तरह की उपेक्षा दिखाई है- चाहे वह नरसिंह राव की विरासत हो या प्रणब मुखर्जी की। पार्टी ने दुर्भाग्य से अपने ही लोगों के प्रति उदासीनता बरती है।

    भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा की इस टिप्पणी का जवाब दिया कि केंद्र को इस मामले में राजनीति और संकीर्णता से परे होकर सोचना चाहिए था। भाटिया ने प्रियंका से सोनिया गांधी और राहुल गांधी द्वारा पूर्व पीएम पीवी नरसिंह राव के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि देने की तस्वीरें साझा करने को कहा। भाटिया ने प्रियंका पर सस्ती राजनीति करने का आरोप भी लगाया।

    'मृत्यु में गरिमा होनी चाहिए'

    भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि जो लोग मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर उनके अपमान का मुद्दा उठा रहे हैं, वे यह भूल रहे हैं कि जब डॉ. सिंह जीवित थे, तब उनके साथ कैसा व्यवहार किया गया था। पूनावाला ने कहा, 'मृत्यु में गरिमा होनी चाहिए, भाजपा हमेशा इसी पर विश्वास करती है। दुर्भाग्य से कांग्रेस पार्टी मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के मुद्दे पर भी तुच्छ राजनीति करना चाहती है।'