BJP Sankalp Patra 2024: लाखों सुझावों का डेटाबेस तैयार, भाजपा के संकल्प पत्र में दिखेगा विकसित भारत का भी रोडमैप
BJP Sankalp Patra 2024 लोकसभा चुनाव में राजग की सीटें 400 पार पहुंचाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरी भाजपा अपना संकल्पपत्र भी इसी तरह का बनाने के लि ...और पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने भी अपने संकल्पपत्र को आकार देना शुरू कर दिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को घोषणापत्र समिति की पहली बैठक हुई, जिसमें विभिन्न माध्यमों से पार्टी को मिले सुझावों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। समिति के सह संयोजक पीयूष गोयल का कहना है कि भाजपा के पास लाखों सुझावों का डेटाबेस है। 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने सहित देशहित और जनहित को प्राथमिकता में रखते हुए अगली बैठक में महत्वपूर्ण बिंदु रखे जाएंगे। इस आधार पर जल्द ही संकल्पपत्र को अंतिम रूप दिया जाएगा।
राजग की सीटें 400 पार पहुंचाने का लक्ष्य
लोकसभा चुनाव में राजग की सीटें 400 पार पहुंचाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरी भाजपा अपना संकल्पपत्र भी इसी तरह का बनाने के लिए प्रयासरत है, जो सभी वर्गों को आकर्षित करे। इसके लिए सोमवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित घोषणापत्र समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे रक्षामंत्री सहित गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, रविशंकर प्रसाद सहित समिति के अन्य सदस्य शामिल हुए।
लाखों सुझावों का डेटाबेस तैयार
सह संयोजक पीयूष गोयल ने बताया कि सभी वरिष्ठ सदस्यों ने बैठक में अपने सुझाव रखते हुए 2024 तक भारत को विकसित बनाने के रोडमैप के लिए पार्टी और सरकार की रूपरेखा पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि संकल्पपत्र के लिए सुझाव एकत्र करने के उद्देश्य से लगभग 33 दिनों तक सामान्य व्यक्तियों तक पहुंचने के लिए 916 वीडियो वैन ने देशभर में 3500 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। सौ शहरों में समाज के प्रतिष्ठित लोगों के साथ बैठकें कीं। इनमें भी हजारों सुझाव आए, जिन्हें मंत्रियों व अन्य पार्टी नेताओं ने संकलित किया।
नमो एप पर भी आए सुझाव
मिस्ड कॉल अभियान को भी भाजपा ने देशभर में चलाया। लगभग पौने चार लाख सुझाव उसके माध्यम से मिले हैं। उसका डेटाबेस तैयार किया गया। इसके अलावा नमो एप पर भी एक लाख 70 हजार के आसपास सुझाव आए हैं। गोयल ने कहा कि जो यह दर्शाता है कि जनता के मन में कितना उत्साह है और वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ राष्ट्र को विकसित बनाने के संकल्प में सहभागी बनना चाहते हैं। लोगों में विश्वास है कि मोदी हैं तो मुमकिन हैं।
संकल्पपत्र को अंतिम रूप दिया जाएगा
गोयल ने बताया कि इन सभी सुझावों का डेटाबेस बनाते हुए सार्थक चर्चा हुई है। समाज के सभी वर्गों का विचार करते हुए, देशहित व जनहित को प्राथमिकता पर रखते हुए सुझावों की छंटनी की गई है। अब सुझावों पर कुछ अध्ययन कर अगली बैठक में फिर से चर्चा में लाया जाएगा। सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर उन्हें शामिल करते हुए कुछ ही दिनों में संकल्पपत्र को अंतिम रूप दिया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।