Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    BJP ने राहुल गांधी को भिजवाई एक किलो जलेबी, इस मिठाई का हरियाणा चुनाव से क्या है नाता?

    Haryana Election 2024 हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जीत की हैट्रिक लगाई तो जीत का जश्न मनाने के लिए नेताओं ने देशभर में जलेबी बांटी। बीजेपी ने एक किलोग्राम जलेबी राहुल गांधी के आवास भी भेज दिए। आइए पढ़ते हैं कि आखिर हरियाणा विधानसभा चुनाव में जलेबी की एंट्री कैसे हुई। वहीं इस जलेबी का राहुल गांधी के चुनावी रैली से क्या नाता है।

    By Jagran News Edited By: Piyush Kumar Updated: Wed, 09 Oct 2024 08:53 AM (IST)
    Hero Image
    भाजपा ने एक किलोग्राम जलेबी राहुल गांधी को भिजवाई।(फोटो सोर्स: जागरण)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा चुनाव रिजल्ट (Haryana Election Result) के दिन जलेबी की खूब चर्चा हुई। जीत की हैट्रिक पर भाजपा ने देशभर में जलेबी (Jalebi) बांटी। इतना ही नहीं भाजपा ने एक किलोग्राम जलेबी कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के आवास पर भी भिजवा दी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दरअसल, हरियाणा चुनाव में सबसे पहली बार जलेबी का जिक्र राहुल गांधी ने ही किया था। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने गोहाना रैली के मंच पर राहुल गांधी को मातूराम की जलेबी भेंट की थी। राहुल ने इसके स्वाद की जमकर तारीफ की और निर्यात को लेकर भी चर्चा की थी।

    बीजेपी हरियाणा की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया गया है कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं की ओर से राहुल गांधी के लिए उनके घर पर बीकानेरवाला की एक किलो जलेबी भिजवा दी गई हैं।

    हरियाणा चुनाव में जलेबी की एंट्री कैसे हुई?

    गोहाना रैली के मंच मातूराम की जलेबी की तारीफ करते हुए राहुल गांधी ने रोजगार के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधा था। राहुल ने कहा था, "प्रियंका को जलेबी पसंद है। मैंने इसे खाने के बाद उन्हें मैसेज किया। उनसे कहा कि आज मैंने अपने जीवन की सबसे अच्छी जलेबी खाई है। मैं तुम्हारे लिए भी एक डिब्बा लाऊंगा।"

    राहुल गांधी ने कहा था, "इस जलेबी में हरियाणा के एक व्यक्ति का खून पसीना है। मैंने आज गाड़ी में कहा कि ये जलेबी पूरे हिंदुस्तान में जानी चाहिए। इसे बाकी देशों अमेरिका, जापान में भी अलग-अलग रूप में भेजा जाना चाहिए।"

    रिजल्ट के दिन जलेबी का जिक्र और वार-पलटवार

    इसके बाद मंगलवार (08 अक्टूबर) की सुबह जब चुनाव रिजल्ट के शुरुआती रुझान आ रहे थे तो हरियाणा कांग्रेस ने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट में लिखा, "राम-राम हरियाणा। जलेबी दिवस की शुभकामनाएं।" जैसे-जैसे समय बीतता गया रिजल्ट पलटते चले गए।

    आखिरकार चुनाव में भाजपा ने जीत की हैट्रिक लगा दी। देशभर में भाजपा नेताओं ने जीत का जश्न मनाने मनाते हुए जलेबी बांटी।  वहीं, बीजेपी हरियाणा ने कांग्रेस के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, "राम-राम हरियाणा। मातूराम जी (गोहाना वाले) आपकी जलेबी, कड़ाही, दुकान, घी और गल्ला सब सुरक्षित है क्योंकि भाजपा तीसरी बार आ गई है।"

    यह भी पढ़ें: Haryana Election Result: 'आज वो भी पछता रहा होगा...' कांग्रेस की हार पर राघव चड्ढा ने शायराना अंदाज में कसा तंज